logo

ट्रेंडिंग:

भारतीय होने के कारण महिलाओं से रेप, ब्रिटेन में दो महीने में दूसरी घटना

यूके के वॉलसॉल में 20 साल की एक भारतीय मूल की महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसे 'नस्लीय अपराध' बताया जा रहा है। दो महीने में दूसरी बार भारतीय महिला को शिकार बनाया गया है।

indian woman raped in uk

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)

ब्रिटेन में भारतीय मूल की महिला से रेप का मामला सामने आया है। माना जा रहा है कि 'नस्ल' के कारण भारतीय महिला के साथ दुष्कर्म हुआ। इसका मतलब हुआ कि महिला भारतीय थी, इसलिए उसके साथ रेप किया गया। ब्रिटेन में भारतीय महिला के साथ 'नस्ल' के आधार पर दुष्कर्म की यह दो महीने में दूसरी घटना है। इससे पहले सितंबर में भी एक सिख महिला को उसकी नस्ल के कारण शिकार बनाया गया था।


अब नया मामला वेस्ट मिडलैंड्स के वॉलसॉल से आया है। पुलिस ने संदिग्ध आरोपी की तस्वीर भी जारी की है और लोगों से उसे ढूंढने में मदद करने की अपील भी की है।


पुलिस ने बताया कि संदिग्ध आरोपी श्वेत व्यक्ति है और उसने 'नस्ल' के कारण भारतीय महिला को अपना शिकार बनाया। पुलिस ने संदिग्ध की सीसीटीवी फुटेज जारी करते हुए बताया कि इस अपराध को 'नस्लीय हमला' माना जा रहा है।

 

यह भी पढ़ें-- अमेरिका में बेकाबू ट्रक ने 8 कारों को कुचला, भारतीय युवक पर लगा हत्या का आरोप

क्या है पूरा मामला?

वेस्ट मिडलैंड्स पुलिस ने बताया कि वॉलसॉल के पार्क हॉल एरिया में एक लड़की के संकट में होने की सूचना मिली थी। 


महिला की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है लेकिन न्यूज एजेंसी PTI ने बताया है कि स्थानीयों का दावा है कि पीड़िता एक पंजाबी महिला है।

 

 

भारतीय मूल की सांसद प्रीत कौर गिल ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, 'इस बात से बेहद दुखी हूं कि इस बार वॉलसॉल में नस्ल के कारण दुष्कर्म की एक और घटना सुनने को मिली है। पुलिस ने 20 साल की लड़की के साथ रेप का केस दर्ज किया है, जिसे नस्लीय अपराध बताया गया है।'

 


सिख फेडरेशन यूके ने भी एक बयान जारी कर कहा है कि पीड़ित महिला पंजाबी है। फेडरेशन ने दावा किया है कि हमलावर उसके घर का दरवाजा तोड़कर घुस गया था, जहां वह रह रही थी। सिख फेडरेशन ने दोषी को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है।

 

यह भी पढ़ें-- एक साथ दो जगह नौकरी करके कमाए 40 लाख, अब हो सकती है 15 साल की जेल

आरोपी कौन है?

पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक श्वेत व्यक्ति है और उसकी उम्र 30 साल के आसपास है। पुलिस ने संदिग्ध आरोपी की CCTV फुटेज जारी कर बताया है कि उसके छोटे बाल हैं और वारदात के वक्त उसने काले रंग के कपड़े पहने थे।


मामले की जांच की अगुवाई कर रहे डिटेक्टिव सुपरिंटेंडेंट रोनन टायरर ने कहा, 'यह लड़की पर एक बेहद भयावह हमला था। हम अपराधी को पकड़ने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। हमारी टीम सबूत जुटा रही हैं और आरोपी की पहचान करने पर काम कर रही है ताकि उसे जल्द हिरासत में लिया जा सके।'


वॉलसॉल पुलिस के चीफ सुपरिंटेंडेंट फिल डॉल्बी ने कहा कि समुदाय में भय और चिंता की भावना है इसलिए इलाके में पुलिस की उपस्थिति बढ़ाई जाएगी।

9 सितंबर को भी हुई थी ऐसी ही घटना

इससे पहले पिछले महीने 9 सितंबर को भी इसी तरह की घटना सामने आई थी। तब बर्मिंघम के पास ओल्डबरी में एक सिख महिला के साथ रेप हुआ था। पुलिस ने इसे भी 'नस्लीय अपराध' बताया था। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया था। हालांकि, बाद में इन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap