बीजेपी ने सोमवार को लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर नया साल मनाने के लिए वियतनाम की यात्रा पर चले जाने का आरोप लगाया। पार्टी ने साथ ही कांग्रेस नेता पर पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के कुछ ही दिन बाद विदेश यात्रा करने और उनका अपमान और दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।
दरअसल, बीजेपी का राहुल गांधी के ऊपर ये आरोप ऐसे समय में लगाया गया है जब कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार पर मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार उनके स्मारक के लिए निर्धारित जगह पर नहीं करके अपमान करने की बात कह रही है।
राहुल गांधी विदेश चले गए- बीजेपी
बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा,'जब पूरा देश प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा है, राहुल गांधी नए साल का स्वागत करने के लिए विदेश चले गए हैं। देश सात दिनों का शोक मना रहा है। कांग्रेस को डॉ. मनमोहन सिंह की कोई परवाह नहीं है। उन्होंने उनके जीवनकाल में उनका अपमान किया और उन्हें गाली दी। वे अब भी ऐसा कर रहे हैं। कल कोई भी उनकी अस्थियां लेने नहीं गया। कांग्रेस ने मनमोहन सिंह को भारत रत्न देने से भी इनकार कर दिया। यह उनका असली चेहरा है।'
हालांकि, देश की सबसे पुरानी पार्टी ने कहा है कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व प्रधानमंत्री सिंह के परिवार और रिश्तेदारों की निजता का सम्मान करते हुए उनकी अस्थियों को चुनने और विसर्जित करने के लिए परिवार के साथ नहीं गए। साथ ही कांग्रेस ने कहा कि हमारे प्रिय दिवंगत नेता के अंतिम संस्कार के बाद सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने उनके घर जाकर परिवार से मुलाकात की।
बीजेपी ने राहुल गांधी को पर्यटन का नेता कहकर संबोधित किया। शहजाद पूनावाला ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने विपक्ष के नेता का मतलब विपक्ष के नेता से बदलकर 'पर्यटन' के नेता और पार्टी के नेता कर दिया है। ऐसे समय में जब देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक में है, राहुल गांधी पर्यटन और पार्टी करने के लिए निकल पड़े हैं। उन्हें मनमोहन सिंह के निधन की कोई चिंता नहीं है।
अमित मालवीय का राहुल हमला
वहीं, बीजेपी नेता अमित मालवीय ने कहा, 'जब पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक मना रहा था, तब राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने वियतनाम गए हुए हैं। राहुल गांधी ने अपनी सुविधानुसार राजनीति के लिए डॉ. सिंह की मौत का राजनीतिकरण किया और उसका फायदा उठाया, लेकिन उनके प्रति उनकी घृणा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। गांधी परिवार और कांग्रेस सिखों से नफरत करते हैं। यह कभी न भूलें कि इंदिरा गांधी ने दरबार साहिब का अपमान किया था।'
कांग्रेस का बीजेपी पर पलटवार
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने बीजेपी के आरोपों को दरकिनार करते हुए पलटवार किया है। टैगोर ने कहा, 'संघी लोग कब अपनी मुद्दों से भटकाने की राजनीति' बंद करेंगे? जिस तरह से पीएम मोदी ने डॉ. साहब को यमुना किनारे दाह संस्कार के लिए जगह नहीं दी और जिस तरह से उनके मंत्रियों ने डॉ. साहब के परिवार को किनारे लगाया, वह शर्मनाक है। अगर राहुल गांधी निजी तौर पर यात्रा करते हैं तो आपको इससे क्या परेशानी है? नए साल में स्वस्थ हो जाइए।'