कारोबारी हफ्ते के पहले दिन शेयर मार्केट में जबरदस्त गिरावट देखी जा रही है। Sensex और Nifty में 4 से 5% तक की गिरावट हो चुकी है। सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे तक Sensex में 3 हजार और Nifty में 945 पॉइंट्स की गिरावट आ गई है। Sensex अभी 72,400 और Nifty 21,958 पर कारोबार कर रहा है।
Sensex के सभी 30 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। टाटा स्टील के शेयरों में 8% से ज्यादा की गिरावट आई है। टाटा मोटर्स के शेयर भी 7% से ज्यादा टूट गए हैं। इनके अलावा HCL टेक्नोलॉजी, टेक महिंद्रा, इंफोसिस, लार्सन एंड टूब्रो, टीसीएस और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी भारी गिरावट आई है।
सोमवार को आई गिरावट ने Sensex और Nifty को 10 महीने के सबसे निचले स्तर पर ला दिया है। जानकारों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता के कारण अभी और गिरावट आ सकती है। सोमवार को आई गिरावट ने BSE में लिस्टेड कंपनियों की मार्केट कैप को 19 लाख करोड़ रुपये कम कर दिया है।
यह भी पढ़ें-- ज्वेलरी पर असर, फार्मा बेअसर, टैरिफ से किस सेक्टर को होगा नुकसान?
मार्केट में क्यों हुई इतनी बड़ी गिरावट?
- ट्रंप का टैरिफः अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2 अप्रैल को दुनियाभर के देशों पर रेसिप्रोकल टैरिफ लगाने का ऐलान किया था। टैरिफ की यह नई दरें 9 अप्रैल से लागू होंगी। टैरिफ को लेकर दुनियाभर में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है। ट्रंप ने भारत पर 26% का टैरिफ लगाया है।
- ट्रेड वॉर की आशंकाः ट्रंप ने चीन पर 34% टैरिफ लगाया है। चीन पर पहले ही 20% टैरिफ लगा दिया गया था। इस तरह से अब चीन पर कुल 54% टैरिफ हो गया है। इस पर चीन ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अमेरिकी इम्पोर्ट पर 34% का टैरिफ लगा दिया है। इससे ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ गई है।
- स्लोडाउन का डरः टैरिफ का असर दुनियाभर में देखा जा रहा है। टैरिफ की वजह से वैश्विक कारोबार पर असर पड़ने की आशंका है। टैरिफ के चलते महंगाई बढ़ेगी, जिससे लोग कम सामान खरीदेंगे। इस कारण ग्लोबल स्लोडाउन का डर बढ़ गया है।
यह भी पढ़ें-- 43% तक महंगे हो जाएंगे iPhones? ट्रंप का टैरिफ US के लिए भी मुसीबत!
दुनियाभर में मचा हाहाकार
डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के बाद से निवेशक सहमे हुए हैं। बिकवाली बढ़ गई है, जिस कारण मार्केट में भारी गिरावट हो रही है। दुनियाभर के शेयर बाजारों में इसका असर देखने को मिल रहा है।
एशियाई बाजारों में भी जबरदस्त गिरावट हो रही है। हॉन्गकॉन्ग के हेंगसेंग में 11%, जापान के निक्केई 225 में 7%, चीन के शंघाई SSE में 6% और साउथ कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में 5% की गिरावट आई है।
शुक्रवार को अमेरिकी मार्केट भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। अमेरिका के S&P 500 में 5.97%, Nasdaq में 5.82% और Dow Jones में 5.50% की गिरावट आई थी। इससे निवेशकों को 6 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था।
यह भी पढ़ें-- दूसरे देशों में टैरिफ लगाकर अमेरिका को 'Great' बनाएंगे ट्रंप? समझिए
ट्रेड वॉर और मंदी की आशंका बढ़ी
रिलायंस सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड विकास जैन ने न्यूज एजेंसी PTI को बताया, 'दुनियाभर के बाजारों में गिरावट से ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ गई है और मंदी का खतरा भी बढ़ गया है। इसका असर सबपर पड़ सकता है।' उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अमेरिका के Dow Jones में 2 हजार से ज्यादा पॉइंट्स की गिरावट आई थी, जो कोविड के बाद सबसे बड़ी गिरावट थी।