हर साल की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) दिल्ली के कर्तव्य पथ पर मनाया जाएगा। 26 जनवरी को भारतीय गणतंत्र दिवस के रूप में मनाते हैं। इसी दिन साल 1950 में भारत का संविधान लागू हुआ था और भारत 'संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य' बना।
26 जनवरी सभी भारतीयों के लिए खुशी, सम्मान और देशभक्ति की भावना में सराबोर होने का दिन है। 1950 में इसी दिन से भारत को अपनी खुद की सरकार और शासन का स्वरूप मिला। साथ ही इस दिन से ही भारत पूर्ण रूप से संप्रभु हो गया।
भारत दुनिया को दिखाएगा अपनी शक्ति
हर साल भारतवासियों की नजर राजधानी दिल्ली में होने वाले गणतंत्र दिवस परेड पर होती है। देश के गौरव इस परेड को हर कोई टीवी और अपने मोबाइल फोन में देखना चाहता है। यह परेड हर साल कर्तव्य पथ (पहले राजपथ) पर आयोजित की जाती है। भारत इस दिन अपनी शक्ति दुनिया को दिखाने के लिए विश्व भर से अतिथियों, दर्शकों और मुख्य अतिथियों को आमंत्रित करता है।
भारत के स्कूलों के बच्चे गणतंत्र दिवस में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। साथ ही भारतीय सेना, नौसेना और वायु सेना दुनिया को अपनी शक्ति दिखाती हैं। गणतंत्र दिवस परेड में भारत की सांस्कृतिक विविधता और सैन्य शक्ति का अनूठा मिश्रण होता है।
ऐसे में आइए गणतंत्र दिवस परेड को लेकर हर वह बात जानते हैं जो आप जानना चाहते हैं...
76वें गणतंत्र दिवस परेड का समय और कार्यक्रम
गणतंत्र दिवस परेड सुबह 9 बजे शुरू होगी। इसी समय भारत की राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और विदेशी मुख्य अतिथि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति आते हैं। वहीं, आम लोग सुबह 6 बजे से ही परेड देखने के लिए कर्त्तव्य पथ पर पहुंच जाते हैं। दरअसल, गणतंत्र दिवस परेड के मद्देनजर आम लोगों को एक हाई लेवल सुरक्षा जांच से गुजरा होता है।

सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शहीदों को राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर जाकर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू औपचारिक बग्गी में सवार होकर कर्तव्य पथ पर पहुंचेंगी और औपचारिक मार्च पास्ट के दौरान सलामी लेंगी। इसमें सशस्त्र बलों, अर्धसैनिक बलों, सहायक नागरिक बलों, एनसीसी और एनएसएस की इकाइयां शामिल होंगी।
गणतंत्र दिवस परेड कब और कहां देखें
गणतंत्र दिवस समारोह का प्रसारण टीवी के साथ ही ऑनलाइन भी की जाएगी। परेड का दूरदर्शन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। सुबह करीब 9:00 बजे भारत की राष्ट्रपति तिरंगा फहराएंगी, इसके साथ ही परेड की कवरेज शुरू हो जाएगी।
जो लोग अपने मोबाइल फोन पर परेड देखना चाहते हैं, वह दूरदर्शन नेशनल के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जाकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कर सकते हैं। इसके अलावा इसका प्रसारण प्रसार भारती लाइव, डिज्नी प्लस हॉटस्टार और अन्य समाचार चैनलों पर किया जाएगा।
76वें गणतंत्र दिवस परेड की थीम क्या है?
76वें गणतंत्र दिवस परेड की थीम 'स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास' है। भारत सरकार भारतीय संविधान के लागू होने के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रही है।
गणतंत्र दिवस परेड में कौन शामिल होगा?
इसके अलावा गणतंत्र दिवस समारोह में अलग-अलग राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के मंत्रालयों की 31 झांकियां शामिल होंगी। इसमें भारत की सांस्कृतिक विविधता और उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
कौन होगा गणतंत्र दिवस पर चीफ गेस्ट?
बता दें कि 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति भारत के मुख्य अतिथि हैं। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को भारत ने अपना मुख्य अतिथि बनाया है।