logo

ट्रेंडिंग:

बांग्लादेशः आधी रात ढाका से लंदन पहुंचीं खालिदा जिया, क्यों उठे सवाल?

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष आधी रात कतर के प्लेन से लंदन पहुंचीं हैं। उनके इस तरह से जाने पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

khaleda zia

खालिदा जिया। (Photo Credit: X@BNPBdMediaCell)

बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता बनी हुई है। पिछले साल 5 अगस्त को शेख हसीना के तख्तापलट के बाद से वहां हालात ठीक नहीं हुए हैं। अब पूर्व प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की अध्यक्ष आधी रात को ढाका से लंदन पहुंच गई हैं। खालिदा जिया के अचानक लंदन पहुंचने पर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं। हालांकि, BNP का कहना है कि खालिदा जिया इलाज के लिए लंदन गईं हैं।


खालिदा जिया और शेख हसीना एक-दूसरे की कट्टर विरोधी थीं। 79 साल की खालिदा जिया ने 6 साल जेल में बिताए। जुलाई 2017 के बाद खालिदा जिया पहली बार विदेश गईं हैं। 7 साल बाद उन्होंने अपने बेटे तारिक रहमान से मुलाकात की।

क्यों पहुंची लंदन?

बताया जा रहा है कि खालिदा जिया मंगलवार रात करीब 8 बजे अपने घर से ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंची थीं। रात करीब 10 बजे कतर ने अपने विमान भेजा। इसी विमान में बैठकर रात 11.47 बजे खालिदा जिया लंदन के लिए रवाना हुईं। रात 2.55 बजे उनका विमान लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतरा। यहां उनके बेटे तारिक रहमान ने उन्हें रिसीव किया। तारिक रहमान सालों से लंदन में हैं और वहीं से पार्टी का काम संभालते हैं। 


BNP के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम ने कहा, 'खालिदा जिया 6 साल से जेल में थीं। वो काफी बीमार हो गई थीं। शेख हसीना की सरकार से हमने कई बार विदेश जाकर इलाज कराने की अनुमति मांगी थी, लेकिन हमें नहीं मिली।'

 

सवाल क्यों उठ रहे?

BNP का दावा है कि खालिदा जिया इलाज के लिए लंदन पहुंची हैं। उनका परिवार भी वहीं रहता है। हालांकि, खालिदा जिया के लंदन जाने पर कई तरह के सवाल भी उठ रहे हैं।


बांग्लादेश में कई लोग आरोप लगा रहे हैं कि अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद युनूस जानबूझकर चुनाव कराने में देरी कर रहे हैं। खालिदा जिया के लंदन जाने के बाद अब बांग्लादेश की दो बड़ी सियासी शख्सियतें विदेश में हैं। आरोप है कि यूनुस ने पहले शेख हसीना को बाहर किया और अब खालिदा जिया को भी किनारे कर दिया।


सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि खालिदा जिया ने ऐसे वक्त पर देश छोड़ा है, जब उनकी पार्टी BNP चुनाव कराने की मांग कर रही है। और तो और सवाल इसलिए भी उठाए जा रहे हैं, क्योंकि अंतरिम सरकार के करीबियों ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 

क्या अब वापस आ पाएंगी खालिदा जिया?

पिछले साल तख्तापलट के बाद शेख हसीना दिल्ली में हैं। उनके लौटने की फिलहाल तो कोई गुंजाइश नहीं दिख रही है। अब खालिदा जिया भी विदेश चली गईं हैं। बताया तो जा रहा है कि वो इलाज के लिए लंदन गई हैं, लेकिन उनकी वापसी कब होगी, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।


सवाल उठ रहा है कि खालिदा जिया लंदन तो चली गईं हैं, लेकिन क्या वो आसानी से वापस बांग्लादेश आ पाएंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि 2007 में बांग्लादेश की सरकार ने शेख हसीना को वापस आने से मना कर दिया था। इसके बाद उनके सामने शर्त रखी गई थी कि वो लौटकर राजनीति से दूर रहेंगी। हालांकि, शेख हसीना वापस आने के बाद राजनीति में आईं और 2009 में प्रधानमंत्री भी बनीं।


बहरहाल, खालिदा जिया के लंदन जाने पर बांग्लादेश में सियासत तेज हो गई है। कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। जबकि, मोहम्मद युनूस साफ कर चुके हैं कि चुनाव सुधारों के बाद ही बांग्लादेश में चुनाव कराए जाएंगे।

Related Topic:#Bangladesh

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap