अमेरिका के बोस्टन में एक भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। उस पर उड़ते विमान में दो यात्रियों पर फोर्क से हमला करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि उसने बीच-बचाव करने आए क्रू के एक सदस्य को भी थप्पड़ मारने की कोशिश की। यह वाकया शिकागो से जर्मनी के फ्रैंकफर्ट जा रही फ्लाइट में हुआ।
इस मामले में जिस भारतीय नागरिक को गिरफ्तार किया गया है, उसका नाम प्रणीत कुमार है। उस पर फ्लाइट में सफर कर रहे 17 साल के दो लड़कों पर फोर्क से हमला करने का इल्जाम है। उसने एक महिला को भी थप्पड़ मारा और क्रू के सदस्य पर हमला करने की कोशिश की।
फ्लाइट में इस तरह की हरकत होने के बाद इसकी बोस्टन एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई। यहां FBI ने प्रणीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें-- कश्मीर पर झूठ फैला रहे थे शहबाज शरीफ; X ने खोल दी पोल, लिखा- 'Misleading'
फ्लाइट में क्या हुआ था?
FBI ने इस पूरे मामले पर एक प्रेस रिलीज जारी की है। FBI ने बताया कि 25 अक्टूबर को जब लुफ्थांसा एयरलाइंस की एक फ्लाइट शिकागो से फ्रैंकफर्ट जा रही थी, तभी रास्ते में प्रणीत कुमार ने फोर्क से 17 साल के एक लड़के के कंधे पर वार कर दिया। उसके बाद उसी फोर्क से उसने 17 साल के ही दूसरे लड़के के सिर के पिछले हिस्से पर हमला किया।
FBI ने बताया कि एक पीड़ित लड़का सो रहा था और जब उसकी नींद खुली तो उसने प्रणीत कुमार को अपने सामने खड़ा पाया। आरोप है कि प्रणीत ने उस पर फोर्क से वार कर दिया। उसके बाद प्रणीत कथित तौर पर दूसरे लड़के की ओर गया और उसके सिर के पिछले हिस्से में वार किया। इससे उसे गहरी चोट आ गई।
जब क्रू मेंबर ने उसे काबू करने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर अपना हाथ उठाया और अपनी उंगलियों से बंदूक बनाई। इसके तुरंत बाद प्रणीत कुमार कथित तौर पर अपनी बाईं और बैठी एक महिला यात्री की ओर मुड़ा और उसे थप्पड़ मार दिया।
वह यहीं तक नहीं रुका। FBI ने बताया कि प्रणीत ने कथित तौर पर क्रू के एक सदस्य को भी थप्पड़ मारने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें-- भारतीय होने के कारण महिलाओं से रेप, ब्रिटेन में दो महीने में दूसरी घटना
बोस्टन में किया गया गिरफ्तार
प्रणीत कुमार ने फ्लाइट में जो हंगामा किया, उसकी वजह से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसके बाद फ्लाइट को इमरजेंसी में बोस्टन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया, जहां से उसे हिरासत में लिया गया।
FBI ने बताया कि प्रणीत कुमार स्टूडेंट वीजा पर अमेरिका आया था। हाल ही में उसने एक कोर्स में एडमिशन लिया था।
कितनी हो सकती है सजा?
प्रणीत कुमार को बोस्टन में हिरासत में लिया गया था और उसे कोर्ट में पेश किया गया। FBI ने बताया कि अमेरिकी कानून के मुताबिक, फ्लाइट में सफर करते समय शारीरिक नुकसान पहुंचाने के इरादे से किसी यात्री पर खतरनाक हथियार से हमला करने के जुर्म में 10 साल तक की जेल हो सकती है। इसके साथ ही उस पर 2.50 लाख डॉलर का जुर्माना भी लगाया जा सकता है।