logo

ट्रेंडिंग:

केजरीवाल के खिलाफ BJP की चार्जशीट, पढ़िए AAP सरकार पर कितने आरोप लगाए

दिल्ली में चुनाव के ऐलान से पहले ही राजनीति अपने चरम पर है। एक तरफ AAP हर दिन नई-नई योजनाओं का ऐलान कर रही है तो बीजेपी उसके अधूरे काम गिनवा रही है।

bjp leaders during press conference

'चार्जशीट' जारी करते BJP नेता, Photo: PTI

दिल्ली के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) की जंग रोमाचंक होती जा रही है। एक तरफ सत्ताधारी AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल हर दिन चुनाव ऐलान कर रहे हैं और उनसे जुड़ी योजनाएं शुरू की जा रही हैं। दूसरी तरफ BJP दिल्ली सरकार के 10 साल के कामकाज को गिनवाकर अरविंद केजरीवाल और AAP पर हमले बोल रही है। अब दिल्ली बीजेपी ने एक 'चार्जशीट' जारी करके AAP को घेरा है। इसमें बीजेपी ने आरोप लगा हैं कि AAP ने दिल्ली को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना दिया है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाए कि भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का वादा करके सत्ता में आई पार्टी शराब नीति, दिल्ली जल बोर्ड, डीटीसी और वक्फ बोर्ड से जुड़े 8 से 9 घोटालों में लिप्त रही। 


यमुना के प्रदूषण और छठ के त्योहार का जिक्र करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, 'जिस छठ पर्व को हम इतने नियम, निष्ठा और शुद्धता के साथ मनाते हैं, केजरीवाल की दिल्ली सरकार ने यमुना जी को इतना प्रदूषित कर दिया, बदबूदार, झागदार और जहरीला पानी कर दिया कि वहां अब पर्व मनाना भी बंद कर दिया गया है। मुझे याद है कि 2022 की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि 2025 के चुनाव से पहले वह यमुना नदी में डुबकी लगाएंगे। केजरीवाल जी, 10 साल हो गए, 10 दिन रह गए हैं 2025 आने में, यमुना की सफाई हुई क्या? यमुना साफ हुई क्या?'


'भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बना दिया'

 

दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी की दिल्ली इकाई ने एक ‘आरोपपत्र समिति’ बनाई थी जिसने सत्तारूढ़ AAP के विधायकों की कथित विफलताओं को गिनाते हुए विस्तृत रिपोर्ट जारी की है। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया, 'यह कैसी पार्टी है जो भ्रष्टाचार मुक्त सरकार देने का वादा करके सत्ता में आई लेकिन शराब नीति, दिल्ली जल बोर्ड, डीटीसी तथा वक्फ बोर्ड से जुड़े आठ से नौ घोटालों में लिप्त रही। उन्होंने नारा दिया, 'घोटाले पर घोटाला, केजरीवाल ने बनाया दिल्ली को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला।' उन्होंने कहा कि बीजेपी दिल्ली की सत्ता से AAP को हटाकर रहेगी।

 

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली में शिक्षा एवं स्वास्थ्य को लेकर भी आप तथा केजरीवाल पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि पार्टी नए मोहल्ला क्लीनिक तथा अस्पताल खोलने में विफल रही और उसने शहर के स्वास्थ्य ढांचे को बढ़ाने के लिए केंद्र के धन का उपयोग नहीं किया। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि वायु प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए कनॉट प्लेस में लगाया गया ‘स्मॉग टॉवर’ बेकार पड़ा है लेकिन AAP सरकार ने विज्ञापन पर करोड़ों रुपये खर्च कर दिए।

 

उन्होंने सत्तारूढ़ आप को घेरने के लिए दिल्ली में पानी की कमी, सफाई की कमी, खराब सड़कें और अन्य कुछ मुद्दों का जिक्र किया। अनुराग ठाकुर ने यह आरोप भी लगाया कि आप ‘राष्ट्र-विरोधी’ ताकतों का समर्थन कर रही है और केजरीवाल ने भारत की ओर से की गई ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ पर सवाल खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि AAP को पंजाब चुनाव में खालिस्तानी तत्वों का समर्थन मिला था।

 

वहीं, दिल्ली BJP के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल दिल्ली की जनता के साथ विश्वासघात करने वाले और धोखेबाज नेता हैं। उन्होंने आबकारी नीति, कूड़े के पहाड़, टैंकर माफिया और यमुना के प्रदूषण के मुद्दे को लेकर भी दिल्ली सरकार और आम आदमी पार्टी पर हमला बोला।

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap