अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रेसिप्रोकल टैरिफ क्या लगाया, दुनियाभर के शेयर बाजारों में उथल-पुथल आ गई। सोमवार को भारत में शेयर मार्केट में जबरदस्त गिरावट हुई। ट्रंप के टैरिफ से सोमवार को Sensex में 3 हजार तो Nifty में 900 पॉइंट्स तक की गिरावट आ गई थी। शेयर मार्केट में आई यह गिरावट जून 2024 के बाद सबसे ज्यादा थी।
शेयर मार्केट में यह गिरावट मंदी की आशंका के चलते आई। इस गिरावट से BSE पर लिस्टेड कंपनियों की मार्केट वैल्यू करीब 16 लाख करोड़ रुपये कम हो गई।
कारोबारी हफ्ते के पहले दिन हुए इस क्रैश से भारत के 4 अरबपतियों को जबरदस्त नुकसान हुआ है। इस क्रैश से मुकेश अंबानी, गौतम अडानी, सावित्री जिंदल एंड फैमिली और शिव नाडर की संपत्ति घट गई है। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलियनेयर लिस्ट के मुताबिक, इन चारों की नेटवर्थ करीब 10 अरब डॉलर तक कम हो गई है। भारतीय करंसी में यह रकम करीब 86 हजार करोड़ रुपये बैठती है।
यह भी पढ़ें-- ज्वेलरी पर असर, फार्मा बेअसर, टैरिफ से किस सेक्टर को होगा नुकसान?
किसे कितना नुकसान?
- मुकेश अंबानीः रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और भारत के सबसे अमीर शख्स मुकेश अंबानी को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। उनकी नेटवर्थ 3.6 अरब डॉलर तक गिर गई है। अब उनकी कुल नेटवर्थ 87.7 अरब डॉलर पहुंच गई है।
- गौतम अडानीः मुकेश अंबानी के बाद सबसे ज्यादा नुकसान अडानी ग्रुप चलाने वाले गौतम अडानी को हुआ है। उनकी नेटवर्थ में 3 अरब डॉलर की गिरावट आई है। अब उनकी कुल नेटवर्थ 57.3 अरब डॉलर हो गई है।
- सावित्री जिंदल एंड फैमिलीः ओपी जिंदल ग्रुप का मालिकाना हक सावित्री जिंदल और उनके परिवार के पास है। शेयर मार्केट में गिरावट से उन्हें 2.2 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। अब उनकी नेटवर्थ 33.9 अरब डॉलर पहुंच गई है।
- शिव नाडरः एचसीएल टेक्नोलॉजीस के फाउंडर शिव नाडर को भी जबरदस्त नुकसान हुआ है। उनकी नेटवर्थ में 1.5 अरब डॉलर की गिरावट आ गई है। अब उनकी कुल नेटवर्थ 30.9 अरब डॉलर पर आ गई है।
यह भी पढ़ें-- 43% तक महंगे हो जाएंगे iPhones? ट्रंप का टैरिफ US के लिए भी मुसीबत!
दुनियाभर के बाजारों में गिरावट
ट्रंप के टैरिफ के ऐलान के बाद से दुनियाभर के बाजारों में गिरावट आ रही है। एशियाई बाजारों में भी जबरदस्त गिरावट हो रही है। हॉन्गकॉन्ग के हेंगसेंग में 13.5%, जापान के निक्केई 225 में 8%, चीन के शंघाई SSE में 7.3%, ताइवान के Taiex में 9.7% और साउथ कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में 5.6% की गिरावट आई है।
शुक्रवार को अमेरिकी मार्केट भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। अमेरिका के S&P 500 में 5.97%, Nasdaq में 5.82% और Dow Jones में 5.50% की गिरावट आई थी। इससे निवेशकों को 6 ट्रिलियन डॉलर का नुकसान हुआ था।
एशिया के अलावा यूरोपीय बाजार में भी जबरदस्त गिरावट देखने को मिली है। जर्मनी के बाजार में 6.5%, फ्रांस में 5.7% और ब्रिटेन में 4.5% की गिरावट आई है।
यह भी पढ़ें-- दूसरे देशों में टैरिफ लगाकर अमेरिका को 'Great' बनाएंगे ट्रंप? समझिए
मार्केट में क्यों आई गिरावट?
सोमवार को शेयर मार्केट में आई गिरावट की वजह ट्रंप के टैरिफ को माना जा रहा है। ट्रंप ने पिछले हफ्ते दुनियाभर के देशों पर नए टैरिफ लगा दिए थे।
ट्रंप ने चीन पर 54% टैरिफ लगा दिया है। बदले में चीन ने भी अमेरिकी इम्पोर्ट पर 34% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। इससे मंदी और ट्रेड वॉर की आशंका बढ़ गई है। टैरिफ की वजह से अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है और बिकवाली बढ़ गई है।
नैटएक्सिस के गैरी एनजी ने कहा, 'बाजार में मंदी की आशंका है। इसके अलावा व्यापार पर निर्भर अर्थव्यवस्थाओं पर पड़ने वाले असर और संभावित संकटों ने भी चिंता बढ़ा दी है। ऐसे में देखना अहम होगा क्या ट्रंप जल्द ही ज्यादातर देशों के साथ कोई समझौता करेंगे या नहीं।'