पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक स्कूल पर हमला हुआ है। हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है, जिनमें ज्यादातर बच्चे थे। दर्जनों लोग बुरी तरह से जख्मी हो गए हैं। बस में हादसे के वक्त 40 बच्चे सवार थे। बस स्कूल की तरफ आगे बढ़ रही थी, तभी स्थानीय समय के मुताबिक करीब 7.40 पर धमाके का शिकार हो गई। यह हादसा खुजदार कस्बे के पास हुआ है। पुलिस ने कहा है कि मृतकों में 3 बच्चे शामिल हैं। सोशल मीडिया पर बस की तस्वीरें सामने आ रही हैं। बस के परखच्चे उड़ गए हैं। किसी भी आतंकवादी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। बलूचिस्तान में पाकिस्तान के खिलाफ विद्रोह भड़कता जा रहा है। पाकिस्तान पर इस इलाके में मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगता है।
पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री मोहसिन नकवी ने हमेल की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि यह बर्बरता है। उन्होंने कहा है कि देश को अस्थिर करने के लिए बच्चों पर आतंकी हमला किया जा रहा है। पाकिस्तान की सेना ने अपनी नाकामियों का ठीकरा भारत पर फोड़ दिया है। पाकिस्तान ने आरोप लगाया है कि दो सप्ताह तक चले संघर्ष के बाद भारत की ओर बलूचिस्तान को अस्थिर करने की कोशिशें की जा रही हैं। भारत की नीति रही है कि किसी देश के आंतरिक मामले में भारत सरकार हस्तक्षेप नहीं करती है।
इंटर-सर्विस पब्लिक रिलेशन (ISPR) ने कहा है, 'शुरुआती रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि 3 निर्दोष बच्चों की मौत हो गई है, वहीं 2 बालिग भी मारे गए हैं। युद्ध में जंग हारने के बाद भारत अब ऐसे अपराध कर रहा है, भारत के प्रॉक्सी संगठन बलूचिस्तान में आतंक फैला रहे हैं, खैबरपख्तूनवा को अशांत करने की कोशिश कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: 'किल एंड डंप', अपने ही लोगों पर कितना अत्याचार करती है PAK आर्मी?
बलूच का अलगाववाद पाकिस्तान के लिए चुनौती
बलूचिस्तान में बढ़ता अलगाववाद पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। बलूच प्रांत में मार्च में भी ऐसे ही एक हादसे में 21 लोगों की मौत हुई थी, वहीं पाकिस्तानी सेना के 4 जवान भी मारे गए थे। बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तान की ट्रेन ही हाइजैक कर ली थी। सिबी जिले में हुई इस वारदात में पाकिस्तानी सेना को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा था। हमले की जिम्मेदारी बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली थी। इस संगठन की मांग बलूचिस्तान की आजादी है। अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोपीय देशों ने इस संगठन को आतंकी संगठन घोषित किया है। पाकिस्तान का आरोप है कि इस संगठन को भारत से समर्थन मिलता है।
'बलूचिस्तान को चीन के साथ मिलकर लूट रहा पाकिस्तान'
बलूचिस्तान विद्रोहियों का कहना है कि बलूचिस्तान की अस्थिरता के लिए पाकिस्तान की सेना जिम्मेदार है। पाकिस्तान बलोच समुदाय का दमन करता है, उनका उत्पीड़न करता है। पाकिस्तान में बलूच समुदायों के उत्पीड़न का आरोप पाकिस्तान पर लगता है। BLA का कहना है कि बलूचिस्तान के प्राकृतिक संसाधनों को पाकिस्तान, चीन के साथ मिलकर लूट रहा है और पूरे प्रांत को इसके बदले में कुछ नहीं मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: कैसे बनता है कोई नया देश, बलूचिस्तान की राह कितनी कठिन?
दशकों पुराना है बलूचिस्तान का अलगाववाद
बलूचिस्तान के मूल निवासियों को बलूचिस्तान से सेना लापता कर रही है। दशकों पुराने बलूच विद्रोह को दबाने की कोशिशें पाकिस्तान की ओर से की जा रही हैं। ज्यादातर लोगों को अवैध तरीके से गिरफ्तार किया गया है, अपहरण किया गया है या मार डाला गया है। बलूचिस्तान में अलगाववाद का इतिहास दशकों पुराना है।