प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चीन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए दो दिन की यात्रा पर हैं। इस दौरान वह चीन की Hongqi L5 लिमोजिन कार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी मॉडल की कार चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी सार्वजनिक कार्यक्रमों में इस्तेमाल करते हैं। यह कार केवल शीर्ष चीनी नेताओं और चुनिंदा विदेशी मेहमानों के लिए इस्तेमाल की जाती है। शी जिनपिंग ने 2019 में महाबलीपुरम की यात्रा के दौरान भी इसी कार का इस्तेमाल किया था।
चीन की भाषा में होंग-ची 'Hongqi' का मतलब 'लाल झंडा' होता है। इस कार की मैन्युफैक्चरिंग चीन की सरकारी कंपनी FAW (First Automobile Works) ग्रुप करता है। यह चीन का सबसे पुराना पैसेंजर कार ब्रांड है, जिसे 1958 में शुरू किया गया था। इसे चीन के 'Made in China' ड्रीम कार के तौर पर प्रचारित किया जाता है, जो खास तौर पर चीन के नेताओं और बड़े लोगों के लिए बनाई जाती है।
शुरुआत में यह कार सिर्फ कम्युनिस्ट पार्टी के नेताओं के लिए बनती थी। साल 1981 में इसकी मैन्युफैक्चरिंग बंद कर दी गई थी। बाद में साल 1990 के दशक में कंपनी ने इस गाड़ी की मैन्युफैक्चरिंग दोबारा शुरू की और आज इसका सबसे मशहूर मॉडल Hongqi L5 है।
यह भी पढ़ें: मोदी-जिनपिंग मीटिंग: वीजा से व्यापार तक, किन-किन मुद्दों पर सहमति बनी
Hongqi L5 कार की खासियत
- 6.0 लीटर V12 इंजन, 400 से ज्यादा हॉर्सपावर।
- 100 किमी/घंटा की रफ्तार 8.5 सेकंड में पकड़ सकती है, टॉप स्पीड करीब 210 किमी/घंटा।
- लंबाई 5.5 मीटर से ज्यादा और वजन 3 टन से ज्यादा।
- अंदर शानदार लेदर सीटें, लकड़ी की सजावट और जेड (jade) इनले। पीछे की सीटों में मसाज, हीटिंग, वेंटिलेशन और एंटरटेनमेंट स्क्रीन जैसी सुविधाएं मौजूद हैं।
- सुरक्षा फीचर – ऑल-व्हील ड्राइव, अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, पार्किंग सेंसर और 360-डिग्री कैमरे।
- कीमत लगभग 5 मिलियन युआन यानी करीब 7 करोड़ रुपये। यह चीन की सबसे महंगी प्रोडक्शन कार है।
यह भी पढ़ें: सीमा पर तनातनी, व्यापार पर साथ भारत-चीन, मजबूरी है या रणनीति? समझिए
Hongqi कारों का इतिहास
- पहली कार CA72 साल 1958 में आई थी, जिसे बाद में परेड कार के रूप में भी इस्तेमाल किया गया था।
- 1963 में CA770 मॉडल आया थी, जिसकी 1980 तक करीब 1,600 कारें बनीं थीं। इसमें स्ट्रेच और आर्मर्ड वर्जन भी बने थे।
- माओ जेदोंग ने इस ब्रांड को बढ़ावा दिया लेकिन खुद उन्होंने इसे 1972 में निक्सन की यात्रा के बाद ही इस्तेमाल किया था।
- बाद में मैन्युफैक्चरिंग कम हुई और Hongqi ने ऑडी Audi 100 और Lincoln Town Car जैसी विदेशी कारों को रीब्रांड करके बेचा (1995–2006)।
- HQ3 मॉडल (टोयोटा क्राउन पर आधारित) सफल नहीं रहा।
- 2010 के दशक के बीच में H7 और L5 के साथ यह फिर से राज्य की आधिकारिक कार बनी।
- 2018 में FAW ने Hongqi को नए डिजाइन और 'Made in China' लक्जरी पहचान के साथ फिर से लॉन्च किया।
- 2018 में 33,000 कारों की बिक्री हुई थी, जो 2021 में बढ़कर 3 लाख और 2024 में 4.11 लाख तक पहुंच गई। अब यह कंपनी यूरोप, मिडिल ईस्ट और साउथ-ईस्ट एशिया में 1,000 शोरूम खोलने की तैयारी कर रही है।
शी जिनपिंग और Hongqi
- चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सार्वजनिक कार्यक्रमों में अक्सर Hongqi L5 का इस्तेमाल करते हैं।
- वह Hongqi N701 में भी सफर करते हैं, जो एक नई आर्मर्ड लिमोजिन है। इसकी तुलना अमेरिका के राष्ट्रपति की कार 'The Beast' से की जाती है।