अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नया दावा किया है। उनका कहना है कि मई महीने में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों के संघर्ष में पांच फाइटर जेट गिरे थे। अपने बयान में ट्रंप ने यह साफ नहीं किया है कि इन पांच विमानों को किसने खोया है या साझा तौर पर दोनों देशों को नुकसान हुआ है। ट्रंप का दावा है कि व्यापार के माध्यम से सीजफायर करवाया था। हालांकि भारत कई मौकों पर ट्रंप के दावे को खारिज कर चुका है। भारत का कहना है कि पाकिस्तान के अनुरोध पर सीजफायर हुआ था। दोनों पक्षों ने अमेरिकी मध्यस्थता के बिना तनाव को कम करने पर सहमति जताई थी।
व्हाइट हाउस में शुक्रवार की रात डिनर का आयोजन किया गया। इसमें रिपब्लिकन सीनेटरों ने शिरकत की। इसी दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया, 'भारत और पाकिस्तान के बीच विमानों को हवा में ही मार गिराया जा रहा था। मुझे लगता है कि 5 जेट मार गिराए गए थे। दो परमाणु संपन्न देश एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। स्थिति और बदतर होती जा रही थी। भारत और पाकिस्तान आगे-पीछे हो रहे थे और यह बढ़ता जा रहा था। हमने व्यापार के माध्यम से इसे हल किया।'
यह भी पढ़ें: क्या है TRF, जिसे USA ने माना आतंकी; इसका असर क्या होगा?
हमने की युद्धों को रोका: ट्रंप
ट्रंप ने आगे दावा किया, 'हमने कहा कि आप लोग एक व्यापार समझौता करना चाहते हैं। अगर आप हथियार और शायद परमाणु हथियार से हमला करेंगे तो हम व्यापार समझौता नहीं करेंगे।' ट्रंप का कहना है कि हमारी सरकार ने पिछले छह महीनों में जो कर दिखाया है, उसे कई अन्य सरकार आठ सालों में नहीं कर पाई। मुझे इस बात पर गर्व है कि हमने कई गंभीर युद्धों को रोका है।
भारत ने लिया था पहलगाम का बदला
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या की थी। इस आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान और पीओजेके में स्थित नौ आतंकी ठिकानों पर 7 मई की रात भीषण बमबारी की। भारत के हमलों में लगभग 100 आतंकियों की जान गई थी। पाकिस्तान ने जवाब में भारत पर पलटवार किया। मगर भारत ने उसके हमलों को हवा में ही तबाह कर दिया।
यह भी पढ़ें: 7 दिनों का संघर्ष, 600 मौतें, अब थम कई इजरायल-सीरिया की जंग
नौ और 10 मई की रात भारतीय वायुसेना ने महज 23 मिनट में पाकिस्तान के 11 एयरफोर्स बेस को तबाह कर दिया। इस हमले के बाद पाकिस्तान घुटनों पर आ गया। उसने भारत से सीजफायर की गुहार लगाई। 10 मई की शाम को भारत ने पाकिस्तान के साथ सीजफायर का एलान किया, लेकिन भारत की घोषणा से पहले ट्रंप ने इसका एलान कर दिया था। तब से डोनाल्ड ट्रंप सीजफायर का क्रेडिट कई बार ले चुके हैं।