logo

ट्रेंडिंग:

27 साल उम्र और YouTube वीडियो बनाकर अरबपति बन गए मिस्टर बीस्ट

मिस्टर बीस्ट के नाम से मशहूर यूट्यूबर जिमी डोनाल्ड का नाम दुनिया के बिलियनरों की सूची में आ गया है। वह 27 साल की उम्र में बिलिनियर बन गए हैं। पढ़िए उनकी पूरी कहानी।

Mr Beast

मिस्टर बीस्ट, photo credit: Social Media

YouTube पर दुनियाभर के लाखों कॉन्टेंट क्रिएटर हैं, उनमें सबसे चर्चित मिस्टर बीस्ट रहते हैं। अभी वह दुनिया के सबसे बड़े और सबसे अमीर यूट्यूबर हैं। मिस्टर बीस्ट का असली नाम जिमी डोनाल्ड है और उनके यूट्यूब चैनल पर 39.6 करोड़ सब्सक्राइबर हैं। मिस्टर बीस्ट के सब्सक्राइबर तो करोड़ों में हैं लेकिन इनकी नेटवर्थ अब अरब में पहुंच गई है। रिपोर्टस के अनुसार,  मिस्टर बीस्ट अरबपतियों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं। अब वह दुनिया के सबसे कम उम्र के 8वें अरबपति बन गए हैं।

 

मशहूर लोगों की आय और नेटवर्थ पर नजर रखने वाली संस्था सेलिब्रिटी नेट वर्थ से मिली जानकारी के अनुसार, 27 साल के मिस्टर बीस्ट अरबपतियों की लिस्ट में आ गए हैं। वह 8वें सबसे कम उम्र के बिलिनियर यानी अरबपति बन गए हैं और 30 साल से कम उम्र में बिना पैतृक संपत्ति के बिलिनियर बनने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बन गए हैं। मिस्टर बीस्ट ने अपने यूट्यूब करियर की शुरुआत किशोरावस्था में ही कर दी थी और शुरुआत में वह अपने घर से ही वीडियो बनाकर यूट्यूब पर डाला करते थे। 

 

यह भी पढ़ें-- PAK को कितना नुकसान? इंडियन एयरफोर्स ने जारी की तस्वीरें; दिखी तबाही

 

2017 में पहली बार हुए थे वायरल


मिस्टर बीस्ट का पहला वीडियो 2017 में वायरल हुआ था। उन्होंने 2017 में 'I Counted To 100,000!' टाइटल के साथ वीडियो अपलोड किया था। इस वीडियो को बनाने में उन्हें 44 घंटे लगे थे और इसको 31 मिलियन लोगों ने देखा था। इसके बाद मिस्टर बीस्ट को इस तरह के चैलेंज लेने के लिए जाना जाने लगा। इसके अलावा, वह बड़े स्तर पर गिव अवे (उपहार देना) भी करते थे जिसके कारण ओर ज्यादा लोग उन्हें पसंद करने लगे। 

 

कैसे हुई थी शुरुआत?


मिस्टर बीस्ट ने 13 साल की उम्र में ही वीडियो बनाना शुरू कर दिया था। उनका एक लाख तक गिनती करने वाला वीडियो काफी वायरल हुआ था। यह उनका पहला वायरल वीडियो था और इसके बाद ही उन्हें पहचान मिलनी शुरू हो गई थी। 2013 में उन्होंने मीस्टर बीस्ट6000 नाम के चैनल पर अपने घर से ही वीडियो बनाना शुरू किया था। शुरुआत में वह गेमिंग वीडियो और बड़े यूट्यूबर की नेट वर्थ पर वीडियो बनाते थे। उन्होंने शुरुआत में अलग-अलग प्रयोग किए। 2016 तक उनके चैनल पर 30 हजार सबस्क्राइबर हुए थे। इसके बाद उन्होंने कॉलेज ड्रॉप करके पूरा समय यूट्यूब पर लगाने का मन बना लिया था।

 

उनको अलग-अलग किस्म के वीडियो बनाने से पहचान मिलनी शुरू हुई। वह चैलेंजिंग व्लॉग बनाते थे और इसके अलावा वह पेंट को सूखते हुए देखना, 100 मेगाफोन के साथ गिलास को तोड़ना जैसे टास्क करके मशहूर हुए। उन्होंने एक सीरीज शुरू की थी जिसका नाम 'यूट्यूब पर सबसे बेकार इंट्रो' था, इस सीरीज से उन्हें काफी पहचान मिली थी। मिस्टर बीस्ट यूट्यूब से जितना भी कमाते थे सारा पैसा वापस यूट्यूब वीडियो पर ही लगा देते थे जिससे वह वीडियो बनाने में खर्च भी ज्यादा करने लगे। 2021 तक वह यूट्यूब पर सबसे तेजी से ग्रो करने वाले यूट्यूबर बन गए थे और सिर्फ एक साल में ही उन्हें 37 मिलियन सब्सक्राइबर मिले थे। इसके बाद उन्होंने अपने कंटेट को दुनियाभर में 10 अलग-अलग भाषाओं में चलाया और इंटरनेशनल स्तर पर अपनी पहुंच बढ़ाई। जून 2024 में उनका यूट्यूब चैनल दुनिया का सबसे ज्यादा सबस्क्राइबर वाला चैनल बन गया था।


कैसे सफल हुए मिस्टर बीस्ट?

 

मिस्टर बीस्ट ने 13 साल की उम्र में 'MrBeast6000' नाम से यूट्यूब चैनल शुरू किया था। साल 2024 में इन्हें फोर्ब्स की लीडिंग क्रिएटर की सूची में शामिल किया गया था। फोर्ब्स ने उनकी नेट वर्थ 85 मिलियन डॉलर बताई थी लेकिन मिस्टर बीस्ट के एक फूड ब्रांड पर चले केस के दौरान दी गई जानकारी के अनुसार, उनकी नेट वर्थ 2023 में 223 मिलियन डॉलर थी। 2024 में उनकी नेट वर्थ 700 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई थी। मिस्टर बीस्ट सिर्फ यूट्यूब से ही पैसा नहीं कमाते उनके कई दूसरे आय के साधन भी हैं। उनके बिजनेस वेंचर में बीस्ट बर्गर शामिल है। उन्होंने 2020 में एक डिलीवरी-ओनली फास्ट-फूड चेन लॉन्च किया था। इससे उन्होंने हर महीने 223 मिलियन डॉलर की कमाई की थी लेकिन खराब गुणवत्ता के कारण इसे बाद में बंद कर दिया गया था। मिस्टर बीस्ट ने फेस्टिबल्स नाम से एक चॉकलेट बार की शुरुआत की थी, जिसमें उन्हें शुरुआती महीनों में 10 मिलियन डॉलर की कमाई की थी। 

 

यह भी पढ़ें-ट्रंप ने क्यों रोकी हार्वर्ड की $2.3 अरब की फंडिंग? क्या होगा इम्पैक्ट

 

क्रिप्टो और टेक स्पेस में मिस्टर बीस्ट के पास बिटकॉइन और कई क्रिप्टोपंक्स NFT हैं और यह कॉइनबेस और XCAD नेटवर्क जैसे प्लेटफॉर्म से जुड़ा हुआ है, जो क्रिएटर्स को NFT के साथ वीडियो से कमाई करने में मदद करता है। उनके परोपकारी काम का भी उनके मशहूर होने में एक अहम योगदान है। मिस्टर बीस्ट ने बीस्ट फिलैंथ्रोपी की स्थापना की, जो एक गैर लाभकारी प्रोजेक्ट था जिसमें उन्होंने कई लोगों की मदद की। उन्होंने 100 से ज्यादा कार गिफ्ट में दी हैं। उन्होंने अपनी एक वीडियो में 1 मिलियन डॉलर गिव अवे के रूप में बांटे थे और 20 मिलियन डॉलर का फंड प्लांट ट्री के लिए जुटाया था। 

 

सारे पैसे दान कर देंगे मिस्टर बीस्ट

 

मिस्टर बीस्ट को 2023 में कई आलोचनाओं का भी सामना करना पड़ा था। उन्हें 1,000 लोगों की मोतियाबिंद सर्जरी के लिए पैसा देने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा। उन्होंने इस विवाद पर कहा था,  'मैं वादा करता हूं कि मरने से पहले अपना सारा पैसा दान कर दूंगा। सारा पैसा।' उन्होंने 2023 में भी अपनी जिंदगी के मकसद के बारे में बताते हुए भी इसी तरह की कसम खाई थी। उस समय उन्होंने कहा था, 'मेरी जिंदगी का मकसद खूब पैसा कमाना है और इसे लोगों में बांटकर जितना संभव हो सके उनकी मदद करनी है।'

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap