logo

ट्रेंडिंग:

कारगिल विजय दिवस के 26 साल पूरे, वीर शहीदों कैसे याद कर रहा देश?

भारत आज 26वां कारिगल विजय दिवस मना रहा है। इस मौके पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, सेना प्रमुख समेत देश की तमाम बड़ी हस्तियों ने वीर शहीदों को याद किया।

Kargil Vijay Diwas

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, Photo Credit: PTI

भारत इस साल 26 वां कारगिल विजय दिवस मना रहा है।  26 जुलाई वही दिन है, जब भारत के वीर सैनिकों ने बर्फ से ढकी ऊंची चोटियों और दुश्मन की लगातार गोलीबारी के बीच कारगिल की पहाडियों पर तिरंगा लहराया था। 60 दिनों तक चले युद्ध में पाकिस्तान को मुंह की खानी पड़ी और भारत की विजय हुई। इस युद्ध में शहीद हुए जवानों को सम्मान देने के लिए हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू , प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम बड़ी हस्तियों ने वीर शहीदों को याद किया है। 

 

आज सुबह कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को याद करते हुए राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने एक सोशल मीडियो पोस्ट किया। उन्होंने लिखा, 'कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मैं मातृभूमि के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। यह दिवस हमारे जवानों की असाधारण वीरता, साहस और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है। देश के प्रति उनका समर्पण और सर्वोच्च बलिदान देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। जय हिन्द! जय भारत!'

 

यह भी पढ़ें-- जगदीप धनखड़ ने दिया इस्तीफा, कैसे होता है उपराष्ट्रपति का चुनाव?

प्रधानमंत्री ने शहीदों को किया याद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'देशवासियों को कारगिल विजय दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। यह दिन हमें मां भारती के उन वीर सपूतों के साहस और शौर्य की याद दिलाता है। देश के वीरों ने देश के आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मातृभूमि के लिए मर-मिटने का उनका जज्बा हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा। जय हिंद!'

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा,'कारगिल विजय दिवस पर, मैं उन वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश के सम्मान की रक्षा में असाधारण साहस, धैर्य और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। कारगिल युद्ध के दौरान उनका सर्वोच्च बलिदान हमारे सशस्त्र बलों के अटूट संकल्प की याद दिलाता है। भारत उनकी सेवा का सदैव कर्जदार रहेगा।'

 

यह भी पढ़ेंः किस्सा: राज्यपाल ने खेल किया, नीतीश सीएम बने, मगर 7 दिन नहीं टिके


राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कारिगल युद्ध में शहीद वीरों को याद किया। उन्होंने तिरंगे की फोटो के साथ लिखा, 'कारगिल विजय दिवस पर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को शत-शत नमन और अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत सदा उनका और उनके परिवारों का ऋणी रहेगा। जय हिंद!'

सेना प्रमुख ने शहीदों को किया याद

कारगिल विजय दिवस भारत सेना के शौर्य की गाथा गाता है। यह दिन हर भारतीय के लिए खास है। इसमें सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों को याद करते हुए भारतीय सेना के अध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, 'करगिल विजय दिवस भारतीय सेना के साहस, शौर्य का प्रतीक है। इस मौके पर हम वीरों को नमन करते हैं। '

 

उन्होंने यह भी कहा कि भारत के वीर जवानों के पराक्रम के कारण ही यह ऐतिहासिक जीत भारत को मिली। उन्होंने इस बात पर जोर दिया की देश की संप्रभुत्ता की रक्षा के लिए भारतीय सेना प्रतिबद्ध है।

अमित शाह ने क्या कहा?

देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस मौके पर शहीदों को याद किया। उन्होंने लिखा, 'कारगिल विजय दिवस देश के वीर जवानों के गौरव और विजयगाथा का दिन है। साल 1999 में हमारे जवानों ने 'ऑपरेशन विजय' से दुश्मनों को घुटनों पर ला कर साहस व पराक्रम की मिसाल पेश की। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर उन सभी शूरवीरों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। यह राष्ट्र आपके त्याग व बलिदान का सदैव कर्जदार रहेगा।'

यह भी पढ़ें: तलाक के बाद खाना छोड़ा, एक महीने सिर्फ बीयर पी; अब दुनिया से चल बसा

बॉलीवुड की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि

इस खास मौके पर बॉलीवुड की हस्तियों ने भी वीर शहीदों को याद किया। एक्टर अक्षय कुमार ने एक्स पर पहाड़ पर तिरंगा लहराते वीरों की फोटो शेयर कर लिखा, 'उन सभी वीरों को श्रद्धांजलि, जिन्होंने हमें ये आजादी, ये गर्व और ये शांति दी। जय हिंद' 

कारगिल युद्ध

कारगिल युद्ध की शुरुआत मई 1999 में हुई थी, जब घुसपैठियों ने चुपचाप नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय पोस्टों पर कब्जा कर लिया था। उन घुसपैठियों का मकसद श्रीनगर को लेह से जोड़ने वाले मुख्य रास्ते को बंद करना था लेकिन शायद वह भारत के वीरों के बारे में नहीं जानते थे। इस घुसपैठ के जवाब में भारत ने 'ऑपरेशन विजय' शुरू किया। दो महीने से ज्यादा समय तक चले इस संघर्ष में भारतीय सैनिकों ने दुर्गम पहाड़ी इलाकों में लड़ाई लड़ी और तब तक लड़ते रहे जब तक घुसपैठियों को बाहर नहीं निकाल दिया। 26 जुलाई 1999 के दिन भारत ने घुसपैठियों के कब्जे से अपनी हर पोस्ट को दोबार हासिल कर लिया था। इसी कारण हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता था। 

Related Topic:#Indian Army

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap