हर साल 100 परमाणु हथियार बना रहा चीन, SIPRI की रिपोर्ट ने दी वॉर्निंग
दुनिया
• NEW DELHI 16 Jun 2025, (अपडेटेड 16 Jun 2025, 10:53 AM IST)
स्वीडिश संस्था SIPRI ने अपनी रिपोर्ट में चेतावनी दी है कि चीन हर साल 100 नए परमाणु हथियार बना रहा है और अब उसके पास 600 परमाणु हथियार हो गए हैं। भारत के पास 180 परमाणु हथियार हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर। (AI Generated Image)
दुनियाभर में कई देशों के बीच जंग का खतरा मंडरा रहा है। तनाव बढ़ रहा है और आए दिन संघर्ष भी होता रहता है। पिछले महीने ही भारत और पाकिस्तान के बीच भी जंग का खतरा बढ़ गया था। जंग के इस नए खतरों ने परमाणु युद्ध का खतरा भी बढ़ा दिया है। इस बीच स्वीडिश संस्था SIPRI ने बताया है कि चीन तेजी से परमाणु हथियारों को विकसित कर रहा है। इसने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि 2023 और 2024 के बीच चीन ने तकरीबन 100 परमाणु हथियार बनाए हैं और अब उसके जखीरे में 600 परमाणु हथियार हो गए हैं। SIPRI ने चेतावनी दी है कि चीन की वजह से दुनिया में खतरनाक हथियारों की एक नई होड़ शुरू हो सकती है।
SIPRI ने अपनी सालाना रिपोर्ट में बताया है कि सभी 9 न्यूक्लियर पावर- अमेरिका, रूस, यूके, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, नॉर्थ कोरिया और इजरायल ने 2024 में भी अपने परमाणु हथियारों पर काम किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन देशों ने अपने मौजूदा हथियारों को अपग्रेड किया और नए हथियार भी बनाए।
यह भी पढ़ें-- आजाद ख्यालों से लेकर कट्टर सोच तक... ईरान की कहानी क्या है?
दुनियाभर में कितने परमाणु हथियार?
SIPRI के डायरेक्टर डैन स्मिथ ने चेतावनी देते हुए कहा कि इससे परमाणु हथियारों की दौड़ शुरू हो सकती है। उन्होंने कहा, 'चीन अपनी परमाणु शक्ति लगातार बढ़ा रहा है। अगले 7 या 8 साल में उसके 1,000 से जयादा परमाणु हथियार हो सकते हैं।'
उन्होंने बताया कि जनवरी 2025 तक दुनियाभर में परमाणु हथियारों की अनुमानित संख्या 12,241 है। इनमें से 9,641 हथियार सैन्य भंडार में थे। वहीं, लगभग 3,912 हथियारों को मिसाइलों और लड़ाकू विमानों में तैनात रखा गया है और बाकी स्टोरेज में थे।
SIPRI ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि तकरीबन 2,100 हथियार बैलिस्टिक मिसाइलों में हाई अलर्ट पर तैनात किए गए हैं। ज्यादातर हथियार रूस और अमेरिका ने तैनात कर रखे हैं लेकिन अब चीन भी ऐसा करने लगा है।
यह भी पढ़ें-- दोस्त से दुश्मन तक... इजरायल और ईरान की दुश्मनी की पूरी कहानी
चीन को लेकर रिपोर्ट में क्या कहा गया है?
SIPRI ने अपनी रिपोर्ट में चीन को लेकर चेतावनी दी है कि किसी भी देश की तुलना में वह परमाणु हथियारों को तेजी से बढ़ा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2023 के बाद से चीन ने हर साल 100 नए परमाणु हथियार बनाए हैं।
इस रिपोर्ट में बताया गया है कि जनवरी 2025 तक चीन ने उत्तरी रेगिस्तान इलाकों और पूर्वी पहाड़ी इलाकों में करीब 350 नए साइलो बना लिए हैं। यह वह जगहें होती हैं, जहां से इंटर कॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइलों (ICBM) को लॉन्च किया जाता है। यह लंबी दूरी की मिसाइलें होती हैं, जिनसे हजारों किलोमीटर दूर तक हमला किया जा सकता है।
SIPRI का कहना है कि 10 साल में चीन के पास अमेरिका और रूस के बराबर ICBM हो सकती हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि जिस तेजी से चीन परमाणु हथियार बना रहा है, इससे 2035 तक उसके पास 1,500 हथियार हो सकते हैं। हालांकि, इसके बाद भी यह रूस और अमेरिकी परमाणु हथियारों की संख्या की तुलना में एक तिहाई ही होगा।
यह भी पढ़ें-- ईरान, लेबनान, गाजा, हर तरफ दुश्मन, फिर भी कैसे अजेय है इजरायल?
भारत को लेकर क्या कहा गया है?
इस रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत और पाकिस्तान, दोनों ही अपने परमाणु हथियारों का जखीरा बढ़ा रहे हैं। SIPRI का कहना है कि 2024 में भारत के परमाणु हथियारों में थोड़ा इजाफा हुआ और भारत नए तरह का न्यूक्लियर डिलिवरी सिस्टम तैयार कर रहा है।
SIPRI ने कहा कि भारत की 'कैनिस्टराइज्ड' मिसाइलों पर काम कर रहा है। यह ऐसी मिसाइलें हैं, जिन्हें परमाणु हथियारों के साथ पहले से तैयार करके ट्रांसपोर्ट किया जा सकता है। इन मिसाइलों को शांतिकाल में भी परमाणु हथियारों के साथ तैनात किया जा सकता है, जिससे तुरंत जवाबी हमले की क्षमता बढ़ती है।
इसमें यह भी कहा गया है कि भारत के पास ऐसी भी मिसाइलें है, जिनसे एक बार में कई परमाणु हथियारों को ले जाया जा सकता है। यानी एक मिसाइल से कई टारगेट पर हमला किया जा सकता है।
रिपोर्ट कहती है कि पाकिस्तान ने भी अपने परमाणु हथियारों और उनके डिलिवरी सिस्टम पर तेजी से काम किया है। इससे पता चलता है कि आने वाले सालों में पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की संख्या भी बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें-- ईरान-इजरायल की जंग में स्ट्रेट ऑफ होरमुज कितना अहम, डर क्यों?
किसके पास कितने परमाणु हथियार?
अभी दुनिया में 9 देश हैं, जिनके पास परमाणु हथियार हैं। सबसे ज्यादा 5,459 हथियार रूस के पास हैं। दूसरे नंबर पर अमेरिका है, जिसके पास 5,177 परमाणु हथियार हैं। रूस और अमेरिका के पास दुनिया के 90 फीसदी परमाणु हथियार हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि उत्तर कोरिया के 50 परमाणु हथियार होने का अनुमान है। हालांकि, उसके पास अभी इतना मटैरियल है कि वह 40 और हथियार बना सकता है।
इनके अलावा, चीन के पास 600, फ्रांस के पास 290, यूके के पास 225, भारत के पास 180, पाकिस्तान के पास 170 और इजरायल के पास 90 हथियार हैं। जनवरी 2024 तक भारत के पास 172 परमाणु हथियार थे। यानी, एक साल में भारत के परमाणु हथियारों की संख्या 8 बढ़ गई है।
SIPRI के एसोसिएट सीनियर फैलो हैंस एम क्रिस्टेंसन ने कहा, 'कोल्ड वॉर के बाद दुनियाभर में परमाणु हथियारों के खात्मे का दौर शुरू हुआ था लेकिन अब यह खत्म हो रहा है और परमाणु हथियार बढ़ रहे हैं।'
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap