भारत में कोविड-19 के मामलों में एक बार फिर उछाल देखने को मिल रहा है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय (MoHFW) के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून 2025, रविवार को देश में कोविड-19 के 3,758 सक्रिय मामले दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटों में 363 नए मामले सामने आए हैं, जो कई महीनों में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में वृद्धि को दर्शाता है। इसके साथ ही, इस अवधि में दो लोगों की कोविड-19 की वजह से मौत भी हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, केरल में 1,400 सक्रिय मामले हैं, जो देश में सबसे अधिक हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 485 और दिल्ली में 436 सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटों में केरल में 64, दिल्ली में 61 और महाराष्ट्र में 18 नए मामले दर्ज किए गए। इन राज्यों में बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है।
यह भी पढ़ेंः अचानक क्यों बढ़ने लगे कोविड-19 के केस? एक्सपर्ट ने बताया
कोविड-19 से दो मौतें
पिछले 24 घंटों में देश में कोविड-19 से संबंधित दो मौतें हुई हैं। कर्नाटक में 63 वर्षीय एक पुरुष की मृत्यु हुई, जो फेफड़ों की टीबी और मुंह के कैंसर से पीड़ित थे। उनकी कोविड-19 की स्थिति संयोगवश पॉजिटिव पाई गई थी। वहीं, केरल में 24 वर्षीय एक युवती की मृत्यु हुई, जो कोविड-19 के साथ-साथ सेप्सिस, उच्च रक्तचाप और डीकम्पेंसेटेड क्रॉनिक लिवर डिजीज (DCLD) से पीड़ित थी।
इसके अलावा, दिल्ली में 60 वर्षीय एक महिला की कोविड-19 से मृत्यु हुई है। यह दिल्ली में मौजूदा उछाल के दौरान पहली मौत है। अधिकारियों के अनुसार, महिला आंतों के गंभीर रोग से पीड़ित थी, और उनमें कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया।
कर्नाटक सरकार की ए़डवाइजरी
कर्नाटक में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि को देखते हुए, राज्य सरकार ने शनिवार को एक सार्वजनिक परामर्श जारी किया। इसमें लोगों से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनने, शारीरिक दूरी बनाए रखने और स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की गई है। सरकार ने लोगों से जिम्मेदाराना व्यवहार अपनाने और वायरस के प्रसार को रोकने में सहयोग करने को कहा है।
क्या है वजह
कोविड-19 के मामलों में अचानक वृद्धि ने स्वास्थ्य विशेषज्ञों को चिंतित कर दिया है। हालांकि, यह वृद्धि पहले की लहरों की तुलना में कम गंभीर है, फिर भी सावधानी बरतना जरूरी है। वायरस के लिए उचित मौसमी स्थिति और लोगों का एकत्र होना इस उछाल का कारण हो सकता है। इसके अलावा, नए वेरिएंट्स की संभावना पर भी नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें: ओमिक्रॉन से JN.1 तक, वायरस एक, वेरिएंट अनेक, कहानी कोविड म्यूटेशन की
सावधानी बरतने की जरूरत
स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकारें लोगों से सावधानी बरतने की अपील कर रही हैं। मास्क पहनना, नियमित रूप से हाथ धोना और भीड़-भाड़ वाली जगहों से बचना कुछ ऐसी सावधानियां हैं जो कोविड-19 के प्रसार को रोकने में मदद कर सकती हैं। खास तौर पर बुजुर्गों और पहले से बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।