logo

ट्रेंडिंग:

दिल्ली समेत यूपी में दिखा 'चांद', कल देशभर में मनाई जाएगी ईद

ईद के चांद के दीदार के बाद रविवार को रमजान का पवित्र महीना खत्म हो गया। इस बार रमजान का महीना 29 दिन का रहा।

Eid 2025

ईद का चांद। Photo Credit (@KirenRijiju)

दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में रविवार शाम को ईद-उल-फितर का चांद आसमान में नजर आ गया। इसी के साथ रमजान का पवित्र महीना पूरा हो गया। इसके हिसाब से पूरे देश में सोमवार को ईद का पवित्र त्यौहार मनाया जाएगा। दिल्ली के चांदनी चौक स्थित फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने कहा कि रविवार शाम दिल्ली, उत्तर प्रदेश के कई शहरों, हरियाणा के मेवात, झारखंड और बिहार समेत देश के कई स्थानों पर ईद का चांद सामान्य तौर पर सबने देखा है।

 

उन्होंने कहा, 'लिहाजा शव्वाल (इस्लामी कलेंडर का 10वां) महीने का पहला दिन सोमवार 31 मार्च को है। शव्वाल महीने के पहले दिन ईद का त्यौहार मनाया जाता है।' मुस्लिम संगठन इमारत-ए-शरीया-हिंद ने भी एक बयान में दिल्ली समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में ईद का चांद दिखने की पुष्टि की।

 

ईद-उल-फितर की विशेष नमाज अदा होगी

 

बयान में संगठन की रुअत-ए-हिलाल कमेटी (चांद समिति) के सचिव मौलाना नजीबुल्लाह कासमी के हवाले से कहा गया है कि ऐलान किया जाता है कि शव्वाल के महीने की शुरुआत सोमवार 31 मार्च से होगी और कल सुबह ईद-उल-फितर की विशेष नमाज अदा की जाएगी।

 

इस बार रमजान का महीना 29 दिन का

 

ईद के चांद के दीदार के बाद रविवार को रमजान का पवित्र महीना खत्म हो गया। इस बार रमजान का महीना 29 दिन का रहा। हालांकि पिछले साल यह महीना 30 दिन का था। इससे पहले 2022 और 2021 में भी यह पवित्र महीना 30-30 दिन का था।

 

चांद दिखने पर निर्भर करता महीना 

 

इस्लामी कलेंडर के मुताबिक, एक महीने में 29 या 30 दिन होते हैं जो चांद दिखने पर निर्भर करता है। रमज़ान के महीने में रोज़ेदार सुबह सूरज निकलने से पहले से लेकर सूरज डूबने तक कुछ नहीं खाते पीते हैं। यह महीना ईद का चांद नजर आने के साथ खत्म होता है।

 

यह भी पढ़ें: बिहार पहुंचे अमित शाह, नीतीश के घर NDA की बैठक; चिराग ने दिया बयान

 

दान जरूर अदा करना चाहिए

 

मुफ्ती मुकर्रम ने लोगों को ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि संपन्न लोगों को ईद की नमाज से पहले ‘फित्रा’ (दान) जरूर अदा करना चाहिए। उन्होंने लोगों से ‘फित्रा’ (दान) देने की गुजारिश करते हुए कहा कि सक्षम लोग अपने परिवार के सदस्यों की ओर से प्रत्येक का 2.45 किलोग्राम गेंहू या आटे की कीमत के हिसाब से ‘फित्रा’ निकालें यानी हर सदस्य की तरफ से 75 रुपये का दान करें ताकि गरीब लोग भी त्यौहार मना सकें।

 

शाही इमाम मुकर्रम ने कहा कि वह दुआं करते हैं कि अल्लाह करे पूरे देश में हर त्यौहार खुशियों के साथ आए और अमन का पैगाम लाए। उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की कि लोग सादगी से ईद मनाएं, फित्रा दें, गरीबों का ख्याल रखें और फिजूलखर्ची से बचें। 

Related Topic:#Eid

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap