पाकिस्तान इन दिनों भीषण बाढ़ की चपेट में है। बाढ़ से देश की 20 लाख जनता और लाखों जानवर प्रभावित हैं। पंजाब प्रांत, पीओके, खैबर पख्तूनख्वा समेत देश के कई हिस्से पानी में डूबे हुए हैं। इसमें 849 लोग मारे गए हैं और 1,130 घायल हुए हैं। मगर, इसी बीच पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने ऐसा बयान दिया है कि लोग अपना सिर दिवार पर मार दें।
जब पाकिस्तान के 20 लाख लोग बाढ़ से सीधे तौर पर प्रभावित हों तो ऐसे समय में मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बाढ़ से निपटने के लिए एक अजीबोगरीब उपाय सुझाया। उन्होंने लोगों से कहा कि वो बाढ़ के पानी को जमा कर लें और अपने घरों में ले जाएं। ख्वाजा आसिफ यहीं नहीं रूके- उन्होंने बाढ़ के पानी को आशीर्वाद बताया।
यह भी पढ़ें: गले में दर्द को ChatGPT ने कहा- सब ठीक; बाद में 4th स्टेज कैंसर निकला
बाढ़ को आशीर्वाद समझें
एक टीवी चैनल से बात करते हुए, आसिफ ने कहा कि अतिरिक्त पानी को 'आशीर्वाद' के रूप में लिया जाना चाहिए। आसिफ ने कहा, 'अब इस पानी को किसी को जमा करके रखना चाहिए। जो लोग सड़क जाम करके बैठे हैं, उन्हें इसे अपने घरों में ले जाना चाहिए और सारा पानी वहीं जमा कर देना चाहिए।'
बर्तन में रखें पानी- आसिफ
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री यहीं नहीं रूके। उन्होंने आगे कहा, 'लोगों को पानी को कहीं, किसी बर्तन में रखना चाहिए। यह पानी हमें जमा करके इसे आशीर्वाद के रूप में लेना चाहिए। इसके लिए बड़े बांध भी बनाए जाने चाहिए, जिनके पूरा होने में 8-10 साल लग सकते हैं।' रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब पाकिस्तान का पंजाब प्रांत बारिश के बाद भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है।
यह भी पढ़ें: पुतिन और जिनपिंग से मिले PM मोदी, नैवारो इसे शर्मनाक क्यों बताने लगे?
अकेले पंजाब प्रांत में 33 लोगों की मौत
अकेले पंजाब प्रांत में आई बाढ़ ने 33 लोगों की जान ले ली है, 2,200 गांवों को प्रभावित किया है और 7,00,000 से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। पंजाब की सीनियर मंत्री मरियम औरंगज़ेब ने बताया है कि यह पंजाब के इतिहास की सबसे बड़ी बाढ़ है।
सतलुज, चिनाब और रावी जैसी बड़ी नदियों में भारी मात्रा में पानी का प्रवाह है। इसकी वजह से पंजाब में फसलों को नुकसान पहुंचा है।