logo

ट्रेंडिंग:

दिल्ली की कुर्सी पर कौन बैठेगा? आज होगा फैसला; ये रहे 5 दावेदार

दिल्ली में बुधवार शाम को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के नाम पर फैसला लिया जाएगा। देर रात तक सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है।

AI Generated Image

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)

दिल्ली की नई सरकार शपथ कब और कहां लेगी? इसका समय और जगह तो तय है लेकिन मुख्यमंत्री पर सस्पेंस अब भी बना हुआ है। हालांकि, ये सस्पेंस आज खत्म हो सकता है। दिल्ली में बीजेपी विधायक दल की आज बैठक होनी है, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला होगा। 


दिल्ली की नई सरकार उसी रामलीला मैदान में शपथ लेगी, जहां 30 मार्च 2024 को विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक ने शक्ति प्रदर्शन किया था। रामलीला मैदान में 20 फरवरी को मुख्यमंत्री और उनके मंत्री शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण सुबह साढ़े 11 बजे होगा। पहले नई सरकार का शपथ ग्रहण शाम को साढ़े 4 बजे होना था।

दिल्ली में आज विधायक दल की बैठक

दिल्ली में बुधवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला होगा। पार्टी की ओर से दो पर्यवेक्षक विधायक दल की बैठक में शामिल होंगे। विधायक दल की ये बैठक शाम 7 बजे होगी, जिसमें बीजेपी के सभी 48 विधायक मौजूद रहेंगे। इसी बैठक में मुख्यमंत्री और मंत्रियों के नाम पर फैसला लिया जाएगा। 


बताया जा रहा है कि देर रात तक मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान किया जा सकता है। गुरुवार को मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण होगा। हालांकि, मंत्रियों के पोर्टफोलियो बंटवारे में कुछ दिन लग सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें-- 'शीशमहल' की होगी जांच, केंद्रीय सतर्कता आयोग ने दिए आदेश

कौन हो सकता है नया मुख्यमंत्री?

दिल्ली के मुख्यमंत्री के लिए कई नामों की चर्चा चल रही है। इस रेस में प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे है। प्रवेश वर्मा ने नई दिल्ली सीट से अरविंद केजरीवाल को हराया था। चर्चाएं हैं कि पार्टी महिला मुख्यमंत्री की संभावना भी तलाश रही है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री के लिए किसी ऐसे चेहरे पर भी दांव लगाया जा सकता है, जो ग्रामीण इलाके से जीता हो। पार्टी नेताओं का कहना है कि नई सरकार में युवाओं और अनुभव का संतुलन बनाने की कोशिश की जाएगी।

मुख्यमंत्री के दावेदारों में कौन?

  1. प्रवेश वर्माः नई दिल्ली सीट से विधायक बने प्रवेश वर्मा का नाम सबसे आगे है। उन्होंने यहां से पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को 4 हजार वोटों से हराया है। प्रवेश वर्मा पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे हैं। 
  2. रेखा गुप्ताः अगर पार्टी किसी महिला को मुख्यमंत्री बनाती है तो उसमें रेखा गुप्ता बाजी मार सकती हैं। शालीमार बाग सीट से जीतीं रेखा गुप्ता बीजेपी की महासचिव और महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष हैं। 
  3. विजेंदर गुप्ताः दिल्ली की रोहिणी सीट से लगातार तीसरी बार जीते विजेंदर गुप्ता का नाम भी रेस में है। विजेंदर गुप्ता दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रह चुके हैं। 61 साल के विजेंदर गुप्ता के पास 16 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति है।
  4. आशीष सूदः जनकपुरी सीट से विधायक बने आशीष सूद 58 साल के हैं। आशीष सूद को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा के करीबियों में गिना जाता है। आशीष सूद पंजाबी चेहरा हैं और संघ के करीबी भी रहे हैं।
  5. सतीश उपाध्यायः मालवीय नगर से चुनाव जीतने वाले सतीश उपाध्याय दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं। सतीश उपाध्याय दिल्ली म्यूनिसिपिल काउंसिल के वाइस चेयरमैन भी रहे हैं। वो सेंसर बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं।

यह भी पढ़ें-- क्या महायुति में सबकुछ ठीक नहीं? क्यों हो रही ऐसी चर्चाएं

रामलीला मैदान में कैसी है तैयारियां?

दिल्ली में गुरुवार को सुबह साढ़े 11 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण होना है। उपराज्यपाल वीके सक्सेना दिल्ली के नए मुख्यमंत्री और 6 विधायकों को मंत्री को शपथ दिलाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई केंद्रीय मंत्री, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और बीजेपी के तमाम बड़े नेता मौजूद रहेंगे।


नई सरकार के शपथ ग्रहण में 25 से 30 हजार लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। पार्टी नेताओं का कहना है कि 27 साल बाद बीजेपी ने दिल्ली में वापसी की है, इसलिए शपथ ग्रहण समारोह को ग्रांड बनाने पर जोर दिया गया है। समारोह में कई बॉलीवुड हस्तियां भी शामिल होंगी। 


शपथ ग्रहण समारोह के लिए रामलीला मैदान के आसपास और दिल्ली में 5 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की जाएगी। पैरामिलिट्री फोर्स की 10 कंपनियों को भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली में 2,500 से ज्यादा जगहों पर कमांडो, क्विक रिएक्शन टीम, PCR वैन और SWAT टीम भी तैनात होंगी।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap