नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने रविवार को खालिस्तानी समर्थक कश्मीर सिंह गलवड्डी को गिरफ्तार कर लिया। कश्मीर सिंह खालिस्तानी संगठन बब्बर खालसा के आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा से जुड़ा था। वह 2016 में पंजाब की नाभा जेल से भागने वालों में से एक था। कश्मीर सिंह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। NIA ने उसे रविवार को बिहार के मोतीहारी से गिरफ्तार किया।
NIA ने बयान जारी कर बताया कि जेल से भागने के बाद कश्मीर सिंह रिंदा समेत कई खालिस्तानी आतंकियों के संपर्क में था।
जांच एजेंसी ने बताया कि कश्मीर सिंह नेपाल में बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) और रिंदा की टेरर गैंग का अहम सदस्य था। वह खालिस्तानी आतंकियों को पनाह देने और फंडिंग करने में मदद करता था। एजेंसी के मुताबिक, भारत में कई आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के बाद यह आतंकी नेपाल भाग गए थे। इन आतंकियों ने जिन हमलों को अंजाम दिया था, उसमें पंजाब पुलिस हेडक्वार्डर पर ग्रेनेड अटैक भी शामिल है।
बब्बर खालसा, खालिस्तान लिबरेशन फोर्स (KLF) और इंटरनेशनल सिख यूथ फेडरेशन (ISYF) जैसे संगठनों की आतंकी गतिविधियों की जांच के लिए NIA ने अगस्त 2022 में केस दर्ज किया था।
यह भी पढ़ें-- PAK को कितना नुकसान? इंडियन एयरफोर्स ने जारी की तस्वीरें; दिखी तबाही
जांच में क्या सामने आया?
NIA ने बताया कि जांच में सामने आया है कि यह आतंकवादी संगठन आपराधिक गिरोहों के साथ मिलकर भारत के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सीमा पार से हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक और IED जैसी चीजों की तस्करी में लगे थे।
10 लाख का इनाम था गलवड्डी पर
2022 के आतंकी साजिश मामले में NIA की स्पेशल कोर्ट ने गलवड्डी को भगोड़ा घोषित कियाा था। उसके खिलाफ कई गैर-जमानती वारंट भी जारी किए थे। NIA ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम भी रखा था।
जुलाई 2023 में NIA ने एक मामले में हरविंदर सिंह संधू और खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह उर्फ लांडा समेत 9 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। अगस्त 2024 में NIA ने लांडा के भाई तरसेम सिंह को UAE से प्रत्यर्पित किया था।