पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ ने भीषण तबाही मचा रखी है। उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में अचानक आई बाढ़ में 200 लोगों की जान गई है। मृतकों में राहत एवं बचाव अभियान में जुटे एक हेलीकॉप्टर के चालक दल के पांच सदस्य भी शामिल हैं। पिछले 48 घंटे में पाकिस्तान में बारिश और बाढ़ से 344 लोगों की जान जा चुकी है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत सबसे अधिक प्रभावित है। यहां सबसे अधिक 307 लोगों की जान गई है। मौसम विभाग ने और बरसात का अलर्ट जारी किया है। अचानक आई बाढ़ में लोगों के घर, सड़कें और पूरे-पूरे गांव तबाह हो चुके हैं। प्राकृतिक आपदा में बचे हुए लोग इस भीषण तबाही को कयामत बता रहे हैं।
पाकिस्तान का बुनेर जिला तबाही से सबसे अधिक प्रभावित है। यहां 184 लोगों की जान गई है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के अन्य इलाकों में कुल 120 लोग घायल हैं। प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है, क्योंकि अभी कई लोग लापता हैं। मलबे में लोगों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पुतिन से मुलाकात से पहले ट्रंप की नई धमकी, क्यों टिकी भारत की निगाह?
हेलीकॉप्टर क्रैश में पांच की गई जान
पाकिस्तान ने बाढ़ प्रभावित नौ जिलों में दो हजार बचावकर्मियों को तैनात किया है। भारी तबाही के कारण टीमें घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रही हैं। इस बीच स्वात, शांगला, मनसेहरा, बाजौर और बट्टाग्राम को खैबर पख्तूनख्वा की सरकार ने आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है। राहत एवं बचाव कार्य में जुटा एक हेलीकॉप्टर भी हादसे का शिकार हो गया। इसमें दो पायलटों समेत 5 लोगों की जान गई है। हादसा खराब मौसम के कारण हुआ है।
भारी बारिश का अलर्ट जारी
पाकिस्तान के मौसम विभाग ने खैबर पख्तूनख्वा में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक अगले 15 दिन में बारिश का सिलसिला और तेज होगा। प्रशासन ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है। बुनेर जिले के रहने वाले अजीजुल्लाह ने बताया कि पानी के जोर से धरती कांप रही थी। लग रहा था कि मौत बिल्कुल सामने खड़ी है। एक टीचर सैफुल्लाह ने बताया कि मुझे नहीं पता कि मेरे छोटे से गांव में कौन मरा है और कौन जीवित बचा है। मैंने जिन बच्चों को पढ़ाया है, उनके शवों को निकालने में सहायता कर रहा हूं।
यह भी पढ़ें: बोको हरम का दोजख़! नाइजीरिया में नर्क की जिंदगी जीने को मजबूर लोग
सड़कें उखड़ीं, घरों में घुसा पानी
पाकिस्तान में कई जगह सामूहिक अंतिम संस्कार की तस्वीरें सामने आ रही हैं। लोग कतारों में रखे शवों को अंतिम विदाई दे रहे हैं। तस्वीरों में पाकिस्तान में आने वाली तबाही का भीषण रूप दिखा। सड़कें पूरी तरह से बर्बाद हो चुकी हैं। बिजली के खंभे उखड़ चुके हैं। घरों और कारों में कीचड़ भरा है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी लोगों के घरों तक घुस गया है।