स्विट्जरलैंड में 1 जनवरी 2025 से बुर्का पर प्रतिबंध लागू हो जाएगा, जिसके तहत विवादास्पद 'बुर्का बैन' कानून को लागू कर दिया जाएगा। बुर्का बैन को साल 2021 में एक करीबी जनमत संग्रह में मंजूरी मिली थी।
स्विट्जरलैंड सरकार ने घोषणा करते हुए कहा है कि बुर्का प्रतिबंध का उल्लंघन करने पर 1,000 स्विस फ्रैंक (लगभग 1,144 डॉलर) तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। स्विटजरलैंड में 2021 में हुए जनमत संग्रह में इस विधेयक को बहुत कम अंतर से पारित किया गया था। उस समय इसकी मुस्लिम संगठनों ने जमकर आलोचना की थी।
सरकार ने कई केसों में छूट दी
स्विटजरलैंड में जनमत संग्रह कराने वाले वही लोग थे जिन्होंने साल 2009 में देश में नई मीनारें और मस्जिदें बनाने पर बैन लगा दिया था। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, स्विस सरकार ने स्पष्ट किया है कि चेहरा ढकने पर प्रतिबंध हवाई जहाजों या राजनयिक और वाणिज्य दूतावास परिसरों में लागू नहीं होगा। इसके अलावा, धार्मिक स्थलों और अन्य पवित्र स्थलों पर भी चेहरा ढकने की अनुमति होगी।
कई स्थितियों में छूट
सरकार ने कहा है कि स्वास्थ्य और सुरक्षा के उद्देश्य से, पारंपरिक रीति-रिवाजों के लिए या मौसम की स्थिति की वजह से चेहरे को ढकने की अनुमति होगी। साथ ही महिलाओं को कलात्मक या मनोरंजन के साथ-साथ विज्ञापन के उद्देश्य से भी चेहरा ढकने की अनुमति दी जाएगी।
वहीं, सरकार अभिव्यक्ति और एकत्र होने की स्वतंत्रता से संबंधित व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए भी चेहरा ढकने की अनुमति दे सकती है। मगर, इसमें सार्वजनिक व्यवस्था बरकरार रहनी चाहिए।
अनुमति दी जानी चाहिए- सरकार
वहीं सरकार ने कहा है कि अगर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और एकत्र होने के लिए व्यक्तिगत सुरक्षा के लिए ऐसे कपड़ों की जरूरत है, तो उन्हें अनुमति दी जानी चाहिए, बशर्ते जिम्मेदार प्राधिकारी ने पहले ही उन्हें मंजूरी दे दी हो और सार्वजनिक व्यवस्था से समझौता न हो।
हालांकि, स्विट्जरलैंड में बहुत कम महिलाएं ऐसी हैं जो बुर्का जैसे पूरे चेहरे को ढकने वाले कपड़े पहनती हैं। बता दें कि बेल्जियम और फ्रांस जैसे देशों ने पहले से ही बुर्के पर प्रतिबंध लगा रखा है।