कोई पद नहीं, मगर तूती बोलती; इस महिला के इशारों पर क्यों नाचते ट्रंप?
दुनिया
• NEW YORK CITY 07 Aug 2025, (अपडेटेड 08 Aug 2025, 12:07 AM IST)
अमेरिकी सत्ता गलियारों में एक महिला बेहद ताकत के साथ उभर रही है। व्हाइट हाउस में कोई पद नहीं मिला है। मगर बाहर से ही वह किसी का भी करियर तबाह करने की ताकत रखती है।

डोनाल्ड ट्रंप और लारा लूमर। ( Photo Credit: X/@realDonaldTrump/wikipedia)
दुनिया के सबसे ताकतवर ओवल ऑफिस में 31 साल की एक हसीना की खूब चलती है। उसके एक इशारे पर अधिकारियों का तबादला हो जाता है। किसको हटाना है और किसको नियुक्त करना है, यह सब कुछ ये महिला तय करती है। दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने इस महिला को कोई आधिकारिक पद तो नहीं दिया है। मगर ओवल ऑफिस में उसकी हैसियत किसी से कम नहीं है। आज यही महिला अमेरिका में अधिकारियों के भाग्य का फैसला कर रही है। किसका करियर बनाना है और किसका बिगाड़ना है, यह सब उसके हाथ में है। नाम- लारा लूमर है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर लारा लूमर का खूब प्रभाव है। यही वजह है कि वे लूमर की कोई बात काट नहीं पाते हैं। ओवल ऑफिस हो या ट्रंप का मार-ए-लागो, हर जगह लारा लूमर की बेरोक-टोक पहुंच है। लूमर दक्षिणपंथी विचारधारा से जुड़ी हैं। मुस्लिमों के प्रति उनकी नफरत जगजाहिर है। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में लूमर ने ट्रंप का जमकर प्रचार किया। उनके साथ चुनाव अभियान में हिस्सा लिया और अक्सर हवाई यात्रा में साथ दिखीं। ट्रंप के साथ पत्नी मेलानिया से ज्यादा लारा लूमर दिखने लगीं तो अमेरिका में एक नई चर्चा शुरू हुई।
यह भी पढ़ें: रूस से तेल खरीदना भारत को पड़ा महंगा, ट्रंप ने बढ़ाया 25% टैरिफ
मजाक-मजाक में ऐसी ही एक चर्चा एचबीओ टॉक शो होस्ट बिल माहेर ने छेड़ी। 2024 में माहेर ने दावा किया कि लूमर की ट्रंप के साथ अरेंज मैरिज हो सकती है। बाद में उन्होंने एक और मजाक किया और ट्रंप के साथ लूमर के सोने की बात कह दी। मगर यह बात लारा लूमर को नागवार गुजरी। उन्होंने बिल माहेर के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दाखिल कर दिया। यह तो बिल माहेर और लारा के बीच छिड़े विवाद की छोटी सी कहानी है। अब लौटते हैं असल मुद्दे पर।
इस्तीफे से पहले आता है सोशल मीडिया पोस्ट
लारा लूमर ट्रंप सरकार का हिस्सा नहीं है। मगर जलवा किसी मंत्री से कम भी नहीं है। उच्च पदों पर बैठे अधिकारियों को हटाने की जानकारी सबसे पहले लारा लूमर अपने सोशल मीडिया पोस्ट पर साझा करती हैं। इसके बाद इस्तीफे की खबर आती है। मतलब साफ है कि कौन इस्तीफा देने जा रहा है, इसकी जानकारी लारा लूमर को पहले से होती है।
लारा लूमर का काम क्या है?
लारा लूमर खुद को खोजी पत्रकार बताती हैं। उनके पास एक छोटी रिसर्च टीम है। यह टीम ऑनलाइन कर्मचारियों का बैकग्राउंड खंगालती है। अधिकारियों के अतीत के बारे में शोध करना और विवादित जानकारी मिलने पर ट्रंप के अलावा एक्स और रंबल जैसी साइटों पर साझा करना ही लूमर का काम है। कोई अधिकारी पहले किस पार्टी से जुड़ा था, उसने किसको चंदा दिया, कहां-कहां नौकरी कर चुका है, यह सब वे खोजती रहती हैं। अगर कुछ भी विवादित मिलता है तो उसे ट्रंप से साझा करती हैं। एक बार लूमर ने खुद ही कहा था कि मैं राष्ट्रपति के लिए काम नहीं करती हूं। मगर मुझे पता है कि जब वे मेरी रिपोर्ट देखते हैं तो प्रतिक्रिया देते हैं।
कैसे ट्रंप के नजदीक आईं लारा लूमर?
वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक 2024 के प्राइमरी चुनाव के वक्त लारा और ट्रंप के बीच नजदीकी बढ़ी। दरअसल, ट्रंप के विरोधी और फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डेसेंटिस के खिलाफ लारा लूमर ने सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ रखा था। लारा ने रॉन के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों की अगुवाई की। उनकी इन सोशल मीडिया पोस्ट पर जब ट्रंप की नजर पड़ी तो वे उस पर प्रतिक्रिया देने लगे। बाद में रॉन डेसेंटिस ने चुनाव से हटना का फैसला किया तो डोनाल्ड ट्रंप ने लारा लूमर को न केवल फोन किया, बल्कि उनका आभार भी जताया। तब से लारा ट्रंप की खास टीम का हिस्सा हैं।
यह भी पढ़ें: खत्म होगी रूस-यूक्रेन में जंग? ट्रंप और पुतिन में जल्द होगी मीटिंग
ट्रंप के साथ रिश्ते पर क्या सोचती हैं लारा?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप अक्सर लारा को फोन करते हैं। कभी-कभार दोनों साथ में लंच तक करते हैं। ट्रंप के आस-पास तैनात अधिकारियों की वफादारी किसके प्रति है, इसका खुलासा करने में लारा लूमर माहिर है। यही वजह है कि जब वह अपनी रिपोर्ट ट्रंप को भेजती हैं तो ट्रंप लाजिमी तौर पर उस पर एक्शन लेते हैं। ट्रंप के साथ अपने संबंधों पर लारा कहती हैं, 'ट्रंप के साथ मेरी दोस्ती सच्ची और अनमोल है। इस दोस्ती की मैं कद्र करती हूं। लोगों के लिए इसे स्वीकार करना मुश्किल है।' उधर, डोनाल्ड ट्रंप लारा लूमर को देशभक्त बता चुके हैं।
किस-किस पर गिर चुकी लारा लूमर की गाज?
- सीएनएन के एक इंटरव्यू में लारा लूमर ने अमेरिका के मुख्य वैक्सीन नियामक, एक वरिष्ठ राष्ट्रीय सुरक्षा वकील और वेस्ट पॉइंट में एक साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ को पद से हटाने में अपनी भूमिका मानी थी। ट्रंप का एक सलाहकार ने लारा को एक बेलगाम तोप तक कह दिया है।
- इसी साल अप्रैल महीने में लारा लूमर और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हुई। इसके बाद राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद से कई लोगों को बर्खास्त कर दिया गया था।
जुलाई महीने में लारा ने डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। इसके एक दिन बाद ही राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी की महाधिवक्ता अप्रैल फाल्कन डॉस को बर्खास्त कर दिया गया। - अमेरिका के शीर्ष वैक्सीन नियामक विनय प्रसाद पर लारा लूमर ने निशाना साधा और उन्हें ट्रंप के खाद्य एवं औषधि प्रशासन को कमजोर करने वाला एक प्रगतिशील वामपंथी विध्वंसक बताया। इसके बाद विनय प्रसाद ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
- मई महीने में माइक वाल्ट्स को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के पद से हटाया गया और बाद में संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका का राजदूत बनाया गया। इस मामले में भी लारा की भूमिका अहम थी।
लारा के निशाने पर आगे कौन-कौन?
अटॉर्नी जनरल पाम बॉन्डी भी लारा की ब्लैकलिस्ट में शामिल हैं। कृषि सचिव ब्रुक रोलिंस पर भी लारा की निगाह टेढ़ी है। इसके अलावा मियामी के रिपब्लिकन प्रतिनिधि कार्लोस गिमेनेज भी टारगेट में है। उनकी लारा से ऑनलाइन बहस हुई थी। तुर्किये में अमेरिकी राजदूत टॉम बैरक और संघीय ऊर्जा नियामक आयोग के डेविड लैसर्ट को भी लारा हटवाना चाहती हैं। हाल ही में उन्होंने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ से भी मुलाकात की थी। अब लारा की निगाह पेंटागन के उन कर्मचारियों पर टिकी है, जो ट्रंप के प्रति वफादार नहीं हैं।
ट्विटर लगा चुका बैन, मस्क ने किया था बहाल
नफरती भाषणों के कारण ट्विटर लारा लूमर पर बैन लगा चुका है। मगर 2022 में एलन मस्क ने कंपनी को खरीदने के बाद उनके अकाउंट को बहाल कर दिया था। तब लारा के सिर्फ 2,70,000 फॉलोअर्स थे, जो आज बढ़कर 17 लाख से अधिक हो चुके हैं। चुनाव के वक्त डोनाल्ड ट्रंप ने MAGA नाम से एक टीम बनाई थी। लारा लूमर भी इसका हिस्सा है। लूमर का मानना है कि अब ट्रंप सरकार में कई विश्वासघाती लोग फैले हैं। यह MAGA टीम के वफादारों को गुमराह करने में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें: 'अगर धमकाने वाले को...', भारत पर टैरिफ के बाद ट्रंप पर भड़का चीन
व्हाइट हाउस में क्यों नहीं मिली नियुक्ति?
लारा लूमर व्हाइट हाउस में किसी भी तरह अपनी एंट्री चाहती हैं। मगर अभी तक उनके विरोधी अपनी चाल में कामयाब है। ट्रंप प्रशासन में शामिल कुछ लोग व्हाइट हाउस में लारा लूमर की तैनाती के खिलाफ हैं, जबकि लारा लूमर का दावा है कि अगर व्हाइट हाउस में नियुक्त करके निगरानी का मौका मिले तो हमारा काम ज्यादा प्रभावी होगा। लारा लूमर का एक यह भी दावा है कि बिल माहेर के मजाक के कारण उन्हें व्हाइट हाउस में नियुक्त नहीं मिली है, क्योंकि ट्रंप ने उन्हें खुद ही बताया था कि मीडिया में यह खबर फैल चुकी है और अब उन्हें नियुक्त नहीं किया जा सकता है।
क्यों सिंगल हैं लारा लूमर?
31 वर्षीय लारा लूमर रिपब्लिकन कांग्रेस उम्मीदवार भी रह चुकी हैं। एक बार मीडिया से बातचीत में लारा ने कहा था कि ट्रंप के प्रति मेरा समर्पण व्यक्तिगत रिश्तों से अधिक अहम है। इस कारण मेरा पिछला रिश्ता भी टूट गया है। ट्रंप मेरे जीवन के सबसे अहम शख्स हैं। उनके प्रति अपने जुनून की वजह से मैं सिंगल हूं।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap