अपनी रिपोर्ट से दुनियाभर में उथल-पुथल मचाने वाली हिंडनबर्ग रिसर्च बंद होने वाली है। कंपनी के फाउंडर नाथन एंडरसन ने इसे बंद करने का फैसला लिया है। एंडरसन ने कंपनी बंद करने के फैसले को लेकर एक लंबा-चौड़ा नोट भी लिखा है। इस नोट में एंडरसन ने बताया, 'प्लानिंग यही थी कि जिस सोच को लेकर हम काम कर रहे थे, वो वो पूरी हो जाने के बाद इसे बंद कर दिया जाएगा।'
भारत में हिंडनबर्ग रिसर्च तब चर्चा में आई थी, जब उसने अडानी ग्रुप को लेकर रिपोर्ट जारी की थी। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर धोखाधड़ी, मनी लॉन्ड्रिंग और इनसाइड ट्रेडिंग के नियमों का उल्लंघन का आरोप लगाया था।
हिंडनबर्ग ने क्या लगाया था आरोप?
24 जनवरी 2023 को हिंडनबर्ग रिसर्च ने अडानी ग्रुप पर अपनी रिपोर्ट जारी की थी। इसमें अडानी ग्रुप पर कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। हिंडनबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर शेयर बाजार में हेरफेर और अकाउंटिंग धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया था कि 2020 से ही अपनी 7 लिस्टेड कंपनियों के शेयरों में हेरफेर के जरिए गौतम अडानी ने 100 अरब डॉलर कमा लिए थे। हालांकि, अडानी ग्रुप ने इन सभी आरोपों को खारिज कर दिया था।
अडानी को कितना नुकसान हुआ था?
हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद अडानी ग्रुप और गौतम अडानी को बड़ा नुकसान हुआ था। इससे शेयर बाजार में भी उथल-पुथल मच गई थी।
रिपोर्ट आने से पहले सितंबर 2022 तक अडानी की नेटवर्थ 150 अरब डॉलर से ज्यादा थी। मगर इस रिपोर्ट के आने के बाद अडानी ग्रुप के शेयरों में भारी गिरावट आई थी। अडानी ग्रुप की 10 लिस्टेड कंपनियों को 150 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था। खुद अडानी की नेटवर्थ 100 अरब डॉलर यानी लगभग 8.60 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आ गई थी।
इतना ही नहीं, रिपोर्ट आने के बाद गौतम अडानी दुनिया के रईसों की टॉप-20 की लिस्ट से भी बाहर हो गए थे। रिपोर्ट आने से पहले अडानी एंटरप्राइजेज 20 हजार करोड़ रुपये का FPO लाने की तैयारी कर रही थी। रिपोर्ट आने के बाद इसे भी टाल दिया गया था।
ये भी पढ़ें-- अडानी को झटका देने वाली हिंडनबर्ग बंद क्यों हो रही है?
अडानी को मिल गई थी SC से राहत
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में अडानी ग्रुप और गौतम अडानी पर जो भी आरोप लगाए गए थे, उससे न सिर्फ शेयर बाजार में उथल-पुथल मची थी, बल्कि सियासी गर्मी भी बढ़ गई थी। अडानी के खिलाफ जांच की मांग उठने लगी थी। हालांकि, जनवरी 2024 में अडानी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली थी। सुप्रीम कोर्ट ने अडानी ग्रुप पर लगे हिंडनबर्ग के आरोपों की जांच SIT या CBI से जांच करवाने की मांग को खारिज कर दिया था। सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया था कि इन आरोपों की जांच SEBI के अलावा किसी और को करने की जरूरत नहीं है।
अभी तक नहीं उबर पाए अडानी!
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट आने से पहले गौतम अडानी देश के सबसे रईस शख्स बन गए थे। उन्होंने मुकेश अंबानी को पछाड़ दिया था। हालांकि, हिंडनबर्ग की रिपोर्ट ने अडानी को ऐसा झटका दिया कि इससे वो अब तक नहीं उबर सके हैं। गौतम अडानी भले ही भारत के दूसरे सबसे रईस हैं, लेकिन दो साल पहले की तुलना में उनकी नेटवर्थ आधी हो गई है। गौतम अडानी की नेटवर्थ अभी 73 अरब डॉलर के आसपास है।