logo

ट्रेंडिंग:

PM मोदी जहां जा रहे हैं, उन 5 देशों से कैसे हैं कारोबारी रिश्ते?

पीएम मोदी आज से सबसे लंबी डिप्लोमैटिक यात्रा पर जा रहे हैं। पीएम मोदी आठ दिन में 5 देशों का दौरा करेंगे। ऐसे में जानते हैं कि इन देशों से भारत के कारोबारी रिश्ते कैसे हैं?

pm modi visit

पीएम मोदी। (File Photo Credit: PTI)

8 दिन और 5 देश... प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सबसे लंबी डिप्लोमैटिक यात्रा पर आज रवाना हो रहे हैं। उनकी यह यात्रा 2 जुलाई से शुरू होगी और 9 जुलाई को खत्म होगी। बीते 10 साल में पीएम मोदी का यह सबसे लंबा विदेश दौरा होगा। अपनी 8 दिन की यात्रा में पीएम मोदी साउथ अमेरिका, कैरेबियाई और अफ्रीकी देशों को कवर करेंगे।


विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा अफ्रीकी देश घाना से शुरू होगा। घाना से पीएम मोदी कैरेबियाई देश त्रिनिदाद एंड टोबैगो और फिर अर्जेंटिना जाएंगे। अर्जेंटिना से पीएम मोदी ब्राजील जाएंगे। दौरे के सबसे आखिरी में पीएम मोदी नमीबिया का दौरा करेंगे।

 

यह भी पढ़ें-- मोनोपोली और कंपीटिशन का खेल जिसमें फंस गया Apple! समझें पूरी कहानी

क्यों खास होगी PM मोदी की यह यात्रा

  1. घानाः 10 साल में पहली बार पीएम मोदी घाना का दौरा करेंगे। 30 साल में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला दौरा है। पीएम मोदी घाना की संसद को भी संबोधित करेंगे।
  2. त्रिनिदाद एंड टोबैगोः 25 साल में यह पहली बार है जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री त्रिनिदाद एंड टोबैगो की यात्रा पर जा रहे हैं। पीएम मोदी इस दौरान संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।
  3. अर्जेंटिनाः राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के न्योते पर पीएम मोदी अर्जेंटिना जा रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी और राष्ट्रपति जेवियर के बीच द्विपक्षीय बैठक भी होगी। दोनों देशों के बीच कई समझौते होने की उम्मीद भी है।
  4. ब्राजीलः प्रधानमंत्री रहते हुए पीएम मोदी का ब्राजील का यह चौथा दौरा है। पीएम मोदी ब्राजील में BRICS समिट में शामिल होंगे। इस दौरान पीएम मोदी आतंकवाद पर संबोधन कर सकते हैं।
  5. नमीबियाः 27 साल में यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला दौरा है। इस दौरान पीएम मोदी राष्ट्रपति नेतूंबो नंदी-दैतवा के साथ बैठक करेंगे। पीएम मोदी नमीबियाई संसद को संबोधित भी करेंगे।

यह भी पढ़ें-- डिजिटल टैक्स: ट्रंप की धमकी के आगे झुका कनाडा? समझिए पूरी कहानी

इन देशों से कैसे हैं भारत के रिश्ते?

  • घानाः भारत और घाना के बीच कारोबारी रिश्ते बहुत अच्छे हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, घाना अपनी जरूरत का 70% सोना भारत से ही इम्पोर्ट करता है। 2024-25 में दोनों देशों के बीच करीब 13 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। इसमें से भारत ने 11,398 करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट किया था। वहीं, घाना से 1,610 करोड़ रुपये का इम्पोर्ट किया था। घाना में पिछले साल भारत ने अप्रैल से सितंबर के बीच 1.60 करोड़ डॉलर का निवेश किया था। चीन के बाद घाना में सबसे ज्यादा 11 प्रोजेक्ट्स पर भारत काम कर रहा है। इतना ही नहीं, घाना में करीब 15 हजार भारतीय रहते हैं।
  • त्रिनिदाद एंड टोबैगोः दोनों देशों के बीच ब्रिटिश काल से ही काफी मजबूत हैं। दोनों देशों के बीच 1997 में एक ट्रेड डील हुई थी, जिसके तहत दोनों ने एक-दूसरे को 'मोस्ट फेवर्ड नेशन' का दर्जा दे रखा है। आंकड़ों के मुताबिक, 2024-25 में दोनों देशों के बीच एक हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ था। भारत में 1 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का एक्सपोर्ट किया था। भारत का UPI भी यहां काम करता है। 2023-24 में यहां पर 270 से ज्यादा छात्रों ने हिंदी और संस्कृत की क्लास ली थी। त्रिनिदाद एंड टोबैगो में करीब 600 भारतीय हैं, जो अलग-अलग कारोबार से जुड़े हुए हैं।
  • अर्जेंटिनाः पिछले साल ही भारत और अर्जेंटिना के डिप्लोमैटिक रिश्तों के 75 साल पूरे हुए हैं। भारत के लिए अर्जेंटिना सबसे बड़े कारोबारी देशों में से एक है। 2024-25 में दोनों के बीच लगभग साढ़े 11 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। भारत ने अर्जेंटिना को 8,631 करोड़ का एक्सपोर्ट किया था। वहीं, अर्जेंटिना से 2,729 करोड़ रुपये का इम्पोर्ट किया था। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय कंपनियों ने अर्जेंटिना में 1.2 अरब डॉलर का निवेश किया है। अर्जेंटिना में करीब 2,600 भारतीय रहते हैं। इनमें से ज्यादातर अर्जेंटिना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में रहते हैं।
  • ब्राजीलः भारत और ब्राजील के रिश्ते भी काफी पुराने हैं। भारत के तीन प्रधानमंत्री- इंदिरा गांधी, मनमोहन सिंह और नरेंद्र मोदी ब्राजील का दौरा कर चुके हैं। 2024-25 में भारत और ब्राजील के बाद 63 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार हुआ था। भारत ने ब्राजील को 57,218 करोड़ रुपये से ज्यादा का एक्सपोर्ट किया था। वहीं, ब्राजील से 5,616 करोड़ रुपये का इम्पोर्ट हुआ था। भारत ने ब्राजील में 6 अरब डॉलर से ज्यादा का निवेश कर रखा है। वहीं, ब्राजील ने भारत में 1 अरब डॉलर का निवेश किया है। दोनों के बीच डिफेंस से लेकर ऑयल-गैस को लेकर भी समझौते हैं। ब्राजील में तकरीबन 4 हजार भारतीय रहते हैं।
  • नमीबियाः भारत उन चुनिंदा देशों में पहला था, जिसने 1946 में नमीबिया की आजादी का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में उठाया था। 2024-25 में भारत और नमीबिया के बीच लगभग 2,800 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था। 2024-25 में भारत ने नमीबिया को 2,803 करोड़ रुपये का एक्सपोर्ट किया था। वहीं, नमीबिया से 30 करोड़ रुपये का इम्पोर्ट हुआ था। कोविड महामारी के दौरान मार्च 2021 में भारत ने नमीबिया को कोविशील्ड वैक्सीन की 30 हजार डोज तोहफे में दी थीं। सूखे से प्रभावित लोगों की मदद के लिए दिसंबर 2024 में भारत ने 1 हजार टन चावल और 1 हजार टन मक्का भी नमीबिया में भेजा था। नमीबिया में करीब 450 भारतीय रहते हैं। 

यह भी पढ़ें-- सैलरी 10 करोड़, नेटवर्थ 84 अरब डॉलर; कहां से कमा लेते हैं अडानी?

 

ग्लोबल साउथ का नया लीडर है भारत!

मोदी सरकार में ग्लोबल साउथ को पर भारत की नजरें रहीं हैं। असल में सामाजिक और आर्थिक विकास के आधार पर दुनिया को दो हिस्सों में बांटा गया है। एक- ग्लोबल नॉर्थ और दूसरा- ग्लोबल साउथ। 


ग्लोबल नॉर्थ में जहां अमेरिका और ब्रिटेन-फ्रांस जैसे विकसित देशों को रखा जाता है तो वहीं ग्लोबल साउथ में विकासशील या पिछड़े देशों को रखा जाता है।


माना जाता है कि ग्लोबल साउथ में करीब 100 से ज्यादा देश हैं। इसमें ज्यादातर देश अफ्रीका, एशिया, लैटिन अमेरिका और ओशिनिया महाद्वीप के हैं। 'ग्लोबल साउथ' शब्द का सबसे पहले इस्तेमाल 1969 में अमेरिकी राजनीति विज्ञानी कार्ल ओल्स्बी ने किया था। 


पीएम मोदी ने एक बार कहा था, 'दुनिया कई चुनौतियों के कठिन दौर से गुजर रही है और इसका सबसे ज्यादा असर ग्लोबल साउथ के देशों ने महसूस किया है।' उन्होंने कहा था, 'भारत, ग्लोबल साउथ के मुद्दों, उम्मीदों और आकांक्षाओं को दुनिया के सामने उठाने की जिम्मेदारी समझता है।' वहीं, पापुआ न्यू गिनी के राष्ट्रपति जेम्स मरापे ने एक बार पीएम मोदी को ग्लोबल साउथ का 'लीडर' बताया था।


अपने अब तक के सबसी लंबी डिप्लोमैटिक यात्रा में प्रधानमंत्री मोदी का ऐसे देशों में जाना दिखाता है कि भारत ग्लोबल साउथ तक अपनी पहुंच बढ़ा रहा है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap