अरबपति जेफ बेजोस की एयरोस्पेस और स्पेस टूरिज्म कंपनी ब्लू ऑरिजिन अंतरिक्ष में यात्रा करवाने के लिए जानी जाती है। यह कंपनी 3 अगस्त को अंतरिक्ष की एक और यात्रा करवाने वाली है। इस यात्रा में कुल 6 लोग शामिल होंगे और इन 6 लोगों में 1 व्यक्ति भारतीय मूल का भी है। भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक अरविंदर आर्वी सिंह बहल इस खास यात्रा पर जाने वाले हैं। उनकी जिंदगी रोमांच से भरी है और अब 80 साल में शायद यह अंतरिक्ष यात्रा उनकी अब तक की सबसे रोमांचक यात्रा में से एक होगी।
यह उड़ान ब्लू ओरिजन के न्यू शेपर्ड प्रोग्राम का हिस्सा है। इस प्रोग्राम के तहत अब तक 70 लोगों को अंतरिक्ष की यात्रा करवाई जा चुकी है। इस बार भारतीय मूल के अमेरिकी अरविंद आर्वी सिंह भी इसी प्रोग्राम के तहत अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले हैं। वह अब तक कई रोमांचक यात्राएं कर चुके हैं। इस यात्रा के बाद वह उन चंद भारतीय मूल के लोगों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे जो अंतरिक्ष में जाएंगे। वह करीब 80 साल के होने वाले हैं और अब तक वह माउंट एवरेस्ट और गीजा के पिरामिडों से स्काई डाइविंग करने से लेकर दुनिया के कई देशों की रोमांचक यात्रा कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रंप ने क्यों दिए रूस के पास 2 परमाणु पनडुब्बी तैनात करने के आदेश?
कौन हैं अरविंदर सिंह?
अरविंदर सिंह भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक हैं जिन्होंने दुनिया घूमने को ही अपना मिशन बना लिया है। अरविंदर मूल रूप से आगरा के रहने वाले हैं अब तक वह दुनिया के सभी देशों की यात्रा कर चुके हैं। वह 3 अगस्त को पश्चिमी टेक्सास से अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरने वाले हैं।
उनकी सोशल मीडिया प्रोफाइल के अनुसार वह रियल एस्टेट में निवेश करते हैं और बहल प्रॉपर्टीज के अध्यक्ष हैं। वह इस रियल एस्टेट कंपनी को 1975 से संभाल रहे हैं। अरविंदर सिंह बहल माउंट एवरेस्ट और गीजा के पिरामिडों पर स्काई डाइविंग भी कर चुके हैं। वह उत्तरी और दक्षिणी ध्रुवों की भी यात्रा कर चुके हैं। इसके अलावा अरविंदर सिंह के पास प्राइवेट पायलट लाइसेंस भी है और उनको हेलीकॉप्टर उड़ाना भी आता है।
5 अन्य लोग कौन?
- अरविंद सिंह के साथ इस प्रोग्राम में 5 अन्य लोग भी शामिल हैं।
- जस्टिन सन, ट्रॉन के फाउंडर
- गोखान एर्डेम, तुर्की के बिजनेसमैन
- डेबोरा मार्टोरेल, मौसम विज्ञानी और साइंस जर्नलिस्ट
- लियोनेल पिचफोर्ड, स्पेन में रहने वाले एक ब्रिटिश टीचर
- जेडी रसेल, ब्लू ओरिजिन के एक रिटायर्ड यात्री
यह भी पढ़ें: दुनिया पर टैरिफ लगाकर कितना कमा रहा है ट्रंप का अमेरिका?
करोंड़ों का खर्च
ब्लू ओरिजिन की इस यात्रा पर करोंड़ों रुपये खर्च होने वाले हैं। इस यात्रा के लिए न्यू शेपर्ड नामक एक रॉकेट का इस्तेमाल किया जाता है। यह यात्रियों को धरती और अंतरिक्ष के बीच कर्मन लाइन के पार ले जाता है। यह यात्रा सिर्फ 11 मिनट की रहने वाली है और इस 11 मिनट की यात्रा पर करोड़ों खर्च होने वाले हैं। कंपनी ने इस यात्रा पर होने वाले खर्च को सार्वजनिक नहीं किया है।
हालांकि, कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर बताया है कि ऑर्डर प्रोसेस शुरू करने के लिए 150,000 डॉलर का रिफंडेबल अमाउंड जरूरी होता है. टिकट की अंतिम कीमत प्रक्रिया के बाद तय की जाती है और ज्यादातर गोपनीय ही रहती है। एक रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया था कि इस यात्रा के लिए हर एक व्यक्ति को 5 लाख डॉलर देने होंगे।