अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ लगाने जाने के ऐलान का असर शेयर मार्केट पर दिखाई पड़ रहा है। गुरुवार को शेयर मार्केट में गिरावट देखी जा रही है। Sensex और Nifty दोनों ही इंडेक्स लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं।
शुरुआती कारोबार में BSE का Sensex 786.36 अंक तक गिर गया था। वहीं, NSE के Nifty में भी 212.8 पॉइंट्स की गिरावट आ गई थी। हालांकि, बाद में मार्केट थोड़ा संभला जरूर लेकिन अभी भी लाल निशान पर ही कारोबार कर रहा है। गुरुवार सुबह 10:10 बजे तक Sensex 579.64 पॉइंट्स गिरकर 80,902.22 पर कारोबार कर रहा है। वहीं, Nifty भी 197.65 अंक गिरकर 24,657.40 पर कारोबार कर रहा था।
गुरुवार को रिलायस इंडस्ट्रीज, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, टाइटन और SBI के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिल रही है। हालांकि, इटरनल, हिंदुस्तान यूनिलिवर और ITC के शेयरों में उछाल आया है।
यह भी पढ़ें-- 1900 करोड़ की डील और ईरानी तेल; ट्रंप ने 6 भारतीय कंपनियों को किया बैन
मार्केट में गिरावट क्यों?
शेयर बाजार में गिरावट की वजह से अमेरिका का भारतीय इम्पोर्ट पर 25% टैरिफ लगाना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को ऐलान किया कि 1 अगस्त से भारत से आने वाले सामान पर 25% का टैरिफ लगाया जाएगा। इसके साथ ही भारतीय इम्पोर्ट पर पेनाल्टी भी लगाई जाएगी।
ट्रंप ने भारत पर यह टैरिफ इसलिए लगाया है क्योंकि वे नहीं चाहते भारत, रूस के साथ कारोबार करे। ट्रंप का कहना है कि सब चाहते हैं कि यूक्रेन में युद्ध खत्म हो लेकिन भारत, रूस के साथ कारोबार बढ़ा रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत लगातार रूस से हथियार खरीद रहा है, जो सही नहीं है।
यह भी पढ़ें-- भारत पर टैरिफ, PAK से तेल पर डील; 6 घंटे में ट्रंप के दो बड़े झटके
प्रेशर पॉलिटिक्स खेल रहे ट्रंप?
ट्रंप ने यह टैरिफ ऐसे समय लगाया है जब ट्रेड डील को लेकर भारत और अमेरिका के बीच बात चल रही है। जानकार इसे 'दबाव बनाने की रणनीति' के तौर पर देख रहे हैं, अमेरिका की मांगों के आगे भारत झुक जाए।
हालिया समय में ट्रंप ने जापान, साउथ कोरिया, यूके और यूरोपियन यूनियन समेत कई मुल्कों पर टैरिफ बढ़ाने का ऐलान किया था। इसके बाद इन देशों के साथ ऐसी ट्रेड डील हुई, जिससे अमेरिका को फायदा हुआ।
भारत पर 25% टैरिफ को भारतीय एक्सपोर्ट और अर्थव्यवस्था के लिए बुरा माना जा रहा है। हालांकि, यह भी माना जा रहा है कि ट्रेड डील को लेकर बात चल रही है, इसलिए 25% टैरिफ कम होने की उम्मीद भी है।
जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रेटजिस्ट वीके विजयकुमार ने बताया, 'निश्चित रूप से शॉर्ट टर्म में भारतीय एक्सपोर्ट और GDP ग्रोथ पर इसका असर पड़ेगा। शेयर बाजार पर भी शॉर्ट टर्म में इसका असर देखने को मिलेगा।'
यह भी पढ़ें-- 'मेरे रिजॉर्ट से जवान लड़कियां चुराता था एपस्टीन', ट्रंप का दावा
एशियाई बाजारों का क्या रहा हाल?
ट्रंप के टैरिफ की डेडलाइन गुरुवार को खत्म हो रही है। कई देशों पर अमेरिका की टैरिफ की नई दरें 1 अगस्त से लागू हो जाएंगी। इससे पहले दुनियाभर के बाजार पर इसका असर देखने को मिल रहा है।
एशियाई बाजारों में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। साउत कोरिया के Kospi, शंघाई के SSE कंपोजिट इंडेक्स और हॉन्गकॉन्ग के हेंग सेंग में गिरावट देखी जा रही है। हालांकि, जापान का Nikkei 225 बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
इससे पहले बुधवार को भारतीय शेयर बाजार भी मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था। Sensex 143.91 अंक चढ़कर 81,481.86 और Nifty 33.95 अंक की बढ़त के साथ 24,855.05 पर बंद हुआ था।