कर्नाटक के बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में एक होटल में तीस वर्षीय एक महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना गुरुवार आधी रात के आसपास हुई।
खबरों के मुताबिक पुलिस ने बताया कि महिला एक कैटरिंग सर्विस में काम करती है और कोरमंगला के ज्योति निवास कॉलेज जंक्शन पर इंतजार कर रही थी, तभी करीब 20 साल की उम्र वाले चार युवक उसके पास आए और बातचीत शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, महिला 33 साल की है और शादीशुदा है।
अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि दोस्ती करने के बाद चारों लोगों ने उसे एक होटल में डिनर के लिए बुलाया।
यह भी पढ़ेंः मर्डर या सुसाइड, कैसे एक रोड एक्सीडेंट ने खोले कई राज
छत पर किया रेप
पुलिस ने बताया कि डिनर के बाद, इन लोगों ने कथित तौर पर महिला के साथ यौन संबंध बनाए और निजी होटल की छत पर उसका रेप किया। साथ ही, आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि वह इस घटना के बारे में किसी को न बताए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने शुक्रवार सुबह करीब छह बजे महिला को कथित तौर पर छोड़ दिया। पुलिस ने बताया कि घर पहुंचने पर महिला ने अपने पति को घटना के बारे में बताया और पुलिस को सूचना दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि सभी संदिग्ध दूसरे राज्य के हैं और होटलों में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ज्वाइंट कमिश्नर (ईस्ट) रमेश बनोथ ने समाचार एजेंसी को बताया, 'शिकायत के आधार पर हमने कोरमंगला पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 (सामूहिक बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया है और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चौथे आरोपी की भी पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।'
यह भी पढे़ंः नकल नहीं करने दिया तो चली गोली, बिहार के सासाराम में हंगामा