रूस से तेल खरीदने के कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50% टैरिफ लगा दिया है। अब व्हाइट हाउस का कहना है कि भारत पर यह टैरिफ इसलिए लगाया गया है, ताकि रूस और यूक्रेन की जंग खत्म की जा सके। व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने कहा कि यूक्रेन में जंग खत्म करने के लिए भारत पर टैरिफ लगाने सहित कई कदम उठाए गए हैं।
दरअसल, ट्रंप सरकार का मानना है कि भारत रूस से सस्ते में तेल खरीद रहा है, जिससे उसे यूक्रेन में जंग लड़ने में मदद मिल रही है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि भारत न सिर्फ रूस से सस्ता तेल खरीद रहा है, बल्कि उसे ओपन मार्केट में बेचकर मोटा मुनाफा भी कमा रहा है। उसे इस बात की कोई परवाह नहीं है कि यूक्रेन में रूस की वजह से कितने लोग मारे जा रहे हैं।
हालांकि, अब व्हाइट हाउस का कहना है कि भारत पर टैरिफ लगाकर रूस पर दबाव बनाया जा रहा है, ताकि यूक्रेन में युद्ध को खत्म किया जा सके।
यह भी पढ़ें-- मजबूरी या जरूरत! रूस का तेल भारत के लिए फायदे का सौदा क्यों?
व्हाइट हाउस ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने प्रेस ब्रीफिंग में कहा, 'राष्ट्रपति ने इस युद्ध को खत्म करने के लिए भारी दबाव डाला है। उन्होंने कुछ कदम उठाए हैं। जैसा कि आपने भारत पर टैरिफ और बाकी कार्रवाइयों में देखा होगा।'
लेविट ने आगे कहा, 'उन्होंने साफ कर दिया है कि वह इस युद्ध को जल्द से जल्द खत्म होते देखना चाहते हैं। उन्होंने इस बात को मानने से मना कर दिया कि किसी भी मीटिंग से पहले हमें एक महीने और इंतजार करना चाहिए।'
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रपति ट्रंप यूक्रेन जंग को जल्द से जल्द खत्म करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें-- स्वेटशर्ट और ब्लैक ब्लेजर; कपड़ों ने तय किया रूस-यूक्रेन का भविष्य?
चीन पर टैरिफ क्यों नही? बेसेंट ने दिया जवाब
रूस से तेल खरीदने पर ट्रंप ने भारत पर ही टैरिफ लगाया है जबकि चीन उसका सबसे बड़ा खरीदार है। चीन पर टैरिफ न लगाए जाने पर ट्रंप की आलोचना भी हो रही है। इस पर अब अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ऐसा इसलिए क्योंकि भारत 'मुनाफा' कमा रहा है।
स्कॉट बेसेंट ने CNBC से बात करते हुए कहा, भारत तेल को दोबारा बेचकर 'मुनाफाखोरी' कर रहा है और अरबों डॉलर कमा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, 'भारत पहले रूस से 1 प्रतिशत से भी कम तेल खरीदता था लेकिन अब यह 42 प्रतिशत हो गया है। भारत बस मुनाफाखोरी कर रहा है। वह इसे दोबारा बेच रहा है।' उन्होंने दावा करते हुए कहा, 'भारत के कुछ सबसे अमीर परिवारों ने 16 अरब डॉलर का अतिरिक्त मुनाफा कमाया है।'
बेसेंट ने कहा, 'भारतीय कंपनियां जो सस्ता तेल खरीदकर उसे दोबारा बेच रही हैं, उसकी शुरुआत यूक्रेन युद्ध के दौरान ही हुई है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।'
यह भी पढ़ें-- दुनिया पर टैरिफ लगाकर कितना कमा रहा है ट्रंप का अमेरिका?
ट्रंप ने लगाया है 50% टैरिफ
रूस से तेल खरीदने का हवाला देकर ट्रंप ने भारत से अमेरिका आने वाले सामान पर 50% टैरिफ लगा दिया है। उन्होंने पहले 25% टैरिफ लगाया था, जो 7 अगस्त से लागू हो गया है। इसके बाद ट्रंप ने 25% टैरिफ और लगा दिया है, जो 27 अगस्त से लागू होगा।
ट्रंप के टैरिफ पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। ट्रंप के टैरिफ पर बयान जारी करते हुए भारत ने कहा कि कई देश रूस के साथ कारोबार कर रहे हैं, फिर भी भारत को निशाना बनाना अनुचित और गैर-वाजिब है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम 140 करोड़ लोगों के हित को ध्यान में रखते हुए हर जरूरी कदम उठाएंगे।