logo

ट्रेंडिंग:

रूस में जोरदार भूकंप, 8.8 रही तीव्रता; US-जापान में सुनामी का अलर्ट

रूस के कामचटका प्रायद्वीप में 8.7 की तीव्रता वाला भूकंप आया है। इसके बाद अमेरिका और जापान समेत कई देशों में सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है।

russia earthquake

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)

रूस में बुधवार को एक जोरदार भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 8.8 रही। इसके बाद अमेरिका और जापान में भी सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया गया है। यह भूकंप रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट से थोड़े दूर पर आया।

 

न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक, यह भूकंप पेट्रोपावलोव्स्क-कामचट्स्की शहर से लगभग 131-136 किलोमीटर दूर समुद्र में था। यह शहर कामचटका प्रायद्वीप का एक बड़ा शहर है, जहां करीब 1.8 लाख लोग रहते हैं।

 

यह भूकंप सिर्फ 19.3 किलोमीटर की गहराई पर था, यानी यह काफी उथला था। उथले भूकंप ज्यादा खतरनाक होते हैं क्योंकि इनसे जमीन पर ज्यादा हलचल होती है और सुनामी का खतरा बढ़ जाता है।

 

यह भी पढ़ें-- मदद के बदले खनिज! यूक्रेन के बाद अब अमेरिका की नजर कांगो पर

भूकंप के बाद सुनामी का अलर्ट

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के मुताबिक, रूस में आए इस भूकंप की तीव्रता 8.8 थी। यह बहुत खतरनाक मानी जाती है। इसके बाद अमेरिका और जापान ने सुनामी का अलर्ट जारी किया है।

 

अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सिस्टम ने अगले तीन घंटों के भीतर 'खतरनाक सुनामी लहरों' की चेतावनी जारी की है। अमेरिकी एजेंसी ने हवाई द्वीप और रूस के तटीय इलाकों में 3 मीटर यानी 10 फीट से ज्यादा ऊंची लहरे उठने की आशंका जताई है।

 

इसके अलावा, अमेरिकी एजेंसी ने चुउक, कोसरे, मार्शल द्वीप, पलाऊ और फिलीपींस के कुछ इलाकों में 1 से 3.3 फीट ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है।

 

 

इस बीच साउथ कोरिया, नॉर्थ कोरिया और ताइवान के तटों पर भी छोटी सुनामी लहरें आने की आशंका है। यह लहरें लगभग 1 फीट तक ऊंची हो सकती हैं।

 

जापान ने भी सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। जापान के तटीय इलाकों में 1 मीटर यानी 3.3 फीट ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है। जापान के प्रधानमंत्री शिगेरु इशिबा ने एक इमरजेंसी कमेटी का गठन किया है।

 

यह भी पढ़ें-- थाईलैंड-मलेशिया के बीच अचनाक बिना शर्त सीजफायर कैसे हो गया?

क्या अब तक कुछ नुकसान?

उथले भूकंप समुद्र के तल को हिला देते हैं, जिससे पानी में तेज हलचल होती है और सुनामी लहरें बन सकती हैं। 8.8 तीव्रता का भूकंप बहुत शक्तिशाली होता है, इसलिए खतरा बड़ा था।

 

हालांकि, रूस का कहना है कि अब तक इस भूकंप से किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। कामचटका के गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने कहा, 'आज का भूकंप गंभीर था। यह दशकों का सबसे शक्तिशाली भूकंप था'

 

भूकंप और सुनामी के अलर्ट के बाद लोगों को यहां से निकाला जा रहा है। रूस के सखालिन के छोटे से शहर सेवेरो-कुरिल्स्क से लोगों को निकाला जा रहा है।

कामचटका में पहले भी आ चुके हैं भूकंप

रूस के कामचटका में इससे पहले भी कई शक्तिशाली भूकंप आ चुके हैं। यह इलाका ज्वालामुखियों और भूकंपों के लिए जाना जाता है। कामचटका प्रायद्वीप जहां स्थित है, वहां प्रशांत और उत्तरी अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेट्स मिलती हैं, इसलिए यह इलाका भूकंप का हॉटस्पॉट है।

 

इससे पहले 20 जुलाई को ही कामचटका के पास समुद्र में 5 शक्तिशाली भूकंप आए थे। इनमें सबसे बड़ा भूकंप 7.4 तीव्रता का था।

 

1900 के बाद से इस इलाके में 8.3 या उससे ज्यादा तीव्रता के सात बड़े भूकंप आ चुके हैं। 4 नवंबर 1952 को यहां 9 की तीव्रता का भूकंप आया था। इससे हवाई द्वीप में 9 फीट से ज्यादा ऊंची लहरें उठी थीं।

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap