logo

ट्रेंडिंग:

'दुनिया को पता है...', ट्रेन हाइजैक के आरोप पर भारत का पाक को जवाब

भारत ने पाकिस्तान को नसीहत दी है कि वह दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने आंतरिक मसलों को हल करने पर ध्यान दे। इससे पहले, पाकिस्तान की ओर से आरोप लगाए गए थे कि बलूचिस्तान में हुए ट्रेन हाइजैक में भारत का हाथ है।

train hijack

ट्रेन हाइजैक के बाद छुड़ाए गए यात्री, Photo Credit: PTI

पाकिस्तान के बलूचिस्तान में ट्रेन हाइजैक के मामले ने दुनियाभर में चर्चा बटोरी है। आतंकवाद रोकने के मोर्चे पर लगातार नाकाम हो रहे  पाकिस्तान ने इशारों ही इशारों में भारत पर भी इसके आरोप लगा दिए। अब भारत ने इस पर सख्त प्रतिक्रिया दी है और पाकिस्तान को नसीहत दी है कि वह दूसरों पर आरोप लगाने के बजाय अपने गिरेबान में झांककर देखे। भारत ने यह भी कहा है कि दुनिया को यह बात पता है कि वैश्विक स्तर पर आतंकवाद का केंद्र कौन है। ट्रेन हाइजैक की इस घटना में अभी तक लगभग 5 दर्जन लोग मारे जा चुके हैं। हमला करने वाले आतंकवादियों के साथ-साथ 21 यात्री भी मारे गए हैं।

 

दरअसल, पाकिस्तान ने कहा था कि बलूचिस्तान में ट्रेन पर हमला करने वाले लोग अफगानिस्तान से आए थे और कथित तौर पर इन्हें भारत से मदद मिली थी। गुरुवार को पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता शफाकत अली खान ने कहा था, 'हमारी पॉलिसी में कोई बदलाव नहीं हुआ है और एक बार फिर से तथ्य भी नहीं बदलते हैं। पाकिस्तान में आतंकी गतिविधियों को स्पॉन्सर करने में भारत संलिप्त रहा है। इस घटना के बारे में मैं जो कह रहा था, उसका मतलब यह है कि हमारे पास कुछ ऐसी कॉल के सबूत हैं जिनके तार अफगानिस्तान से जुड़े हुए हैं।'

 

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में मिलिट्री कैंप पर आत्मघाती हमला, मारे गए हमलावर

 

आपको बता दें कि इस हमले के बाद से ही पाकिस्तान की सेना, सरकार और कुछ अन्य वर्ग इसका आरोप बिना नाम लिए ही भारत पर लगा रहे थे। अफगानिस्तान का नाम भी इसमें लिया गया था। इस पर अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी करके कहा, 'हम पाकिस्तानी सेना की ओर से लगाए गए इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं। हम पाकिस्तान से अपील करते हैं कि वह अपनी सुरक्षा और आंतरिक समस्याओं का हल निकालने पर ध्यान दे न कि दूसरों पर आरोप लगाने में अपना ध्यान लगाए।'

 

भारत ने क्या जवाब दिया?

 

पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आरोपों पर भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अब आधिकारिक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है, 'हम पाकिस्तान की ओर से लगाए गए आधारहीन आरोपों को सिरे से खारिज करते हैं। पूरी दुनिया को पता है कि वैश्विक आतंकवाद का केंद्र कहां पर है। पाकिस्तान को दूसरों पर उंगली उठाने और अपनी आंतरिक समस्याओं से जुड़ी नाकामयाबी की जिम्मेदारी किसी और पर डालने के बजाय अपने अंदर झांकना चाहिए।' 

 

यह भी पढ़ें- बलूचिस्तान vs पाकिस्तान: दोनों के रिश्ते 'खूनी संघर्ष' में कैसे बदले?

क्या है मामला?

 

दरअसल, यह पूरा मामला उस वक्त शुरू किया जब पाकिस्तान में काम करने वाले एक अलगाववादी गुट बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने 450 यात्रियों को ले जा रही एक ट्रेन जाफर एक्सप्रेस को हाइजैक कर लिया। इस हाइजैक में 33 आतंकवादियों के अलावा 4 सैनिक और 21 यात्री मारे गए। बता दें कि बलूचिस्तान में उठने वाले विद्रोह को लेकर पाकिस्तान बार-बार भारत पर आरोप लगाता रहा है कि यह सब भारत के इशारे पर होता है। हालांकि, भारत ने हर बार ऐसी किसी भी आरोप को खारिज किया है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap