उत्तम नगर दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से एक सीट है, जो पश्चिमी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में आती है। यह इलाका हरियाणा की साइबर सिटी गुरुग्राम से जुड़ा हुआ है। इस विधानसभा सीट को 2002 में परिसीमन आयोग की सिफारिशों के बाद 2008 में अस्तित्व में आई। साल 2008 के चुनाव में उत्तम नगर सीट से कांग्रेस के मुकेश शर्मा ने जीत हासिल की थी, उन्होंने बीजेपी के पवन शर्मा को हराया था। वर्तमान में उत्तम नगर सीट से आम आदमी पार्टी के नेता नरेश बाल्यान विधायक हैं।
समस्याएं क्या हैं?
उत्तम नगर में पॉश इलाके तो हैं ही जहां बेहतर सड़कें और पार्क हैं, लेकिन इस इलाके में कई अनधिकृत कॉलोनियां भी हैं। विधानसभा के प्रमुख इलाकों में उत्तम नगर, मोहन गार्डन के कुछ क्षेत्र, रामा पार्क, नवादा, संतोष पार्क और जैन कॉलोनी आदि आते हैं। यहां के गांवों और अनाधिकृत कॉलोनियों की मुख्य समस्याएं सफाई, पानी और बिजली से जुड़ी हैं। इसके अलावा पार्टियां अनाधिकृत कॉलोनियों के विकास, शिक्षा और स्वास्थ्य आदि के नाम पर वोट मांग रही हैं।
2020 में क्या हुआ था?
पिछले बार (2020) के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के नरेश बालियान ने बंपर वोटों से बीजेपी के किशन गहलोत पर जीत दर्ज की थी। नरेश बाल्यान ने 54.57 प्रतिशत मत के साथ में कुल 99,622 वोट हासिल करते हुए 19,759 वोटों के मार्जिन से जीत हासिल की थी। वहीं, बीजेपी के किशन गहलोत ने 43.75 प्रतिशत मत हासिल करते हुए 79,863 वोट मिले थे। 2020 के चुनाव में यहां से राष्ट्रीय जनता दल ने चुनाव लड़ा था। आरजेडी प्रत्याशी शक्ति कुमार बिश्नोई को मात्र 377 वोट ही मिले थे।
विधानसभा का इतिहास
उत्तम नगर में सबसे पहली बार साल 2008 में विधानसभा चुनाव हुए थे। पहले चुनाव में यह सीट कांग्रेस के खाते में गई थी, वहीं दूसरे चुनाव (2013) में यह सीट बीजेपी के पास चली गई। साल 2013 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के पवन शर्मा ने कांग्रेस के मुकेश शर्मा को हराकर कमल खिलाया था। मगर, इसके बाद उत्तम नगर सीट पर आम आदमी पार्टी का कब्जा है। 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में 'आप' के नरेश बाल्यान ने जीत हासिल की है।
हालांकि, इस बार नरेश बालियान का टिकट कट गया है, पार्टी ने उत्तम नगर से इस बार पूजा नरेश बालयान को प्रत्याशी बनाया है।
जातिगत समीकरण
उत्तम नगर विधानसभा में पूर्वांचली वोटर अच्छी-खासी संख्या में हैं। यहां किसी भी पार्टी के लिए पूर्वांचली वोटर्स निर्णायक भूमिका अदा करते हैं। इसके अलावा यहां पर बिहार, यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड सहित कई अन्य राज्यों के लोग रहते हैं, जिनकी मिली-जुली राय रहती है।