दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पर ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (BBC) ने डॉक्यूमेंट्री जारी की है। डॉक्यूमेंट्री का नाम 'द किलिंग कॉल' रखा गया है। इसे यूट्यूब पर दो भागों में रिलीज किया गया है। खास बात यह है कि कानूनी विवाद के बीच बीबीसी ने यह डॉक्यूमेंट्री रिलीज की है। सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने पंजाब के मानसा जिले की एक अदालत में याचिका दाखिल की है। इसमें उन्होंने डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग पर रोक लगाने की मांग की है। बीबीसी की यह डॉक्यूमेंट्री गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या पर आधरित है।
मानसा की अदालत में बलकौर सिंह ने एक दीवानी मुकदमा दाखिल किया है। बलकौर के वकील सतिंदर पाल सिंह के बताया कि याचिकाकर्ता का तर्क है कि डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग से मूसेवाला हत्याकांड के मुकदमे पर असर पड़ सकता है। परिवार के निजता के अधिकार का भी उल्लंघन हो सकता है। मानसा के सिविल जज (सीनियर डिवीजन) राजिंदर सिंह नागपाल ने मंगलवार यानी 11 जून को डॉक्यूमेंट्री पर रोक लगाने से जुड़ा कोई भी अंतरिम आदेश जारी करने से मना कर दिया। अब अगली सुनवाई कल यानी 12 जून को है।
यह भी पढ़ें: सबसे तेज बढ़ रही मुस्लिमों की जनसंख्या, हिंदुओं की रफ्तार कितनी है?
11 जून को होनी थी स्क्रीनिंग
सिद्धू मूसेवाला की जयंती पर बीबीसी ने 11 जून को मुंबई में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग रखी थी। कानूनी अड़चनों के बीच इसे टाल दिया गया, लेकिन बीबीसी वर्ल्ड सर्विस ने इसे अपने यूट्यूब चैनल पर अपलोड कर दिया। बलकौर सिंह ने अपनी याचिका में बीबीसी के साथ इशलीन कौर और अंकुर जैन को भी प्रतिवादी बनाया है।
मुंबई पुलिस में भी शिकायत
बलकौर सिंह ने डॉक्यूमेंट्री के संबंध में मुंबई के जुहू पुलिस थाने और महाराष्ट्र के डीजीपी के पास शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि परिवार की सहमति के बिना सिद्धू मूसेवाला का नाम, फोटो और लाइफ स्टोरी का इस्तेमाल किया गया है।
डॉक्यूमेंट्री में क्या है?
- पहला भाग: इसमें सिद्धू मूसेवाला के गायक बनने का सफर, संघर्ष और विवाद हैं।
- दूसरा भाग: यह मूसेवाला की हत्या के बाद की कहानी पर आधारित है।
- पुलिस अधिकारियों, पत्रकारों और दोस्तों के इंटरव्यू शामिल।
- गैंगस्टर गोल्डी बराड़ का ऑडियो इंटरव्यू भी डॉक्यूमेंट्री का हिस्सा।
यह भी पढ़ें: लॉरेंस बिश्नोई ने कैसे दिया था इंटरव्यू? SIT नोट में सबकुछ खुल गया
कब हुई थी मूसेवाला की हत्या?
शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला की हत्या 29 मई 2022 की शाम मानसा जिले के जवाहरके गांव में हुई थी। बदमाशों ने मूसेवाला पर लगभग 30 गोलियों की बौछार की थी। कनाडा में मौजूद गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने हत्या की जिम्मेदारी ली थी। गोल्डी बराड़ ने खुलासा किया था कि लॉरेंस बिश्नोई के आदेश पर ही मूसेवाला को मारा गया था। मूसेवाला जब अपनी थार से बिना सुरक्षा के कहीं जा रहे थे, तभी घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। बता दें कि 2022 में मूसेवाला ने कांग्रेस की टिकट पर मानसा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार का सामना करना पड़ा था। मौत के बाद यूट्यूब पर उनका SYL गाना रिलीज हुआ, जिसे बाद में सरकार के आदेश पर हटा दिया गया।