logo

ट्रेंडिंग:

'मिनी पाकिस्तान है केरल', BJP नेता के बयान पर CPM क्यों घिर गई?

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने केरल को मिनी पाकिस्तान कहा था। इस पर अब बवाल बढ़ गया है। केरल के सीएम पिनराई विजयन ने नितेश राणे के इस्तीफे की मांग की है। वहीं, कांग्रेस ने CPI(M) को घेर लिया है।

nitesh rane and pinrai vijayan

बीजेपी नेता नितेश राणे और केरल के सीएम पिनराई विजयन। (फाइल फोटो)

केरल को 'मिनी पाकिस्तान' कहने पर बवाल बढ़ गया है। महाराष्ट्र सरकार में बीजेपी मंत्री नितेश राणे ने कहा था कि केरल मिनी पाकिस्तान है, इसलिए राहुल-प्रियंका यहां से जीतकर आते हैं। नितेश राणे के इस बयान को केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने 'उत्तेजक' और 'आपत्तिजनक' बताया है।

पिनराई विजयन ने क्या कहा?

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने नितेश राणे के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, 'महाराष्ट्र के मंत्री का बयान बताता है कि केरल को संघ परिवार क्या सोचता है। संघ परिवार का मानना है कि इस तरह के बयान देकर उन जगहों को अलग-थलग किया जा सकता है, जहां उसके लिए नियंत्रण कर पाना मुश्किल होता है। आश्चर्च की बात है कि देश पर शासन करने वाली पार्टी ने मंत्री के बयान पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।' उन्होंने नितेश राणे के इस्तीफे की मांग भी की है।

कांग्रेस ने क्या कहा?

कांग्रेस ने भी नितेश राणे की बयान की आलोचना की, लेकिन साथ ही साथ CPI(M) को भी घेरा। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, 'लोग जानना चाहते हैं कि क्या प्रधानमंत्री और केरल के मुख्यमंत्री का रुख एक जैसा है। ये CPI(M) ही है, जिसने बीजेपी के लिए सांप्रदायिक जहर उगलने का रास्ता बनाया।'


वेणुगोपाल ने भी कहा कि नितेश राणे को मंत्री पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी नितेश राणे के बयान के खिलाफ राजनीतिक और कानूनी लड़ाई लड़ेगी।

नितेश राणे ने क्या कहा था?

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया था। पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान नितेश राणे ने कहा था, 'केरल एक मिनी पाकिस्तान है। इसलिए राहुल गांधी और उनकी बहन वहां से जीतते आ रहे हैं। सभी आतंकवादी उन्हें वोट करते हैं। आतंकवादियों को साथ लेकर ही वो सांसद बने हैं।'

वायनाड से जीती हैं प्रियंका गांधी

केरल की वायनाड सीट से 2019 में राहुल गांधी चुनाव जीते थे। तब उन्होंने यहां 4 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। 2024 में भी राहुल ने वायनाड में जीत हासिल की, लेकिन इसके साथ ही वो रायबरेली से भी जीत गए। इसके बाद राहुल ने अमेठी सीट से इस्तीफा दे दिया। पिछले महीने हुए उपचुनाव में प्रियंका गांधी ने वायनाड में बड़ी जीत हासिल की। उन्होंने 4.10 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से चुनाव जीता था।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap