सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने 14 दिन बाद पृथ्वी पर लौट आए हैं। उनके साथ क्रू-9 के दो और एस्ट्रोनॉट निक हेग और अलेक्सांद्र गोरबुनाव भी साथ हैं। उनका ड्रैगन कैप्सूल सुबह 3 बजकर 27 मिनट पर फ्लोरिडा के तट पर लैंड हुआ।
स्पेसएक्स का ड्रैगन कैप्सूल जब पृथ्वी के वायुमंडल में आया तो इसका तापमान 1,600 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।
17 घंटे में ISS से पृथ्वी पर
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 5 जून 2024 को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) गए थे। दोनों को 8 दिन में वापस लौटना था लेकिन एयरक्राफ्ट में खराबी आने के कारण लौट नहीं सके। उन्हें वापस लाने की कई कोशिशें हुईं।
आखिरकार एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की मदद से दोनों को वापस लाया गया। स्पेसएक्स के रॉकेट फॉल्कन-9 से क्रू-10 को रवाना किया गया था।
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर के साथ जो दो और अंतरिक्ष यात्री निक हेग और अलेक्सांद्र गोरबुनाव लौटे हैं, वे सितंबर 2024 से ISS में थे।
इन चारों को लेकर 18 मार्च को भारतीय समयानुसार सुबह 8 बजकर 35 बजे स्पेसक्राफ्ट ISS से रवाना हुआ था। दो घंटे बाद 10 बजकर 35 मिनट पर स्पेसक्राफ्ट ISS से अलग हुआ था। 19 मार्च की रात 2 बजकर 41 मिनट पर डीऑर्बिट बर्न शुरू हुआ। इस प्रोसेस में स्पेसक्राफ्ट के इंजन को पृथ्वी की कक्षा से उल्टी दिशा में फायर किया गया था। स्पेसक्राफ्ट को पृथ्वी में वातावरण में लाने के लिए ऐसा किया जाता है। आखिरकार 3 बजकर 27 मिनट पर ड्रैगन कैप्सूल फ्लोरिडा के पास समंदर में उतरा।
यह भी पढ़ें-- सुनीता विलियम्स को पृथ्वी पर आने पर क्या दिक्कतें हो सकती हैं? जानें
बाहर निकलते ही मुस्कुराईं सुनीता
ड्रैगन कैप्सूल जैसे ही पानी में उतरा, सबसे पहले उसे साफ पानी से साफ किया गया। स्पेसएक्स के केट टाइस ने बताया कि स्पेसक्राफ्ट पर खारा पानी जम जाता है, इसलिए उसे साफ किया जाता है, ताकि स्पेसक्राफ्ट को खराब होने से बचाया जा सके।
सबसे पहले क्रू कमांडर निक हेग को बाहर निकाला गया। उनके बाद अलेक्सांद्र गोरबुनाव, फिर सुनीता विलियम्स और सबसे आखिरी में बुच विल्मोर बाहर आए। स्पेसक्राफ्ट से बाहर आने के बाद सुनीता विलियम्स के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने बाहर आकर हाथ हिलाकर सबका अभिवादन किया।
यह भी पढ़ें-- बाल कैसे धोते हैं? शेविंग कैसे होती है? अंतरिक्ष में ऐसी होती है लाइफ
अब आगे क्या होगा?
ड्रैगन कैप्सूल से चारों अंतरिक्ष यात्री स्ट्रेचर पर बाहर आए थे। लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने वाले यात्री इसी तरह बाहर आते हैं।
पृथ्वी पर लौटने के बाद अब चारों अंतरिक्ष यात्रियों को सबसे पहले ह्यूस्टन में NASA की फैसिलिटी में ले जाया जाएगा। यहां इनका मेडिकल चेकअप होगा। बताया जा रहा है कि चारों अंतरिक्ष यात्री करीब 45 दिन तक यहां रहेंगे। NASA की जॉन्सन स्पेस सेंटर की टीम उन्हें पृथ्वी के माहौल में ढलने के लिए तैयार करेगी।