logo

ट्रेंडिंग:

भारत में बैठकर पाकिस्तान को दे रहा था खुफिया जानकारी, अब हुआ गिरफ्तार

हरियाणा के पानीपत से पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया से संदिग्ध जानकारी पाकिस्तान भेज रहा था।

symbolic image of arrest

सांकेतिक तस्वीर, photo credit: AI

पाकिस्तान भारत से खुफिया जानकारी प्राप्त करने के लिए अलग-अलग हथकंडे अपनाता रहता है। कुछ दिन पहले राजस्थान सीमा से पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और पंजाब पुलिस ने जासूसी के आरोप में ही एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। ऐसा ही एक मामला हरियाणा के पानीपत से भी आया है, जहां पुलिस ने एक युवक को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। उस पर आरोप है कि वह सोशल मीडिया ऐप के जरिए खुफिया जानकारी पाकिस्तान को भेज रहा था। पुलिस ने फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे इस मामले में जांच कर रही है। 

 

हरियाणा पुलिस भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखे हुए है। इसी दौरान एक नंबर से संदिग्ध जानकारी पाकिस्तान भेजे जाने की जानकारी पुलिस को मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मंगलवार को एक युवक को पानीपत से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक पाकिस्तान के किसी आतंकी के संपर्क में था। वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में अपने इस संपर्क को खुफिया जानकारी भेज रहा था। जांच में पता चला कि पकड़ा गया आरोपी नौमान इलाही मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कैराना का रहने वाला है। यहां एक फैक्ट्री में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।

 

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर: ड्रोन से लेकर मिसाइल तक, क्या-क्या चले सब जान लीजिए

 

पुलिस का शक सही निकला


पुलिस सोशल मीडिया पर नजर बनाए हुए थी। इस दौरान एक नंबर से संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को इस केस की जानकारी देते हुए पानीपत के एसएसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि गिरफ्तार युवक के खिलाफ शुरुआती जांच में आरोप सही मिले हैं। एसएसपी ने कहा, 'नौमान इलाही पाकिस्तान में कुछ लोगों के संपर्क में था और उन्हें संवेदनशील जानकारी शेयर कर रहा था।'

 

पुलिस ने इस गिरफ्तारी के बाद शुरुआती जांच की तो उन्हें आरोपी के पाकिस्तान में लोगों के संपर्क में होने की जानकारी मिली। जब एसएसपी गंगाराम पूनिया से पूछा गया कि इलाही किससे संपर्क में था, तो पुनिया ने कहा, 'ये चीजें जांच का हिस्सा हैं। हमने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और आगे की जांच जारी है।'

 

आरोपी नौमान इलाही मूल रूप से उत्तर प्रदेश के शामली जिले का रहने वाला है। उसकी बड़ी बहन जीनत की शादी पानीपत में हुई है। उसकी बहन अपने परिवार के साथ पानीपत की हॉली कॉलोनी में रहती है। नौकरी करने के लिए नौमान अपनी बहन के पास पानीपत में आ गया था और अब यहीं रहता था। 

 

यह भी पढ़ें: जेवर में लगेगा देश का छठा सेमीकंडक्टर प्लांट, केंद्र ने दी UP को सौगात

 

भारत पाकिस्तान के बीच तनाव 


भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद से ही तनाव जारी है। भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर जब ऑपरेशन सिंदूर चलाया था जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव जारी था। इस बीच 10 मई को दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम हो गया। इस तनाव के कारण हरियाणा पुलिस अलर्ट पर थी और सोशल मीडिया की गतिविधियों पर भी नजर बनाए हुए है। सोशल मीडिया पर अफवाह और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। 

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap