logo

ट्रेंडिंग:

त्योहारों पर 12 हजार स्पेशल ट्रेन कैसे चलेंगी? रेलवे का गणित समझ लीजिए

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दीवाली-छठ पर 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इस पर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है। सवाल भी उठ रहे हैं। ऐसे में इसका पूरा गणित समझ लीजिए।

special trains

प्रतीकात्मक तस्वीर। (PTI/AI Generated Image)

दीवाली और छठ पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसका ऐलान किया है। उन्होंने बुधवार को ऐलान किया है कि दीवाली और छठ पर बिहार आने वालों के लिए 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि बिहार, उत्तर प्रदेश और झारखंड के लिए दो महीने में यह स्पेशल ट्रेनें चलेंगीं

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यह भी बताया कि कई हिस्सों में बुद्ध सर्किट ट्रेनें भी चलेंगी। ये ट्रेनें वैशाली, हाजीपुर, सोनपुर, पटना, फतुहा, राजगीर, गया होते कोडरमा जाएंगी।

 

उन्होंने घोषणा की कि पटना को चारों तरफ से रेल नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि दीवाली और छठ पर रिटर्न टिकट करने वाले यात्रियों का किराया 20% कम लगेगा।

 

 

मगर केंद्र सरकार की इस घोषणा पर सवाल भी उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर इस बात पर बहस छिड़ गई है कि जब भारत में 13 हजार के आसपास ही ट्रेनें हैं तो बिहार के लिए 12 हजार स्पेशल ट्रेनें कहां से चलाई जाएंगी?

रेल मंत्री ने क्या-क्या घोषणा की?

  • स्पेशल ट्रेन: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने घोषणा की है कि बिहार के लोगों की सुविधा के लिए दीवाली और छठ पर 12 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
  • नई ट्रेनें शुरू होंगी: दिल्ली-गया, सहरसा-अमृतसर, छपरा-दिल्ली और मुजफ्फरपुर-हैदराबाद के बीच 4 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू की जाएंगी।
  • वंदे भारत ट्रेन: उन्होंने कहा कि पूर्णिया और पटना के बीच वंदे भारत ट्रेन शुरू होगी। साथ ही नालंदा और राजगीर जैसी जगहों के लिए एक बुद्ध सर्किट ट्रेन भी शुरू की जाएगी।
  • किराये में छूट: उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच जाते हैं और 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच वापस आते हैं तो किराये में 20% की छूट मिलेगी।

यह भी पढ़ें-- ट्रेन का किराया 2 पैसे बढ़ने से कितनी महंगी होगी आपकी टिकट? समझिए

लेकिन इस पर सोशल मीडिया पर बहस क्यों?

रेल मंत्री बिहार के लिए 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इस पर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई है। कई यूजर्स ने इस पर सवाल उठाए हैं।

 

यूजर्स का कहना है कि भारत में कुल 13 हजार ट्रेनें चलती हैं और सरकार 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाने का दावा कर रही है। एक यूजर ने लिखा, 'भारत में कुल ट्रेनें 13 हजार। दीवाली-छठ में स्पेशल ट्रेन चला दी 12 हजार। रेलवे की हालत ऐसी है कि घर में जितनी गाड़ियां हैं, सब शादी में भेज दो, बाकी चलाओ जुगाड़ से'

 

 

एक यूजर ने लिखा, 'दीपावली और छठ के अवसर पर बिहार सहित देशभर में 12 हजार स्पेशल पैसेंटर ट्रेनें चलाई जाएंगी। आजादी से लेकर अब तक भारत का कुल रेलवे नेटवर्क 13,000 पैसेंजर ट्रेन का ही है लेकिन एक ही बार में एक साथ 12,000 नई ट्रेन वो भी अगले 3 महीने में। गिनीज रिकॉर्ड वालों के हाथ कांप रहे हैं यह सुनकर'

 

 

वहीं, एक और यूजर ने लिखा, 'दीवाली और छठ के मद्देनजर बिहार के लिए 12 हजार विशेष ट्रेन चलाने का ऐलान हुआ है। फैक्ट यह है कि देश में करीब 23 हजार ट्रेनें ही संचालित होती हैं। इनमें से 13 हजार ही यात्री ट्रेनें हैं। बाकी माल गाड़ी हैं। 12 हजार ट्रेन कैसे दौड़ेंगी?'

 

 

पंकज यादव नाम के एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा कि 12 हजार कुछ कम नहीं है। उसने लिखा, 'दीवाली और छठ पर 12 हजार स्पेशल ट्रेनें चलाएगी रेलवे। रेल मंत्री जी 12 हजार कुछ कम नहीं है?'

 

 

सोशल मीडिया पर अश्विनी वैष्णव के स्पेशल ट्रेन चलाए जाने के ऐलान पर तमाम यूजर्स यही दावा कर रहे हैं। उनका सवाल यही है कि जब 13 हजार ट्रेनें ही हैं तो 12 हजार स्पेशल ट्रेन कैसे चल सकती हैं?

 

यह भी पढ़ें-- 3 बिलों में ऐसा क्या है कि विपक्ष ने फाड़ दी कॉपी? हंगामे की पूरी वजह

क्या है इसकी सच्चाई?

दरअसल, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जो '12,000 स्पेशल ट्रेनों' का ऐलान किया है, वह ट्रेनों की संख्या नहीं, बल्कि ट्रिप्स हैं।

 

असल में होता यह है कि हर साल ही सरकार होली, दीवाली और छठ जैसे त्योहारों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान करती है। यह असल में संख्या नहीं, बल्कि ट्रिप्स होती हैं। इसका मतलब हुआ कि 12 हजार ट्रेन नहीं चलेगी, बल्कि यह ट्रिप होगी।

 

इसे ऐसे समझ लीजिए कि कोई ट्रेन दिल्ली से बिहार जा रही है और फिर बिहार से दिल्ली आ रही है तो इसे दो ट्रिप माना जाएगा।

 

8 अगस्त को ही राज्यसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया था कि 2024 और 2025 में रेलवे ने हर साल 13,500 स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं। उन्होंने बताया था कि पिछले साल 1 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच दुर्गा पूजा, दीवाली और छठ पूजा के लिए स्पेशल ट्रेनों की 7,990 ट्रिप्स हुई थीं। इसमें 1.8 करोड़ से ज्यादा यात्रियों ने सफर किया था।

 

 

उन्होंने बताया था कि महाकुंभ के दौरान रेलवे ने 17,300 से ज्यादा ट्रेनें चलाई थीं। इनमें 7,484 स्पेशल ट्रेनें थीं। इन ट्रेनों से 4.24 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की थी।

 

तना ही नहीं, रेल मंत्रालय की रिपोर्ट बताती है कि 2024 में रेलवे ने 21,513 स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं। अब इसमें स्पेशल ट्रेनों की 13,523 ट्रिप्स होली और गर्मियों की छुट्टियों के दौरान पीक सीजन में चलाई गई थीं। जबकि 7,990 ट्रिप्स दुर्गा पूजा, दीवाली और छठ पूजा के दौरान हुई थीं।

कितनी ट्रेनें चलाता है रेलवे?

भारत में दुनिया का चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क है, जो लगभग 70 हजार किलोमीटर में फैला हुआ है। रेल मंत्रालय के मुताबिक, अभी भारत में 13 हजार से ज्यादा ट्रेनें चलती हैं। इनमें 4,111 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें हैं। वहीं 3,313 पैसेंजर ट्रेन और 5,774 लोकल ट्रेनें हैं।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap