• NEW DELHI 23 Jan 2025, (अपडेटेड 23 Jan 2025, 7:58 PM IST)
अनुजा प्रियंका चोपड़ा और गुनीत मोंगा के प्रोडक्शन हाउस की ओर से बनाई गई एक शॉर्ट फिल्म है। इस फिल्म को लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म की कैटेगरी में ऑस्कर में नॉमिनेशन मिला है।
फिल्म अनुजा का एक सीन। (Photo Credit: ANUJA, Sneak Peek, Netflix India)
ऑस्कर 2025 के लिए शॉर्ट फिल्म 'अनुजा' नॉमिनेट हुई है। गुनीत मोंगा और प्रियंका चोपड़ा के सहयोग से बनी इस फिल्म को लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। बेस्ट लाइव एक्शन शॉर्ट फिल्म कैटेगरी के लिए कुल 180 फिल्में नॉमिनेशन के लिए भेजी गई थीं, जिनमें से केवल 5 को जगह मिल पाई है।
अब ट्रॉफी जीतने की रेस में 5 फिल्में हैं। 'अनुजा' को एलियन, आई एम नॉट ए रोबोट, द लास्ट रेंजर और ए मैन हू वुड नॉट रिमेन साइलेंट के साथ नामांकित किया गया है। गुनीत मोंगा का ऑस्कर में तीसरा नॉमिनेशन है।
गुनीत मोंगा की बनाई गई डॉक्यूमेंट्री द एलीफेंट व्हिस्परर्स और पीरियड: एंड ऑफ सेंटेंस ने ऑस्कर जीता था। इसने हिंदुस्तानी सिनेमा को चर्चा में ला दिया था। 97वें ऑस्कर का आयोजन 2 मार्च को डॉल्बी थिएटर में होगा। कॉनन ओ'ब्रायन 2025 के ऑस्कर को होस्ट कर रहे हैं।
क्या है अनुजा की कहानी? अनुजा एक 9 साल की लड़की की कहानी है। वह अपनी बड़ी बहन पलक के साथ एक कपड़ा फैक्ट्री में काम करती है। ट्रेलर में दोनों बहनें आपस में बात करती नजर आती हैं। बच्ची अपनी बड़ी बहन को एक अंधेरे कमरे में अखबार का विज्ञापन पढ़कर सुनाती है।
विज्ञापन में एक दूल्हे का जिक्र होता है, जिसे दुलहन चाहिए। दुलहन का रंग गोरा चाहिए लेकिन वह ज्यादा महात्वाकांक्षी नहीं होनी चाहिए। बड़ी बहन इस पर ऐतराज करती है और कहती है कि बाय-बाय मिस्टर हैंडसम।
डार्क बैकग्राउंड में शूट हुई इस फिल्म की कहानी अनुजा के इर्द-गिर्द घूमती है। एडम जे ग्रेव्स ने इस फिल्म को बाल मजदूरों के लिए श्रद्धांजलि बताई है। महज 1 मिनट के ट्रेलर में ही ये फिल्म दिल को छूती नजर आती है। फिल्म की कहानी, लड़कियों के महत्वाकांक्षा पर बनी है, जिनके पास अपनी मेहनत पर कुछ कर गुजरने का जज्बा है।
देखिए फिल्म का ट्रेलर-
कौन हैं फिल्म के निर्देशक? अनुजा का निर्देशन एडम जे ग्रेव्स ने किया है। यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसे प्रोड्यूस एडम की पत्नी सुचित्रा मट्टई ने भी किया है। लाइव-एक्शन फिल्म में प्रियंका चोपड़ा, मिंडी कलिंग और गुनीत मोंगा भी शामिल हैं। प्रियंका इस फिल्म की इस फिल्म का निर्माण सलाम बालक ट्रस्ट (SBT) के सहयोग से किया गया है।
सलाम बालक ट्रस्ट (SBT), साइन ग्लोबल और नाइक फिल्म्स भी इस फिल्म के प्रोडक्शन में शामिल हैं। मिंडी कलिंग इस फिल्म के निर्माताओं में से एक हैं। इसमें अनन्या शानबाग, सजदा पठान, नागेश भोसले जैसे कलाकार हैं। अनुजा की रिलीज की तारीख अभी तय नहीं की गई है।