अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प, जी7 की बैठक से एक दिन पहले ही लौट गए हैं। वह कनाडा में थे लेकिन वहां से वापस लौट गए। उनके जल्दी लौटने की वजह मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष को बताया गया। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने दावा किया कि डोनाल्ड ट्रम्प इसलिए अमेरिका लौटे हैं, जिससे वह इजरायल और ईरान के बीच चल रहे तनाव को कम करने के लिए काम कर सकें। डोनाल्ड ट्रम्प ने उन पर तंज कसते हुए कहा है कि इमैनुएल मैक्रों, आदतन चीजों को गलत लेते हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर कहा कि वह गलत कह रहे हैं कि इजरायल-ईरान के बीच संघर्ष विराम समझौते पर बातचीत के लिए वह वाशिंगटन लौटे हैं। उनके पास इससे बड़ा भी काम है। उन्होंने यह भी कह दिया कि इमैनुएल मैक्रों, हमेशा गलत दावे करते हैं।
डोनाल्ड ट्रम्प ने लिखा, 'लोकप्रियता की चाहत रखने वाले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गलती से कहा है कि मैं कनाडा में जी7 की शिखर सम्मेलन छोड़कर वापस वाशिंगटन डीसी इसलिए जा रहा हूं कि इजरायल और ईरान के बीच युद्ध विराम पर काम कर सकू्ं। गलत। उन्हें नहीं पता है कि मैं अब वाशिंगटन क्यों जा रहा हूं। इसका निश्चित तौर पर युद्ध विराम से कोई लेना-देना नहीं है, उससे कहीं ज्यादा बड़ा मकसद है। चाहे यह जानबूझकर हो, या न हो, इमैनुएल हमेशा गलत ही होते हैं। इंतजार कीजिए और देखिए।' |
मैक्रों और ट्रम्प में अनबन क्यों
24 फरवरी 2025 को फ्रैंस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने डोनाल्ड ट्रम्प के ओवल ऑफिस में जो कहा, ट्रम्प उसे हजम नहीं कर पाए। यूक्रेन पर बात हो रही थी। यूक्रेन के राष्ट्रपति के साथ डोनाल्ड ट्रम्प और उनके डिप्टी जेडी वेंस उस भाषा में बात कर रहे थे, जो आमतौर पर किसी राष्ट्राध्यक्ष के लिए अपमानक होता है। दोनों नेता यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की को धमकी दे रहे थे।
डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेन पर दावा किया कि यूरोपीय देश इसलिए यूक्रेन की मदद कर रहे हैं कि वे अपना लोन ग्रांट वापस लेंगे। इस पर टोकते हुए इमैनुएल मैक्रों ने कहा कि, 'साफगोई से कहूं तो यह तथ्य नहीं है। हम 60 फीसदी तक खर्च वहन करते हैं, लोन, गारंटी और ग्रांट जैसे अमेरिका करता है।' ट्रम्प ने इसके जवाब में कहा कि अगर आप ऐसा मानते हैं तो यह मेरे लिए ठीक है।

G7 की बैठक में क्या हुआ?
- नेताओं ने कहा कि मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
- इजरायल को अपनी रक्षा करने का अधिकार है।
- ईरान, क्षेत्रीय अस्थिरता और आतंक का असली स्रोत है।
- ईरान कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता है।
- ईरान संकट के समाधान से ही मध्य पूर्व की मुश्किलें हल होंगी।