चीनी ऐप TikTok अमेरिका में फिर से शुरू हो गया है। वो इसलिए क्योंकि डोनाल्ड ट्रंप ने TikTok को थोड़ी राहत दे दी है। ट्रंप का कहना है कि वो शपथ लेने के बाद TikTok को लेकर एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर जारी करेंगे। हालांकि, TikTok को अमेरिका में काम जारी रखने के लिए कुछ शर्तें भी माननी होंगी। ट्रंप ने शपथ से पहले आखिरी बड़ी रैली में भी कहा कि TikTok को बचाने की जरूरत है।
ट्रंप ने क्या कहा?
वॉशिंगटने डीसी में शपथ से पहले एक रैली में ट्रंप ने कहा, 'सच कहूं तो हमारे कोई विकल्प नहीं है। हमें TikTok को बचाना है। बहुत सारी नौकरियां हैं। हम अपना कारोबार चीन को नहीं देना चाहते। हम अपना कारोबार किसी और को नहीं देना चाहते।'
इससे पहले बाइडेन सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा बताते हुए TikTok पर बैन लगा दिया था। शनिवार को कुछ अमेरिकी राज्यों में TikTok बंद भी हो गया था। हालांकि, अब फिर से इसकी सर्विस शुरू हो गई है।
ट्रंप ने क्या रखी शर्त?
कुछ ही घंटों में डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के राष्ट्रपति पद की शपथ लेने वाले हैं। इससे पहले उन्होंने TikTok के सामने बड़ी शर्त रखी है। ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर पर लिखा, 'मैं सोमवार को एक एक्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन करूंगा, ताकि हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए एक समझौता कर सकें। मैं चाहूंगा कि अमेरिका के पास इसमें 50% हिस्सेदारी हो। ऐसा करके हम TikTok को बचा सकते हैं और इसे अच्छे हाथों में रख सकते हैं।'

आगे क्या होगा?
ट्रंप शपथ लेने के बाद एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पास करेंगे। इस ऑर्डर से TikTok पर लगा बैन 90 दिन के लिए हट जाएगा। यानी, TikTok को 90 दिन की राहत मिल जाएगी। अब TikTok के पास 90 दिन का समय होगा। अगर इस दौरान TikTok की डील हो जाती है तो इस पर लगा बैन हट जाएगा।
TikTok ने ट्रंप को कहा थैंक्स
ट्रंप की ओर से मिले आश्वासन के बाद TikTok के मालिकाना हक वाली Bytedance ने ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है। कंपनी ने बयान जारी कर कहा कि इससे 17 करोड़ अमेरिकियों और 70 लाख छोटे कारोबारियों को दंड नहीं भुगतना पड़ेगा।
अमेरिका में TikTok पर लग गया था बैन
अमेरिका में पिछले साल TikTok पर बैन लगाने वाला कानून पास हुआ था। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए TikTok पर बैन लगाया गया था। दावा था कि इससे अमेरिकियों का डेटा चीन के पास जा सकता है। हाल ही में अमेरिका की सुप्रीम कोर्ट ने भी इस बैन को बरकरार रखा था।