आज 79वां स्वतंत्रता दिवस है। लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को संबोधित किया। लाल किले की प्राचीर से यह लगातार 12वीं बार है, जब पीएम मोदी ने संबोधित किया। इसके साथ ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इंदिरा गांधी ने लाल किले से लगातार 11 बार संबोधित किया था। पीएम मोदी अब सिर्फ पूर्व पीएम जवाहरलाल नेहरू से ही पीछे हैं। जवाहरलाल नेहरू ने 17 बार लाल किले से भाषण दिया था।
इंदिरा गांधी जनवरी 1966 से मार्च 1977 और जनवरी 1980 से अक्टूबर 1984 तक प्रधानमंत्री थीं। इस दौरान उन्होंने कुल 16 बार लाल किले से भाषण दिया था। वहीं, भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने 15 अगस्त के मौके पर 17 बार भाषण दिया था। उनके बाद प्रधानमंत्री बने लाल बहादुर शास्त्री ने 1964 और 1965 के स्वतंत्रता दिवस पर संबोधन दिया था।
इमरजेंसी के बाद जब मोरारजी देसाई पीएम बने तो उन्होंने भी लाल किले से दो बार भाषण दिया था। उनके जाने के बाद पीएम बने चौधरी चरण सिंह ने सिर्फ एक बार 1979 में ही लाल किले से भाषण दिया था।
राजीव गांधी से मनमोहन तक
इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनके बेटे राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने थे। राजीव गांधी ने लाल किले की प्राचीर से 5 बार भाषण दिया था। वीपी सिंह ने भी सिर्फ एक बार 1990 के स्वतंत्रता दिवस समारोह पर लाल किले से भाषण दिया था। वहीं, पीवी नरसिम्हा राव ने 1991 से 1995 तक लगातार चार बार भाषण दिया था।
एचडी देवेगौड़ा ने 1996 और इंद्र कुमार गुजराल ने 1997 के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से देश को संबोधित किया था। वहीं, मार्च 1998 से मई 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 बार भाषण दिया था। मनमोहन सिंह ने 2004 से 2014 के बीच लगातार 10 बार लाल किले से भाषण दिया था। पीएम मोदी ने पिछली साल मनमोहन सिंह का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
यह भी पढ़ें-- बंटवारे और आजादी के 78 साल, कितने अमीर हो पाए भारत-पाकिस्तान?
पिछली बार दिया था 98 मिनट का भाषण
पीएम मोदी ने 2024 के 15 अगस्त पर लाल किले से 98 मिनट का भाषण दिया था। यह भारत के इतिहास में पहली बार था, जब किसी प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त पर इतना लंबा भाषण दिया था। इसके साथ ही पीएम मोदी ने लाल किले से सबसे लंबा भाषण देने का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया था। पीएम मोदी ने अपना सबसे लंबा भाषण 2016 में दिया था। तब उन्होंने 96 मिनट का भाषण दिया था।
लाल किले से पीएम मोदी ने पहली बार 2014 में देश को संबोधित किया था। तब उन्होंने 65 मिनट की स्पीच दी थी। 2015 में उनका भाषण 88 मिनट का था।
2018 में पीएम मोदी ने 83 मिनट, 2019 में 92 मिनट और 2020 में 90 मिनट का भाषण दिया था। 2021 में पीएम मोदी ने 81 मिनट का भाषण दिया था। वहीं, 2022 में उनका भाषण 74 मिनट और 2023 में 90 मिनट तक चला था।
आजादी मिलने के बाद 1947 में जब जवाहरलाल नेहरू ने भाषण दिया था, तो उन्होंने 72 मिनट तक संबोधित किया था।