logo

ट्रेंडिंग:

थाईलैंड और कंबोडिया के बॉर्डर पर अचानक गोलियां क्यों चलने लगीं?

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जंग का खतरा बढ़ता जा रहा है। दोनों देशों के बीच गुरुवार सुबह से ही गोलीबारी हो रही है। इससे पहले थाईलैंड सेना ने कंबोडिया पर एयरस्ट्राइक की थी।

Thai-Cambodian border tensions

कंबोडिया के हमले के बाद थाईलैंड की एक इमारत। (Photo Credit: X@ThaiArmedForce)

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा पर तनाव बढ़ गया है। दोनों देशों की सेनाओं के बीच गोलीबारी भी हो रही है। थाईलैंड ने दावा किया है कि कंबोडिया की ओर से की गई फायरिंग में एक नागरिक की मौत हो गई है। वहीं, थाईलैंड की सेना ने कंबोडिया पर बमबारी भी की है। कंबोडिया की सेना ने बताया है कि थाईलैंड के लड़ाकू विमानों में प्राचीन प्रेह विहार मंदिर के पास बमबारी की है।

 

थाईलैंड के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता सुरासंत कॉन्गसिरी ने बताया कि कंबोडिया की तरफ से थाईलैंड के सुरीन प्रांत के रिहायशी इलाकों में गोलीबारी की गई है। इस गोलीबारी में 5 साल के बच्चे समेत 3 लोग बुरी तरह घायल हो गए हैं।

 

उन्होंने बताया कि बॉर्डर से सटे कम से कम 6 इलाकों में झड़पें हुई हैं। सबसे पहली झड़प प्राचीन प्रसात ता मुएन थॉम मंदिर के पास हुई थी। यह मंदिर थाईलैंड के सुरीन और कंबोडिया के ओद्दार मियांचे प्रांत के बीच बॉर्डर पर बना है।

घरों से भागते दिखे लोग

थाईलैंड और कंबोडिया दोनों ने ही एक-दूसरे पर पहले गोलीबारी करने का आरोप लगाया है हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि झड़प अब भी जारी है या नहीं।

 

थाईलैंड की ओर से जारी एक वीडियो में दिख रहा है कि गुरुवार सुबह गोलीबारी के बाद कुछ लोग घर से भागकर कंक्रीट के बंकर में छिपते दिखाई दे रहे हैं

 

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच इस साल मई में तनाव बढ़ गया था, एक कंबोडियाई नागरिक विवादित इलाके में मारा गया था। यह वह इलाका था जिसे 'नो मैन लैंड' घोषित किया गया है और यहां किसी भी तरह की आवाजाही पर रोक है।

 

यह भी पढ़ें-- USAID से मिले 83 करोड़ रुपये के गर्भनिरोधक बेल्जियम में होंगे नष्ट

थाईलैंड ने तैनात किए F-16 लड़ाकू विमान

सीमा पर तनाव बढ़ने के बाद थाईलैंड ने F-16 लड़ाकू विमान तैनात कर दिए हैं। थाई आर्मी की उप प्रवक्ता रिचा सुक्सूवेनॉन ने गुरुवार को बताया कि हमने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने के लिए हवाई ताकत का इस्तेमाल किया है।

 

थाई आर्मी ने दावा किया है कि एक F-16 लड़ाकू विमान ने कंबोडिया के सैन्य ठिकानों पर हमला कर उसे तबाह कर दिया है।

 

थाईलैंड ने यह भी दावा किया है कि कंबोडियाई सेना की तरफ से सुरीन प्रांत के मिलिट्री बेस पर गोलीबारी की गई है। साथ ही सिसाकेट के पास कई रॉकेट हमले भी हुए हैं।

 

 

उधर, कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि कंबोडिया के इलाके पर 'कब्जा' करने की कोशिश करते हुए थाईलैंड ने हवाई हमले किए हैं। रक्षा मंत्रालय की प्रवक्ता माली सोचेता ने कहा कि इससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को गंभीर खतरा हो सकता है। उन्होंने दावा किया है कि थाई लड़ाकू विमानों ने एक सड़क पर दो बम गिराए हैं।

थाईलैंड-कंबोडिया में गहराया राजनयिक संकट

मौजूदा तनाव बढ़ने के बाद थाईलैंड और कंबोडिया में राजनयिक संकट भी गहरा गया है। थाईलैंड ने कंबोडिया से लगने वाली उत्तर-पूर्वी सीमा को भी बंद कर दिया है।

 

28 मई को एक विवादित इलाके में हुई हिंसक झड़प में एक कंबोडियाई सैनिक के मारे जाने के बाद से तनाव बढ़ा हुआ है। दोनों देशों ने कई बॉर्डर पोस्ट को पहले ही बंद कर दिया है। अब जो पोस्ट खुली हैं, उनमें भी कई सारे प्रतिबंध लगे हुए हैं।

 

 

कंबोडिया के विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि उसने थाईलैंड के सभी राजनयिकों को देश छोड़ने को कह दिया है। साथ ही बैंकॉक स्थित दूतावास से कंबोडियाई कर्मचारियों को वापस बुलाया जा रहा है।

 

इतना ही नहीं, कंबोडिया ने थाई फिल्मों और टीवी शो को भी बैन कर दिया है। थाई फलों और सब्जियों का आयात बंद हो गया है। थाईलैंड से ईंधन का आयात भी बंद कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें-- कारोबार में आसानी से भारतीयों के फायदे तक; भारत-UK में FTA की कहानी

थाईलैंड-कंबोडिया में आरोप-प्रत्यारोप जारी

थाईलैंड की सेना ने बुधवार को दावा किया था एक विवादित इलाके में लैंड माइन बिछाई गई हैं, जिस पर गलती से पैर रखने के कारण 5 सैनिक घायल हो गए। इससे पहले पिछले हफ्ते भी माइन पर पैर पड़ने से तीन थाई सैनिक घायल हो गए थे।

 

थाई सेना ने आरोप लगाया कि यह लैंड माइन्स उन रास्तों पर हाल ही में बिछाई गई थीं, जिन्हें आपसी सहमति से सुरक्षित माना गया था। सेना ने कहा कि यह माइन्स रूस में बनी थीं।

 

सेना ने कंबोडिया से इन घटनाओं की जिम्मेदारी लेने को कहा है। थाईलैंड ने कंबोडिया पर ओटावा संधि का उल्लंघन करने का आरोप लगाया था। यह एक अंतर्राष्ट्रीय संधि है जो एंटी-पर्सनल लैंड माइन्स के उत्पादन और इस्तेमाल पर रोक लगाती है।

 

वहीं, कंबोडिया ने थाईलैंड के इन आरोपों को बेबुनियाद बताकर खारिज कर दिया है। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेता ने कहा कि लैंड माइन्स से विस्फोट कंबोडिया के इलाके में हुआ है। कंबोडिया ने इस बात से भी इनकार कर दिया है उसने सीमा पर नई लैंड माइन्स बिछाई हैं।

 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap