विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को राज्य सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक विदेशी दौरों पर हुए खर्चों की जानकारी दी। पीएम मोदी के विदेशी दौरों पर हुए खर्चों की जानकारी तृणमूल कांग्रेस के राज्ससभा सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने मांगी थी। डेरेक ओ'ब्रायन के सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने प्रधानमंत्री के 2021 से 2025 तक के विदेशी दौरों पर हुए खर्चों का विवरण दिया।
विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह बताया कि 2021-25 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं पर सरकार ने लगभग 362 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। अकेले 2025 में, अमेरिका और फ्रांस की हाई-प्रोफाइल यात्राओं सहित पांच देशों की उनकी यात्राओं पर 67 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए हैं। हालांकि, प्रधानमंत्री ने 2025 में 8 और देशों की यात्रा की है लेकिन इसका बिल सैटलमेंट प्रक्रिया में होने के कारण आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं। इसमें पीएम का मॉरीशस, साइप्रस और कनाडा जैसे देशों की यात्राएं शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: सांसदों के लिए अलग से होगा रेलवे बुकिंग ऐप, खासियत क्या होगी? सब जानिए
फ्रांस की यात्रा सबसे महंगी
सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में प्रधानमंत्री की सबसे महंगी यात्रा फ्रांस की थी। उनके अकेले फ्रांस दौरे पर 25 करोड़ रुपये से ज्यादा और अमेरिका की यात्रा पर 16 करोड़ रुपये से ज्यादा पैसे का खर्च हुए। विदेश मंत्रालय ने जानकारी में बताया है कि 2024 में प्रधानमंत्री मोदी के रूस और यूक्रेन सहित 16 देशों की यात्राओं पर 109 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। इसके अलावा 2023 में लगभग 93 करोड़ रुपये, 2022 में 55.82 करोड़ रुपये और 2021 में 36 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

पीएम के 2023 की यात्राओं का विवरण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2023 में अमेरिका की यात्रा की थी। इस यात्रा में पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी। अमेरिकी यात्रा पर सरकार ने 22 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए थे। सरकार ने बताया है कि इन राजकीय दौरों में व्यापार, निवेश और सुरक्षा पर चर्चा होती है, जो भारत के विकास और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण हैं।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के कार्यकाल के 4,077 दिन पूरे, टूट गया इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड
विरेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के 2021 के विदेशी दौरों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस साल पीएम ने अमेरिका, बांग्लादेश, इटली और इंग्लैंड सहित अन्य देशों की यात्राएं की थीं। 2021 में पीएम के अमेरिका के दौरे पर 19 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुए थे। इसके अलावा बताया गया है कि 2022 में पीएम ने जर्मनी और जापान की यात्रा की थी। इसमें उनकी जर्मनी की यात्रा पर 9 करोड़ रुपये और जापान की यात्रा पर 8 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च हुए थे।
इन खर्चों मे यात्राओं से जुड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों, विज्ञापन और प्रसारण लागतों का भी खर्च शामिल है।