बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की फिल्म दीवार उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई थी। इस फिल्म से उन्हें एंग्री यंग मैन का टैग मिला था। इस फिल्म में अमिताभ के बचपन का किरदार मास्टर अलंकार ने निभाया था। उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया था। उन्होंने 70 के दशक में 100 से अधिक फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम किया है। उन्होंने दीवार( 1975), मजबूर (1974), सीता गीता (1972) समेत कई हिट फिल्मों में काम किया है। लोगों को लगा था कि वह बड़े होकर शानदार अभिनेता बनेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वह लाइमलाइट से दूर अपना जिंदगी बिता रहे हैं। आइए जानते हैं कहां है अलंकार जोशी?
अलंकार फिल्मी परिवार से आते हैं। उनकी बहन पल्लवी जोशी जानी मानी अभिनेत्री हैं और उनके जीजा विवेक अग्निहोत्री मशहूर निर्देशक हैं। अपने पुराने इंटरव्यू में अलंकार ने बताया था कि बड़े होने के बाद मैंने भी एक्टिंग में अपने हाथ आजमाया था लेकिन मुझे कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद कुछ समय तक बतौर प्रोड्यूसर भी काम किया लेकिन कैमरे के पीछे जम नहीं पाया। हालांकि इस दौरान मैंने अपनी पढ़ाई पर हमेशा ध्यान दिया।
यह भी पढ़ें- '120 बहादुर' में शैतान सिंह के रोल में छाए फरहान, दमदार है टीजर
अमेरिका में कंपनी चलाते हैं अलंकार
अलंकार को जब फिल्मों में भविष्य नहीं दिखा तो उन्होंने तकनीक की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने कुछ समय तक सॉफ्टेवयर कंपनी में काम किया था। इसके बाद उन्होंने अमेरिका में 2 साल तक सॉफ्टवेयर प्रोग्रामर के पद पर काम किया। बाद में उन्होंने अपने दोस्त के साथ मिलकर आईटी कंपनी शुरू की। वह पिछले 35 सालों से अमेरिका में बसे हुए हैं। उनकी नेटवर्थ करीब 200 करोड़ रुपये है। उनकी दो बेटियां और एक बेटा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अलंकार की दोनों बेटियां हॉलीवुड इंडस्ट्री में अभिनेत्री के तौर पर काम कर रही हैं। उनके बेटे कि दिलचस्पी म्यूजिक में है और वह सिंगर हैं। अलंकार की बड़ी बेटी अनुजा जोशी अमेजन एमएक्स प्लेयर की थ्रिलर वेब सीरीज 'हेल्लो मिनी' में नजर आई थीं। अलंकार की बड़ी बहन पद्मश्री मराठी फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेत्री हैं।
यह भी पढ़ें- मोहित सूरी ने 'आशिकी 3' के बजाय क्यों चुनी थी 'सैयारा'? बताई वजह
क्या शोहरत को मिस करते हैं अलंकार?
अलंकार से पूछा गया कि क्या वह लाइमलाइट को मिस करते हैं? उन्होंने कहा था, 'वह हमेशा इसके करीब रहे हैं। मैं खुद को वह खिलाड़ी मानता हूं जिसने शानदार खेला और यादगार पल दिए लेकिन अब मैदान से दूर हूं'।