अरबपति गौतम अडानी का अडानी ग्रुप कितना टैक्स देता है? इसकी जानकारी सामने आ गई है। 2023-24 की तुलना में अडानी ग्रुप ने 2024-25 में 29% ज्यादा टैक्स दिया है। अडानी ग्रुप की तरफ से दी गई जानकारी में बताया है कि ग्रुप ने 2024-25 में करीब 75 हजार करोड़ रुपये का टैक्स जमा किया है। इससे पहले 2023-24 में अडानी ग्रुप ने 58,104 करोड़ रुपये का टैक्स भरा था।
कैसे चुकाया 75 हजार करोड़ का टैक्स?
अडानी ग्रुप ने एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया है कि 2024-25 यानी अप्रैल 2024 से मार्च 2025 में ग्रुप ने 74,945 करोड़ रुपये का टैक्स भरा है।
ग्रुप ने बताया कि 74,945 करोड़ रुपये में से 28,720 करोड़ रुपये का टैक्स अडानी ग्रुप ने सीधे जमा किया है। वहीं 45,407 करोड़ रुपये का इनडायरेक्ट टैक्स दिया है। इसके अलावा 818 करोड़ रुपये का कंट्रीब्यूशन अलग-अलग तरीकों से दिया गया है।
डायरेक्ट टैक्स में वह टैक्स शामिल है जो अडानी ग्रुप ने सीधे तौर पर सरकार को दिया है। इसमें इनकम टैक्स, GST, ड्यूटी और दूसरी तरह के चार्जेस शामिल हैं। इनडायरेक्ट टैक्स में वह रकम है, जो ग्रुप की तरफ से दूसरे स्टेकहोल्डर या कंपनियों ने जमा की है। वहीं, अन्य कंट्रीब्यूशन में सोशल सिक्योरिटी और कर्मचारियों को मिलने वाले लाभ शामिल हैं।
यह भी पढ़ें-- कैसे इलेक्ट्रिक बनेगा इंडिया? समझें क्या है भारत में EV का फ्यूचर
7 लिस्टेड कंपनियों ने दिया है टैक्स
टैक्स की यह रकम अडानी ग्रुप की 7 लिस्टेड कंपनियों की सालाना रिपोर्ट में दिए गए आंकड़ों पर आधारित है। इसमें- अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड, अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड, अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड, अडानी पावर लिमिटेड, अडानी टोटल गैस लिमिटेड और अंबुजा सीमेंट लिमिटेड शामिल हैं।
इसके अलावा, इसमें NDTV, ACC और सांघी इंडस्ट्रीज की तरफ से दिए टैक्स को भी इसमें शामिल किया गया है। यह तीनों कंपनियां भी अडानी ग्रुप का हिस्सा हैं।
यह भी पढ़ें-- F&O की एक्सपायरी को लेकर BSE और NSE में झगड़ा क्यों? समझें पूरा खेल
अडानी ग्रुप ने कमाया कितना?
अडानी ग्रुप ने हाल ही में बयान जारी कर बताया था कि 2024-25 में उसकी कमाई रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। 2024-25 में अडानी ग्रुप की 7 लिस्टेड कंपनियों ने 40,565 करोड़ रुपये की कमाई की थी। यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई है। अडानी ग्रुप की इन कंपनियों का 2024-25 में EBITDA 89,896 करोड़ रुपये रहा, जो 2023-24 की तुलना में 8.2% ज्यादा है। EBITDA से ही पता चलता है कि कंपनी की आर्थिक सेहत कैसी है।
अडानी ग्रुप ने 2024-25 में रिकॉर्ड 1.26 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया था। यह ग्रुप की तरफ से कैपिटल पर किया गया अब तक का सबसे बड़ा खर्च है। इतना ही नहीं, ग्रुप के पास अब कुल 6.09 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति हो गई है। 2019 से 2025 के बीच ग्रुप की संपत्ति सालाना आधार पर 25 फीसदी की दर से बढ़ी है।
यह भी पढ़ें-- कपड़े, टीवी, किचन; आपकी जिंदगी में कितना घुस गया है चीन?
75,000 करोड़ के टैक्स का मतलब क्या?
अडानी ग्रुप ने अपनी प्रेस रिलीज में यह भी बताया है कि 74,945 करोड़ रुपये का टैक्स कितनी बड़ी रकम है? ग्रुप ने दावा किया है कि यह रकम मुंबई मेट्रो के नेटवर्क की लागत के बराबर है। इसके अलावा यह इतनी बड़ी रकम है कि इससे एक ओलंपिक गेम का आयोजन करवाया जा सकता है।