पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी मामले में भगोड़े हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे बेल्जियम में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बीच चोकसी की तरफ से कानूनी लड़ाई लड़ने वाले वकील ने कहा है कि बेल्जियम में मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी के खिलाफ अपील दायर किया जाएगा। बताया जा रहा है कि ईडी और सीबीआई के अनुरोध पर बेल्जियम पुलिस ने मेहुल चोकसी को शनिवार को गिरफ्तार किया।
मेहुल चोकसी के वकील का नाम विजय अग्रवाल है। अग्रवाल ने एक अंग्रेजी अखबार से चोकसी की जमानत पर रिहाई के बारे में बातचीत की। उन्होंने कहा, 'जमानत पर रिहाई की अपील मोहुल चोकसी के स्वास्थ्य के आधार पर होगी। वे कैंसर का इलाज करवा रहे हैं। हम कोर्ट में यह भी तर्क देंगे कि मेहुल के भागने का जोखिम नहीं है।' उन्होंने उम्मीद जताई कि इस मामले में पांच दिन बाद सुनवाई हो सकती है।
यह भी पढ़ें: 'आग से खेलोगे, तो जला देगी...', शेख हसीना की मुहम्मद यूनुस को चेतावनी
2018 में भारत से भागा था चोकसी
बता दें कि मेहुल चोकसी 2018 में भारत से भाग गया था। उसी समय उसपर पंजाब नेशनल बैंक के साथ 13,500 करोड़ रुपये का धोखाधड़ी करने का आरोप लगा था। चोकसी पर ये भी आरोप है कि उसने पीएनबी के अधिकारियों के साथ मिलीभगत से गलत तरीके से फायदा उठाया था। उसके भारत छोड़कर भागने के बाद ही प्रवर्तन निदेशालय ने 2018 में भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम के तहत एक याचिका दायर की थी।
प्रत्यर्पण की मांग कर सकता है भारत
अब बेल्जियम में मेहुल चोकसी की गिरफ्तारी के बाद भारत उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर सकता है। बताया जा रहा है कि मेहुल चोकसी ने अपनी खराब तबीयत का हवाला देकर जमानत की मांग कर सकता है। चोकसी ने खुद को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की कार्यवाही को चुनौती देते हुए कई आवेदन दायर किए हैं। मुंबई की एक स्पेशल कोर्ट ने अभी तक आवेदनों पर फैसला नहीं किया है।
यह भी पढ़ें: सिर्फ 11 मिनट के लिए स्पेस क्यों जा रहीं कैटी पेरी समेत 6 महिलाएं?
हालांकि, पिछली सुनवाई के दौरान चोकसी के वकीलों ने कहा था कि वह कैंसर का इलाज कराने के लिए बेल्जियम में है। उसके वकीलों ने कोर्ट को बताया था कि वह भारत की यात्रा करने में असमर्थ है क्योंकि उसे उसकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है।
गुजरात के ज्वेलर ने चोकसी पर लगाए गंभीर आरोप
इसी बीच गुजरात के भावनगर के दिव्य निर्माण ज्वेल्स के मालिक दिग्विजय सिंह जडेजा ने मेहुल चोकसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जडेजा ने दावा किया है कि वह मेहुल चोकसी की कंपनी में फाइनेंसर रहे हैं। जडेजा ने कहा, 'मैंने उसकी कंपनी में 106 किलो सोना निवेश किया था। मैंने भावनगर, अहमदाबाद, जामनगर, भुज, सूरत, मुंबई और वडोदरा में मेहुल चोकसी के सभी स्टोर बनवाए। मेहुल के पास मेरा 106 किलो सोना और 30 करोड़ रुपए हैं, जिनकी आज कीमत 128 करोड़ रुपए है।'
दिग्विजय सिंह जडेजा, 'मैंने 2014 में गुजरात स्टेट सीआईडी क्राइम इकॉनमी एंड ऑफेंस विंग में एफआईआर दर्ज कराई थी। गुजरात पुलिस को उसके खिलाफ सबूत मिले थे। सीआरपीसी 164 के बयान दर्ज होने के बाद भी उसे गिरफ्तार नहीं किया गया। एक डीजीपी स्तर के व्यक्ति ने उसे गिरफ्तार करने के लिए मुझसे 70 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। मैं पीड़ित था, और उसने मुझसे रिश्वत मांगी। मुझे न्याय नहीं मिला। मेहुल चोकसी के खिलाफ 9000 करोड़ रुपये से अधिक का केस दर्ज है और वह देश का पैसा विदेश में ले गया है, इसलिए उसे जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए, वह भागने वाला है।"