संजय सिंह, पटना: बिहार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को गाली दिया जाना अब राजनीतिक मुद्दा बनता जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इसी बहाने विपक्षी नेताओं पर पलटवार किया है। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समूचा नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस अब इसे हवा देने में जुट गया है। इसी क्रम में NDA ने संयुक्त रूप से बिहार बंद बुलाया है। यह बंद 4 सितंबर को बुलाया गया है। बीजेपी नेताओं ने एक सुर में इसकी आलोचना करते हुए कहा है कि यह एक मां को नहीं, सभी मांओं के लिए गाली है।
मंगलवार को बिहार बीजेपी प्रदेश कार्यालय में बीजेपी नेताओं ने इस घटना की निंदा की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि यह घटना बिहार को कलंकित करने वाली है। उन्होंने कहा कि मां भगवान की प्रतिमूर्ति होती है, मां अपने कोख में नौ महीने बच्चे को रखती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी राजनीतिक मंच से मां को भद्दी-भद्दी गालियां दी जा सकती हैं?
यह भी पढ़ें- 'माई के बिना त...', विपक्ष के मंच से मां की गाली पर PM मोदी का जवाब
क्या है NDA का प्लान?
दिलीप जायसवाल ने आगे कहा, 'जो हमें भगवान की तरह पाल-पोस कर बड़ा करती हैं, क्या कोई उसी मां को गाली देने के विषय में सोच सकता है? बिहार को इस घटना ने शर्मसार किया। एनडीए घटक दलों के महिला मोर्चा ने मां को गाली दिए जाने के खिलाफ 4 सितंबर को बिहार बंद करने का निर्णय लिया है। यह बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगा, जिससे आम लोगों को भी परेशानी न हो। बंद के दौरान आपातकालीन सेवाएं बंद से मुक्त रहेंगी।'
यह भी पढ़ें- अल्पसंख्यक संस्थान और RTE कानून का मामला क्या है? समझिए
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के मुताबिक, इस बंद का उद्देश्य इस घटना का प्रतिकार करना है। उन्होंने बिहार के लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि इस बंद में सभी साथ आएं और आरजेडी-कांग्रेस की ओर से की गई इस घटना का प्रतिकार करें, यह महिलाओं के अपमान की बात है, इस कारण बिहार में यह पहली बार है कि महिला मोर्चा बंद कार्यक्रम में अपनी भूमिका निभाएगी।
JDU और LJP (RV) भी हैं साथ
इसी मुद्दे पर जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि महागठबंधन के वोटर अधिकार यात्रा के दौरान आरजेडी, कांग्रेस के मंच से जिस तरह पीएम मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी की गई और उनकी मां को गाली दी गई, यह लोकतांत्रिक परंपरा का भी अपमान है। उन्होंने आगे कहा, 'मां को देवी का स्थान दिया गया है। सबसे आश्चर्यजनक बात है कि महागठबंधन की ओर से अब तक इस घटना को लेकर माफी नहीं मांगी गई है। यह उनके अहंकार का परिणाम है। बिहार की धरती मां, बहन को अपमानित करने वालों को नहीं छोड़ेगी और उसका जवाब देगी। 4 सितंबर को एनडीए महिला मोर्चा की महिलाएं सड़कों पर उतरेंगी। इस घटना को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।'
यह भी पढ़ें- तेजस्वी को लेकर तेज प्रताप बोले- जो अपनों का नहीं वह जनता का कैसे होगा
उन्होंने कहा कि इस बंदी से रेल सेवा को भी मुक्त रखा गया है। लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि महिलाओं को अपमानित करना आरजेडी, कांग्रेस की संस्कृति है, पिछले लोकसभा चुनाव में भी ऐसी ही घटना को अंजाम दिया गया था। राजू तिवारी ने आगे कहा कि यह मां को अपमानित करने की घटना है, बिहार की महिलाएं इसका जवाब देंगी।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा, 'आरजेडी, कांग्रेस के मंच से जिस तरह मां को गाली दी गई, वह 15 साल पहले के जंगलराज की संस्कृति की याद दिलाता है। चुनाव आने की आहट से ही इनमें यह संस्कृति फिर से जागृत हो रही है। वे याद दिला रहे हैं कि अगर हमारी सरकार आई तो यही होगा।' राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मदन चौधरी ने इस प्रेस वार्ता में कहा, 'आरजेडी और कांग्रेस का जो संस्कार है, उसे वे परिलक्षित कर रहे हैं। किसी की भी मां, मां होती है। हम लोग सभी की मां का सम्मान करते हैं। मां में बंटवारा नहीं हो सकता। उन्होंने एक मां को अपमानित करने का काम किया है।'
इस प्रेस वार्ता को बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बेबी कुमारी, LJP (RV) महिला मोर्चा की शोभा सिन्हा, रालोमो की स्मृति कुशवाहा ने भी संबोधित किया।