पाकिस्तान आर्मी के चीफ जनरल असीम मुनीर ने बुधवार को 'टू नेशन थ्योरी' को दोहराया। टू नेशन थ्योरी के आधार पर ही सन 1947 में भारत का बंटवारा हुआ था और नया देश पाकिस्तान बना था। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की नींव इस्लाम के कलमे पर रखी गई है और हम हर मामले में हिंदुओं से अलग हैं। साथ ही कहा कि भारत और पाकिस्तान दो अलग-अलग राष्ट्र हैं।
जनरल असीम मुनीर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ओवरसीज पाकिस्तानी कन्वेंशन को (विदेश में रहने वाले पाकिस्तानियों) संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को बताएं कि पाकिस्तान का जन्म कैसे हुआ। मुनीर ने कहा कि लोग पाकिस्तान की कहानी अपने बच्चों को जरूर सुनाएं ताकि वो पाकिस्तान की कहानी ना भूलें।
यह भी पढ़ें:डिपोर्टेशन पर ट्रंप सरकार के खिलाफ कर दिया केस, कौन है चिन्मय देवरे?
'हर मोर्चे पर हिंदुओं से अलग हैं'
जनरल असीम मुनीर ने कहा 'हमारे पूर्वजों ने सोचा था कि हम जीवन के हर मोर्चे पर हिंदुओं से अलग हैं। हमारा धर्म अलग है, हमारे रीति-रिवाज अलग हैं, हमारी परंपराएं अलग हैं, हमारे विचार अलग हैं, हमारी महत्वाकांक्षाएं अलग हैं। यहीं से टू नेशन थ्योरी की नींव रखी गई थी। हम दो राष्ट्र हैं, हम एक राष्ट्र नहीं हैं।'
पाकिस्तान एक धार्मिक सोच की बुनियाद पर बना है। इस मौके पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत कई बड़े नेता भी मौजूद थे। सेना प्रमुख ने कहा कि पाकिस्तान की पिछली पीढ़ियों ने देश बनाने के लिए लगातार संघर्ष किया है।ॉ
हमारे पूर्वजों ने बहुत त्याग किया- मुनीर
उन्होंने कहा, 'हमारे पूर्वजों ने बहुत त्याग किया है और हमने भी पाकिस्तान को बनाने के लिए बहुत त्याग किया है। हम जानते हैं कि पाकिस्तान की रक्षा कैसे करनी है।' उन्होंने कहा कि भाईयों, बहनों और बेटियों कृपया पाकिस्तान की कहानी को भूलना मत। आप अपनी अगली पीढ़ी को पाकिस्तान की कहानी बताना मत भूलना, जिससे कि उनका पाकिस्तान से गहरा नाता जुड़ जाए। यह चौथी-पांचवीं पीढ़ी तक बताया जिससे की यह आगे भी बढ़ता रहे।
यह भी पढ़ें: ताइवान से जंग की तैयारी कर रहा चीन? सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा
'बलूचिस्तान हमसे कोई नहीं छीन सकता'
जनरल असीम मुनीर ने बलूचिस्तान में आतंकवादियों पर नकेल कसने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों की दस पीढ़ियां भी बलूचिस्तान और पाकिस्तान को नुकसान नहीं पहुंचा सकतीं। मुनीर ने आतंकवाद से निपटने के लिए सेना के संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने पाकिस्तान के प्रति समर्पण और प्रतिबद्धता के लिए एनआरआई पाकिस्तानियों की तारीफ की।
मुनीर ने कहा, 'हम बहुत जल्द बलूचिस्तान में इन आतंकवादियों को हरा देंगे। आपको लगता है कि बीएलए, बीएलएफ और बीआरए आदि से जुड़े ये 1500 आतंकवादी हमसे बलूचिस्तान छीन सकते हैं? क्या पाकिस्तान के दुश्मन सोचते हैं कि मुट्ठी भर आतंकवादी पाकिस्तान का भाग्य तय कर सकते हैं? आतंकवादियों की दस पीढ़ियां भी बलूचिस्तान और पाकिस्तान को नुकसान नहीं पहुंचा सकतीं।
असम के मुख्यमंत्री ने किया पलटवार
वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने असीम मुनीर के बयान को लेकर कहा कि भारत को पाकिस्तान के साथ संबंधों को ज्यादा बढ़ावा नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुनीर के बयान से स्पष्ट है कि भारत के रास्ते उनसे अलग हैं। अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपने देश को मजबूत करें, अपने धर्म को बरकरार रखें और अपनी सभ्यता को लेकर आगे बढ़ें। ऐसा करके, हम यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि हमारे देश का कद ऊंचाइयों को छूए।