अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'जॉली एलएलबी-3' रिलीज होने से पहले ही विवाद में घिर गई है। पुणे की एक अदालत ने बॉलीवुड ऐक्टर अक्षय कुमार, अरशद वारसी और डायरेक्टर सुभाष कपूर को जॉली एलएलबी-3 को लेकर एक नोटिस भेजा है। वकील वाजिद खान बिदकर ने कोर्ट में इस फिल्म को लेकर एक याचिका दायर की थी, जिसमें उन्होंने फिल्म के एक सीन में कोर्ट की मानहानि का आरोप लगाया है। इस सीन में जज को मामा कहा गया है। कोर्ट ने उनकी ही याचिका पर इन तीनों को 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है।
वकील वाजिद रहीम बिदकर ने कोर्ट और न्याय व्यवस्था का मजाक बनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म कोर्ट कार्यवाही का अनादर करती है। उन्होंने फिल्म में कानून व्यवस्था को नकारात्मक रूप में दिखाए जाने पर आपत्ति जताई है। इस फिल्म के एक सीन का जिक्र उन्होंने अपनी याचिका में किया है, जिसमें जजों को मामा कहा गया है। यह एक स्लैंग टर्म है लेकिन वकील ने इसे कोर्ट का अपमान माना है।
यह भी पढ़ें- तलाक पर बोलीं धनश्री, शुगर डैडी वाली टीशर्ट पर युजवेंद्र को दिया जवाब
क्या बोले वकील?
इस याचिका पर वकील वाजिद रहीम ने मीडिया से बात करते हुए कहा, 'अक्षय कुमार की फिल्म जॉली एलएलबी 3 आने वाली है लेकिन इस फिल्म में वकीलों और जजों का अपमान किया है। उन्होंने कोर्ट पर कई आरोप लगाए हैं और जजों को मामा कहा है। वकीलों का सम्मान होना चाहिए। इसलिए मैंने कोर्ट में एक याचिका दायर की है कि वकीलों और जजों के बारे में जो कुछ भी दिखाया गया है वह गलत है। कोर्ट में एक सिविल केस फाइल किया गया है और कोर्ट ने अब उस पर सुनवाई करते हुए उनको कोर्ट में पेश होने का आदेश दिया है।'
जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा कि अगर वह नहीं आए तो आगे आप क्या करेंगे। इसके जवाब में वाजिद रहीम ने कहा कि अगर वह कोर्ट में पेश नहीं होते तो मैं उन पर कोर्ट की अवमानना का केस चलाऊंगा। उन्होंने कहा, 'सिनेमा के नाम पर उनको कोर्ट और वकीलों का अपमान करने की आजादी नहीं दी जा सकती। अगर वह कोर्ट का आदेश नहीं मानते तो मैं आगे भी कानूनी कार्रवाई करूंगा। मुझे न्याय व्यवस्था पर पूरा विश्वास है।'
यह भी पढ़ें- जेसिका हाइंस से था आमिर का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर, कौन हैं वह?
जॉली एलएलबी 3
जॉली एलएलबी-3 लीगल कॉमेडी की तीसरी फिल्म है। इससे पहले जॉली एलएलबी एक और दो रिलीज हो चुकी हैं। साल 2013 में अरशद की डायरेक्शन में जॉली एलएलबी-1 ने 10 करोड़ के बजट में करीब 50 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इस फिल्म में अरशद वारसी ने एडवोकेट जगदीश त्यागी उर्फ जॉली की भूमिका निभाई थी। उनके साथ बोमन ईरानी, अमृता राव और सौरभ शुक्ला भी थे। जॉली एलएलबी-2 दुनियाभर में हिट रही थी। इस फिल्म में अक्षय कुमार ने जॉली का किरदार निभाया था और इसने 200 करोड़ से ज्यादा की कमाई की थी। इस फिल्म में एक्ट्रेस हुमा कुरैशी और अन्नू कपूर भी थे।
जॉली एलएलबी 3 में दोनों ऐक्टर एक साथ नजर आएंगे। सुभाष कपूर की लिखी और उनके डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को आलोक जैन और अजीत अंधारे ने स्टार स्टूडियो 18 के बैनर तले बनाया है। जॉली एलएलबी-3, 19 सितंबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अक्षय कुमार के फैंस उनकी इस नई फिल्म का इंतजार कर रहे हैं।