logo

ट्रेंडिंग:

जनता के पैसों के दुरुपयोग का आरोप, पूर्व CM केजरीवाल पर एक और FIR दर्ज

दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के खिलाफ जनता के पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगा है। इसे लेकर केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।

arvind kejriwal

अरविंद केजरीवाल। (File Photo Credit: PTI)

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एक और FIR दर्ज की गई है। केजरीवाल के खिलाफ यह केस जनता के पैसों के गलत इस्तेमाल करने से जुड़ा है। आरोप है कि 2019 में केजरीवाल ने दिल्ली में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर जनता के पैसों का दुरुपयोग किया था। 


इस मामले में 11 मार्च को राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। अब पुलिस ने कोर्ट में बताया है कि इस मामले में केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। 


पुलिस ने यह भी बताया कि इस मामले में जांच चल रही है। अब इस मामले में कोर्ट में अगली सुनवाई 18 अप्रैल को होगी।

 

यह भी पढ़ें-- पंजाब सरकार का सुप्रीम कोर्ट में दावा- डल्लेवाल ने तोड़ दिया अनशन

क्या है पूरा मामला?

मामला 2019 का है। यह शिकायत शिव कुमार सक्सेना ने की थी। इसमें उन्होंने बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर जनता के पैसों के दुरुपयोग का आरोप लगाया था।


सक्सेना ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया था कि दिल्ली के कई इलाकों में बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए थे। यह पोस्टर तत्कालीन दिल्ली सरकार की एक योजना से जुड़ा था। सरकार उस समय करतारपुर साहिब की मुफ्त यात्रा शुरू करने वाली थी और इसके रजिस्ट्रेशन शुरू होने थे। इसे लेकर ही होर्डिंग लगाए गए थे। होर्डिंग में अरविंद केजरीवाल के साथ-साथ मटियाला से तत्कालीन विधायक गुलाब सिंह की फोटो थी। 


उन्होंने सिर्फ केजरीवाल और गुलाब सिंह के खिलाफ ही शिकायत नहीं की थी। बल्कि बीजेपी पार्षद नितिका शर्मा की शिकायत भी की थी, जिन्होंने बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए थे। इस होर्डिंग में पीएम नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी समेत कई बीजेपी नेताओं की फोटो थी। 

 

यह भी पढ़ें-- इमिग्रेशन बिल पास, भारत में विदेशियों की अवैध एंट्री होगी मुश्किल

मामले में अब तक क्या हुआ?

इस मामले में 2022 में द्वारका पुलिस स्टेशन के SHO ने स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की थी। इस रिपोर्ट में उन्होंने बताया था कि अब उन जगहों से होर्डिंग हटा लिए गए हैं, इसलिए कोई मामला नहीं बनता। इसके बाद द्वारका की मजिस्ट्रेट कोर्ट ने 15 सितंबर 2022 को शिकायत खारिज कर दी थी।

अब केजरीवाल के खिलाफ FIR

11 मार्च को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल, पूर्व विधायक गुलाब सिंह और पार्षद नितिका शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। कोर्ट ने इनके खिलाफ दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डीफेसमेंट एंड प्रॉपर्टी एक्ट 2007 के तहत केस दर्ज कर जांच करने का आदेश दिया था। अब पुलिस ने बताया है कि केजरीवाल और गुलाब सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap