एक तरफ दुनिया के कई देशों में हज यात्रा के लिए लोग तैयारियां कर रहे हैं, दूसरी तरफ सऊदी अरब, 14 देशों को वीजा न जारी करने का फैसला लिया है। सऊदी अरब सरकार ने 15 जून तक उमरा, बिजनेस और फैमिली ट्रिप के लिए वीजा जारी करने पर रोक लगा दी है। हज यात्रा के समापन तक यह रोक जारी रहेगी। हज यात्रा के दौरान उमड़ती भीड़ को रोकने के लिए यह फैसला सऊदी अरब की सरकार ने किया है।
सऊदी अरब की सरकार चाहती है लोग अगर हज यात्रा के लिए आएं तो रजिस्ट्रेशन के जरिए आएं। बिना जरूरी कागजात के सऊदी अरब घूमने ने के नाम पर हज यात्रा पर न निकल पड़ें। सऊदी अरब के अधिकारियों ने इस संबंध में कई बार कहा है कि अगर हज यात्रा करनी है तो वहां के कानून का ख्याल रखकर ही आएं और नियमों का पालन करें।
क्यों सऊदी ने यह फैसला लिया है?
जून 2024 के दौरान ऐसी कई खबरें सामने आईं थीं, जब हज यात्रा के दौरान लोगों की भीषण गर्मी और हीट स्ट्रोक की वजह से मौतें हुई थीं। भगदड़ जैसी स्थिति भी हुई थी। सऊदी अरब प्रशासन की दुनियाभर में आलोचना हुई थी। सऊदी अरब की ओर से कहा गया था कि लोग हज वीजा की वजह से सामान्य वीजा लेकर सऊदी अरब आ रहे हैं और मक्का-मदीना की यात्रा कर रहे हैं।
ऐसे लोगों को सऊदी की सरकार, वह व्यवस्था नहीं मुहैया करा पाती है, जिससे भीषण गर्मी में वे धूप और पानी की कमी से बच सकें। यात्रियों की असुविधा की वजह से भी मौत हुई थी। फैसले के पीछे एक वजह यह भी बताई जा रही है। बीते साल सऊदी अरब में सैकड़ों लोगों की मौत इन्हीं वजहों से हुई थी। वहां तापमान 51 डिग्री तक पहुंच गया था।
यह भी पढे़ं: Microsoft के हाथ खून से सने', कंपनी की 50वीं एनिवर्सरी में मचा बवाल
किन देशों पर लगा है वीजा बैन?
- भारत
- बांग्लादेश
- पाकिस्तान
- मिस्र
- इंडोनेशिया
- नाइजीरिया
- जॉर्डन
- अल्जीरिया
- सूडान
- इथोपिया
- ट्युनीशिया
- यमन
- इराक
क्राउन प्रिंस ने क्या आदेश दिया है?
क्राउन प्रिंस ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वीजा प्रतिबंधों को और बढ़ाया जाए। नए नियमों के मुताबिक उमरा वीजा के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 13 अप्रैल 2025 है। जब तक हज पूरा नहीं हो जाता, उमरा के लिए वीजा जारी नहीं होगा। भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान और कई अन्य देशों में वीजा बैन लगाया गया है। हजारों यात्री सऊदी अरब में हज यात्रा पर निकलने वाले थे लेकिन अब उन्हें और इंतजार करना होगा।
यह भी पढे़ं: 50 देशों ने शुरू की बातचीत, कुछ हुए नाराज; ट्रंप ने टैरिफ पर क्या कहा?
सऊदी अरब के अधिकारियों ने डिजिटल हाजी और उमरा गाइड 16 भाषाओं में जारी किया है। मकसद है कि जो भी हाजी आएं, यात्रा के बारे में पूरी तरह से पढ़कर आएं। सऊदी अरब प्रशासन का कहना है कि अगर कोई भी हज यात्रा के दौरान अवैध तरीके से घुसता है तो उस पर 5 साल का वीजा बैन और 10 हजार सऊदी अरब रियाल का जुर्माना देना पड़ सकता है। गल्फ न्यूज की रिपोर्ट में यह दावा किया गया है।
कौन जा सकेंगे?
जिन लोगों के पास उमरा का आधिकारिक वीजा है, हज परमिट है, वे 13 अप्रैल तक सऊदी जा सकते हैं। हज के लिए जारी हुआ वीजा रद्द नहीं होगा।